शारदीय नवरात्रों के चौथे दिन शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में दिनभर श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही। माता रानी के दर्शनों के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी रहा। हालांकि, पिछले दिनों की तुलना में लंबी कतारें देखने को नहीं मिलीं, जिसके चलते श्रद्धालुओं ने बिना किसी परेशानी के आरामदायक तरीके से मां के दरबार में माथा टेका और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए मंगलकामना की। मंगलवार का दिन होने के कारण स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी मां चिंतपूर्णी के दरबार में हाजिरी लगाई। दिनभर मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते हुए दर्शन के लिए पहुंचते रहे। लंबी लाइनें न होने के कारण श्रद्धालुओं को दर्शन करने में अधिक समय इंतजार नहीं करना पड़ा। नवरात्रों के दौरान मां के दरबार में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ से पूरा चिंतपूर्णी क्षेत्र भक्तिमय नजर आ रहा है।