फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ऊना: कड्ड स्कूल में चुनाव साक्षरता क्लब ने करवाई निबंध और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कड्ड में चुनाव साक्षरता क्लब (ELC) के तत्वावधान में निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था, मतदान के महत्व और निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना रहा। निबंध प्रतियोगिता में नौवीं, दसवीं, ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षा के कुल 17 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसमें श्रुति ठाकुर और कनिका का चयन किया गया। वहीं, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मनजीत और जानवी को आगामी विधानसभा स्तर की प्रतियोगिता के लिए चुना गया। विद्यालय में आयोजित यह प्रतियोगिता 2 नवंबर से 20 नवंबर तक चलने वाली विभिन्न चरणों की प्रतियोगिताओं का हिस्सा है। इसके तहत 7 नवंबर को स्कूल एवं कॉलेज स्तर, 13 नवंबर को विधानसभा स्तर और 20 नवंबर को जिला स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। निबंध प्रतियोगिता का विषय 'मतदान का महत्व एवं शुद्ध मतदाता सूची का महत्व' रखा गया था। वहीं, प्रश्नोत्तरी में मतदाता सूची का निर्माण, बीवीपैट, मतदान प्रक्रिया और मतगणना प्रक्रिया से जुड़े सवाल शामिल किए गए। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं संयोजक अश्विनी कुमार धीमान ने बताया कि भारतीय निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को चुनाव प्रक्रिया की सही जानकारी देना और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति शिक्षित करना है। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य के मतदाता हैं। ऐसे में उन्हें यह जानकारी होना जरूरी है कि भारतीय निर्वाचन आयोग किस प्रकार निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से चुनाव करवाता है। उन्होंने कहा कि मतदान केवल कानूनी अधिकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी भी है। अपने मताधिकार का सही और जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करके ही आदर्श भारत के सपने को साकार किया जा सकता है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए भी प्रेरित करती हैं। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापक अनिल कुमार, राकेश कुमार, ममता भारती, अजय कुमार, रणजीत सिंह, विनोद कुमार, कंचन वाला, प्रवीण कुमारी, प्रवीण कुमार, अंजली शर्मा, राजीव कुमार, मंजीत कौर और राजकुमारी सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें