सोलन पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में नशीला पदार्थ बरामद किया है। इस दौरान चार युवकों को पकड़ा गया है। पुलिस मामलों की जांच कर रही है। एएसपी सोलन रमेश शर्मा ने कहा कि पुलिस थाना सदर सोलन की टीम ने एक गाड़ी की जांच की। गाड़ी में सवार तीन युवकों के कब्जे से 4.67 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर लिया है। तीनों आरोपियों को नियमों के तहत नोटिस जारी किया गया है। धर्मपुर क्षेत्र में पुलिस टीम ने एक टैक्सी की जांच की। टैक्सी में सवार एक युवक के कब्जे से 14.35 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। उन्होंने कहा कि आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी ने यह टैक्सी सोलन से चंडीगढ़ और वापसी के लिए किराये पर ली थी। पुलिस सभी आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है।