उपभोक्ताओं को उचित दाम पर सीमेंट उपलब्ध करवाने की हिमफेड की पहल का अब विस्तार होने जा रहा है। जमटा और सराहां के बाद जिला मुख्यालय नाहन में भी सीमेंट बिक्री शुरू करने की तैयारी है। अगले माह क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय के समीप स्थित हिमफेड के गोदाम से सीमेंट की बिक्री शुरू की जाएगी। हिमफेड के निदेशक राजीव ठाकुर ने बताया कि जमटा में सीमेंट बिक्री को उपभोक्ताओं का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। यहां अब तक चार हजार से अधिक सीमेंट बैग की बिक्री हो चुकी है। इससे हिमफेड की पहल को लोगों का समर्थन मिलने का संकेत है। उन्होंने बताया कि सराहां में सीमेंट बिक्री के लिए स्टोर और लेबर की व्यवस्था से जुड़ी दिक्कतें सामने आ रही हैं। हालांकि, यहां एक गाड़ी सीमेंट की बिक्री हो चुकी है। व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। नाहन में बिक्री शुरू होने के बाद शहर और आसपास के क्षेत्रों में निर्माण कार्य करवाने वाले लोगों को सीमेंट खरीदने का एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। हिमफेड की ओर से सीमेंट बिक्री का उद्देश्य उपभोक्ताओं को बाजार की तुलना में उचित दाम पर सीमेंट उपलब्ध करवाना है।