पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामपुर में वीरवार को संविधान दिवस मनाया गया। प्रधानाचार्य यशपाल ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों को भारतीय संविधान के महत्व और उसमें निहित मूल्यों के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। इसके साथ ही संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों और कर्तव्यों का पालन करने की शपथ ली। शपथ ग्रहण की प्रक्रिया अनमोल भूषण ने संपन्न करवाई, जबकि शबनम डोगरा ने संविधान के महत्व पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम की नोडल अधिकारी एवं राजनीति विज्ञान की प्रवक्ता बबीता चौहान ने विद्यार्थियों को संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान में दिए गए अधिकारों के साथ-साथ नागरिकों की जिम्मेदारियों को भी समझने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व जैसे संवैधानिक आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति सम्मान रखने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संदेश दिया गया।