जोगिंद्रनगर (मंडी)। शानन जल विद्युत परियोजना सहित पंजाब के पांच हाईडल प्रोजेक्टों में कार्यरत नॉन टेक्निकल आउटसोर्स कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर पंजाब सरकार और पंजाब राज्य विद्युत बोर्ड के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को जोगिंद्रनगर स्थित शानन प्रोजेक्ट में ठेका मुलाजिम संघर्ष मोर्चा के बैनर तले कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन कर आक्रोश रैली निकाली और जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों ने लंबित मांगों को जल्द पूरा नहीं करने पर परियोजना में काम बंद करने की चेतावनी भी दी। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से विभिन्न हाईडल प्रोजेक्टों में सेवाएं दे रहे आउटसोर्स कर्मचारियों की स्थायी नियुक्ति की मांग को लगातार अनसुना किया जा रहा है। संघर्ष मोर्चा के अनुसार पंजाब के तलवाड़ा, पठानकोट, शाहपुर कंडी, आनंदपुर साहिब और हिमाचल के जोगिंद्रनगर स्थित शानन प्रोजेक्ट में कुल 365 नॉन टेक्निकल आउटसोर्स कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें से 310 कर्मचारियों को पंजाब सरकार ने स्थायी नियुक्ति दी है, जबकि 55 कर्मचारियों को स्थायी नियुक्ति की नीति से बाहर रखा गया है।