मनाली। नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा से हुई भारी जनहानि पर मनाली में नेपाली समुदाय ने गहरा दुख व्यक्त किया। मूल प्रवाह अखिल भारत नेपाली एकता समाज की ओर से आपदा में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए शोकसभा और श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने कैंडल मार्च निकालकर दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और आपदा में प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। कैंडल मार्च के दौरान लोगों ने दिवंगतों को याद करते हुए इस त्रासदी से प्रभावित परिवारों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। नेपाली एकता समाज के अध्यक्ष रतन लाल पुन ने कहा कि नेपाल में आई इस त्रासदी से भारी जनहानि हुई है। इस क्षति की भरपाई कभी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि आपदा में अपने परिवार के सदस्यों को खोने वाले लोगों का दुख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता।