हमीरपुर। जिले में इस माह सरकारी राशन लेने वाले उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने उचित मूल्य की दुकानों के संचालकों को 25 नवंबर तक ही राशन वितरण करने के निर्देश जारी किए हैं। इसके बाद राशन वितरण की सेल बंद कर दी जाएगी। ऐसे में जिन उपभोक्ताओं को अभी तक इस माह का राशन नहीं मिला है, उनके सामने तय समय सीमा में राशन लेने की चुनौती खड़ी हो गई है। आरसीएमएस में बदलाव किए जाने के चलते राशन वितरण की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। प्रदेश डिपो संचालक समिति के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कवि ने बताया कि जिन डिपुओं में राशन पहुंच चुका है, वहां भी सर्वर की समस्या के कारण संचालक उपभोक्ताओं को राशन वितरित नहीं कर पा रहे हैं।