नैनीखड्ड क्षेत्र में पिछले एक महीने से गांवों की महिलाओं की ओर से मंदिरों और कस्बे में निकाली जा रही प्रभात फेरियों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। सुबह ब्रह्म मुहूर्त में महिलाओं की ओर से गाए जा रहे माता रानी और भगवान श्रीकृष्ण के भजनों से क्षेत्र में भक्ति की अनूठी छटा बिखर रही है। इस धार्मिक आयोजन में अब नैनीखड्ड कस्बे के व्यापार मंडल से जुड़े परिवारों की महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। रजनी गुप्ता, अंजू गुप्ता, स्नेहा गुप्ता, सुमन भंडारी, रमा, शिल्पा, सोनिया, कांता, संतोषी और सुनीता ने गांवों से प्रभात फेरी में शामिल होने पहुंच रही महिलाओं का उत्साहपूर्वक साथ दिया। उन्होंने माता रानी और राधा-कृष्ण के भजन गाकर माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया। महिलाओं ने भजन-कीर्तन के माध्यम से धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ आपसी सहयोग और सामाजिक एकजुटता का संदेश भी दिया। सुबह-सुबह भजनों की गूंज से कस्बे का वातावरण कृष्णमय नजर आया। इस दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।