संविधान दिवस के अवसर पर बुधवार को उपायुक्त कार्यालय के समीप स्थापित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और सदस्यों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान आयोजित संगोष्ठी में बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष, विचारों और भारतीय संविधान के निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व पर आधारित समाज की स्थापना के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उनके विचार आज भी समाज को सही दिशा दिखाने के साथ सामाजिक समरसता और समानता की प्रेरणा देते हैं। वक्ताओं ने बाबा साहेब के संघर्ष और संविधान निर्माण में उनकी भूमिका को याद करते हुए उनके विचारों को जीवन में अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में अंबेडकर मिशन सोसायटी चंबा के अध्यक्ष योगेश्वर अहीर, अंबेडकर सेवानिवृत्त एवं वरिष्ठ नागरिक एसोसिएशन चंबा के अध्यक्ष मनोहर हितेषी और श्री गुरु रविदास महासभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जितेश्वर सूर्या सहित अन्य सदस्यों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर अरुण डालिया, जितेंद्र चंद्रा, शिवचरण चंद्रा, भूपेंद्र कायस्थ, तरसेम चौहान, तेज लाल अहीर, शिवकरण चंद्रा, कैलाश भट्ट और अजीत चंद्रा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।