गांव टांडा हेड़ी में मंगलवार को कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने स्वतंत्रता सेनानी चौधरी हजारीलाल के नाम पर सड़क का नामकरण कर लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी को नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए महानायकों का त्याग और बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनका संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देता रहेगा। डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि सड़क का नामकरण स्वतंत्रता सेनानी चौधरी हजारीलाल के संघर्ष, देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे युवाओं को स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को जानने और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों की गौरवशाली विरासत को सहेजना और उनके सपनों का भारत बनाना हम सभी का दायित्व है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान और उनकी विरासत के संरक्षण को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रदेश सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास के साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने गांव के मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। इस अवसर पर कपूर सिंह दलाल, आजाद दलाल, रणधीर दलाल, धर्मपाल वशिष्ठ, भगत लाल सरपंच सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।