चारपाई तो आपने खूब देखी होगी, लेकिन ऐसी चारपाई शायद ही कभी देखी हो, जिस पर एक साथ 100 लोग बैठ सकें। बादली क्षेत्र के सोंधी गांव में गुलिया चबूतरे के लिए एक ऐसा ही विशाल और अनोखा ‘शाही पलंग’ तैयार हो रहा है, जो अपनी भव्यता और कारीगरी से हर किसी को हैरान कर देगा। 18 फुट 3 इंच लंबा, 9 फुट 3 इंच चौड़ा और 4 फुट 6 इंच ऊंचा यह विशाल पलंग करीब 4.25 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रहा है। इसके चार विशाल पांव शीशम की लकड़ी के हैं और प्रत्येक का वजन करीब 90 किलो है। पलंग पर 22 रंगों की विशेष रस्सी से बिना किसी जोड़ के बुनाई की जा रही है। पीतल की सीढ़ियां और पांवों पर अशोक स्तंभ इसकी शान बढ़ाएंगे। तैयार होने पर इसका वजन 9 से 10 क्विंटल तक होगा। 20 सितंबर तक इसे सोंधी के गुलिया चबूतरे पर स्थापित करने की तैयारी है, जहां यह गांव की नई पहचान और आकर्षण का केंद्र बनेगा।