फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

साई केंद्र में आवासीय योजना के ट्रायल शुरू, देशभर से खिलाड़ियों ने कराया पंजीकरण

हिसार। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) की आवासीय योजना के तहत तीन दिवसीय चयन ट्रायल बुधवार से शुरू हो गए। ये ट्रायल 27 नवंबर तक चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (सीसीएसएचएयू) परिसर स्थित खेल प्रशिक्षण केंद्र (एसटीसी), गिरी सेंटर में आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग के लड़के भाग ले रहे हैं। चयन ट्रायल एथलेटिक्स और कुश्ती के लिए आयोजित किए जा रहे हैं। एथलेटिक्स में स्प्रिंट, बाधा दौड़, मध्यम दूरी की दौड़, गोला फेंक, चक्का फेंक और भाला फेंक स्पर्धाओं के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। वहीं, कुश्ती में ग्रीको-रोमन और फ्रीस्टाइल वर्ग के खिलाड़ियों का चयन किया जा रहा है। ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को सुबह नौ बजे बुलाया गया। इसके लिए जन्म प्रमाणपत्र, शैक्षिक योग्यता प्रमाणपत्र, दो हालिया पासपोर्ट आकार के फोटो, एमबीबीएस डॉक्टर का मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र और आधार कार्ड अनिवार्य थे। खिलाड़ियों को खेल उपलब्धि प्रमाणपत्र भी साथ लाने थे। सभी दस्तावेजों की मूल प्रति और सत्यापित प्रतियां प्रस्तुत कीं। खिलाड़ियों को अपने रहने और खाने की व्यवस्था स्वयं करनी थी। चयनित खिलाड़ियों को मिलेंगी आवासीय सुविधाएं : आवासीय योजना के तहत चयनित खिलाड़ियों को बोर्डिंग और लॉजिंग, स्पोर्ट्स किट और वैज्ञानिक तरीके से खेल प्रशिक्षण की सुविधाएं मिलेंगी। चिकित्सा बीमा, शैक्षिक खर्च और प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए एक्सपोजर भी उपलब्ध कराया जाएगा। इन सुविधाओं का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। इनसेट में पांच कोट सचित्र : गांव के अखाड़े में दंगल समेत कई जगह कुश्ती खेल चुका हूं। मैं राष्ट्रीय स्तर तक के पदक जीत चुका हूं। अब अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारी के लिए भारतीय खेल प्राधिकरण से जुड़ना चाहता हूं। मुझे अपने चयन की उम्मीद है। - मोहित, गांव नगूरा, जींद मेरे गांव के कई लोग खेलों के माध्यम से अपना भविष्य संवारा है। सामान्य परिवारों के खिलाड़ी देश, विदेश तक खेल चुके हैं। इनके सहारे उनके सपने पूरे हुए और वह अन्य ग्रामीणों के आदर्श बन चुके हैं। मैं भी इस सपने को पूरा करना चाहता हूं। - हिमांशु, गांव किनाना, जींद मैं राष्ट्रीय स्तर तक की कुश्ती में खेल चुका हूं। मैंने प्रदेश स्तरीय पदक जीते हैं। मैं देश के लिए कुश्ती में ओलंपिक पदक जीतना चाहता हूं। इसलिए भोपाल और भिवानी के बाद अब मैं हिसार के चयन परीक्षण में भी शामिल हो रहा हूं। - सुमित कुशवाह, सीहोर, मध्य प्रदेश मैं शाकाहार पसंद करता हूं जबकि मेरे गृहक्षेत्र में मांसाहारी लोग अधिक हैं। हरियाणा के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में अधिक पदक जीते हैं। इसलिए भी मैं महाराष्ट्र के बजाय हिसार के ट्रायल में शामिल हुआ। - तनवीर जमादार, कोल्हापुर, महाराष्ट्र खेल सबके लिए जरूरी हैं। मेरे गांव के कई लोग कुश्ती समेत विभिन्न खेलकूद में व्यस्त रहते हैं। खेल के सहारे कई युवाओं को नौकरी, पदक और नकद पुरस्कार भी मिले हैं। इससे प्रेरित होकर मैं भी नियमित रूप से खेल का अभ्यास करता हूं। - शिवम, गांव नगूरा, जींद

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें