हरियाणा लोक सेवा आयोग की परीक्षा की अंतिम सूची में हांसी की बेटी हर्षा यादव ने सफलता हासिल कर अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। हर्षा का चयन एक्साइज एंड टैक्सेशन ऑफिसर के पद पर हुआ है। बेटी की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है। हर्षा के पिता बिजली बोर्ड में फोरमैन के पद पर कार्यरत हैं। हर्षा के पिता ने बताया कि उनकी बेटी पढ़ाई में शुरू से ही मेहनती रही है। उसने दिल्ली विश्वविद्यालय से बीएससी और एमएससी की पढ़ाई पूरी की है। इससे पहले HPSC की परीक्षा में हर्षा मात्र तीन अंकों से चयनित होने से रह गई थी, लेकिन उसने हार नहीं मानी और अपनी तैयारी जारी रखी। कड़ी मेहनत और लगन के बल पर आखिरकार उसे सफलता मिल गई। परिजनों के अनुसार, हर्षा प्रतिदिन लगभग 18 घंटे पढ़ाई करती थी। उसका अगला लक्ष्य भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी बनना है। ETO के पद पर चयन के बाद भी वह अपनी तैयारी जारी रखते हुए इस बड़े लक्ष्य को हासिल करना चाहती है। हर्षा की मां कुसुम यादव ने बेटी की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपनी बेटी पर गर्व है। उनकी मेहनत रंग लाई है और यह परिवार के लिए अत्यंत खुशी का क्षण है। वहीं, दादी कमला देवी ने कहा कि हर्षा ने अपनी मेहनत से परिवार का नाम रोशन किया है। हर्षा के दादा मान यादव पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हैं। परिवार के सदस्यों और परिचितों की ओर से हर्षा को बधाइयां मिल रही हैं। उसकी सफलता उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है, जो असफलता के बाद दोबारा मेहनत कर अपने लक्ष्य को प्राप्त करना चाहते हैं। हर्षा के दादा मान यादव वर्ष 2009 में पुलिस सब इंस्पेक्टर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उन्होंने अपनी पोती की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें हर्षा की उपलब्धि पर अत्यंत प्रसन्नता है और उन्हें अपनी पोती पर नाज है। उन्होंने विश्वास जताया कि हर्षा भविष्य में भी अपनी मेहनत और लगन के दम पर परिवार का नाम और अधिक रोशन करेगी।