विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में रविवार को अश्विन कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि पर सुबह 4 बजे हुई भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल का पंचामृत पूजन-अभिषेक कर आकर्षक शृंगार किया गया। श्रृंगार के बाद बाबा महाकाल को भस्म अर्पित की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दिव्य स्वरूप के दर्शन किए। मंदिर परिसर जय श्री महाकाल के उद्घोष से गूंज उठा।
श्री महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा ने बताया कि अश्विन कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि पर बाबा महाकाल का विशेष शृंगार किया गया। भस्म आरती के लिए सुबह 4 बजे मंदिर के पट खुलते ही पंडे-पुजारियों ने गर्भगृह में स्थापित सभी भगवान की प्रतिमाओं का पूजन किया। इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर दूध, दही, घी, शक्कर और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक किया गया।
पढ़ें: एआई के दौर में जिंदा है 209 साल पुरानी परंपरा, इस गांव में सजती है मिट्टी की मूर्तियों की जीवंत झांकियां
इसके बाद प्रथम घंटाल बजाकर हरि ओम का जल अर्पित किया गया। कपूर आरती के बाद बाबा महाकाल को चांदी का मुकुट और मुंड माला धारण कराई गई। आज के शृंगार की विशेष बात यह रही कि बाबा महाकाल का भांग से श्रृंगार करने के बाद उन्हें चंद्रमा, त्रिपुंड, त्रिनेत्र और मोर पंख से सजाया गया।
भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने बाबा महाकाल के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और भक्ति में लीन होकर जय श्री महाकाल का उद्घोष किया। मान्यता है कि भस्म अर्पित करने के बाद भगवान निराकार से साकार स्वरूप में दर्शन देते हैं।
आरती का समय
- भस्म आरती : सुबह 4:00 से 6:00 बजे तक
- दध्योदक आरती : सुबह 7:00 से 7:45 बजे तक
- भोग आरती : सुबह 10:00 से 10:45 बजे तक
- संध्या पूजन : शाम 5:00 से 5:45 बजे तक
- संध्या आरती : शाम 7:00 से 7:45 बजे तक
- शयन आरती : रात 10:30 से 11:00 बजे तक
महाकालेश्वर मंदिर में आरतियों का यह संशोधित समय आश्विन मास की पूर्णिमा (शरद पूर्णिमा) तक प्रभावी रहेगा।
श्री महाकालेश्वर मंदिर हेल्पलाइन
मंदिर से संबंधित जानकारी के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 18002331008 है। श्री महाकालेश्वर मंदिर से संबंधित महाकाल दर्शन, आरती, पूजन, दान सहित सभी जानकारी 24×7 निम्न नंबरों पर प्राप्त की जा सकती है:
0734-2559272
0734-2559275
0734-2559276
0734-2559277