UP: पूर्व विधायक की कार से युवक की मौत, बसपा नेता उमाशंकर की श्रद्धांजलि सभा से लौट रहे थे; होमगार्ड घायल
Ballia News: बलिया में पूर्व विधायक की कार की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई, जबकि हादसे में होमगार्ड घायल हो गया। बताया जा रहा है कि पूर्व विधायक बसपा नेता उमाशंकर की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने के बाद लौट रहे थे। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल होमगार्ड को अस्पताल में भर्ती कराया।
विस्तार
UP News: बलिया के गड़वार थाना क्षेत्र के चिलकहर पेट्रोल पंप के पास बृहस्पतिवार की देर शाम स्कॉर्पियो ने सड़क पार कर रहे बाइक को सामने से टक्कर में बाइक सवार गैस मिस्त्री मोहम्मद अरशद अहमद (40) की मौत हो गई, जबकि होमगार्ड जवान ओमप्रकाश गुप्ता (45) गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने दोनों घायलों को सीएचसी चिलकहर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अरशद को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए मऊ लेकर चले गए।
फतेहपुर निवासी अरशद अहमद संवरा में कुकर और गैस चूल्हा बनाने का काम करते थे। परिवार में पत्नी के अलावा पांच बेटियां और एक बेटा है। शाम वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में मरगूपुर के तिवारीपुर मौजा निवासी होमगार्ड जवान ओमप्रकाश गुप्ता मिल गए।
इसके बाद दोनों बाइक से घर की ओर रवाना हुए। चिलकहर पेट्रोल पंप से तेल भरवा कर सड़क पर करते समय सामने से आ रही स्कॉर्पियो ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो में बैरिया के पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह सहित अन्य लोग सवार थे। वे खनवर में आयोजित रसड़ा विधायक स्व. उमाशंकर सिंह की श्रद्धांजलि सभा से लौट रहे थे। हादसे के बाद पूर्व विधायक और अन्य लोग दूसरे वाहन से मौके से चले गए। सूचना मिलने पर गड़वार पुलिस मौके पर पहुंची और स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गड़वार थाना प्रभारी हितेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो लखनऊ की है और उसमें पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह सवार थे। वह दूसरे वाहन से चले जाने की जानकारी मिली है। वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।