युवाओं को पसंद आ रहा बनारस: डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए आ रहे लोग, देश भर से लोग करवाते हैं बुकिंग
काशी का बदलता स्वरूप लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए बनारस लोगों की पसंद बन चुका है। पर्यटन की दृष्टि से शहर में काफी विकास हुआ है। पर्यटकों की संख्या में वृद्धि के साथ ही बडे़-बड़े शहरों से लोग शादियों के लिए यहां होटल बुक कर रहे हैं। होटल कारोबारियों ने बताया कि होटलों में 60 फीसदी शादियां डेस्टिनेशन थीम पर बेस्ड है। झांसी, कोलकाता, बोकारो, अमेठी और कई शहरों से लोग बुकिंग करा चुके हैं। सारनाथ स्थित एक होटल के संचालक मुकुल दूबे का कहना है कि पिछले 2-3 साल में डेस्टिनेशन शादी का ट्रेंड बढ़ गया है।
एक साथ सभी सुविधाएं
डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए लोग होटल में 40 से 50 कमरे बुक कराते हैं। साथ ही होटल संचालकों की मदद से वेडिंग प्लानर के जरिये शादी समारोह की सारी तैयारियां की हैं। मेहमानों के पिक एंड ड्राप, लंच, डिनर, रस्मों की सारी व्यवस्था हो जाती है। आखिर में बाबा के दर्शन कर लौट जाते हैं।
10 लाख तक का खर्च
कैंटोंमेंट में होटल संचालक अभिषेक शर्मा ने बताया कि वैवाहिक आयोजनों के दो सीजन आते हैं। अक्तूबर से मार्च तक वाले सीजन में 10 से 20 लाख तक का पैकेज होता है। जबकि अप्रैल से सितंबर तक 6 से 8 लाख तक का पैकेज दिया जाता है।
फोटो शूट संग काशी दर्शन
काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की भव्यता भी डेस्टिनेशन वेडिंग में आकर्षण का केंद्र है। बनारस के घाट, गलियां, बीएचयू, सारनाथ और विकास कार्यों की चर्चा पूरे देश में है। प्री वेडिंग फोटो शूट के साथ ही शादी के बाद यहां के चर्चित जगहों पर फोटो व वीडियो शूट कराकर लोग यादें संजोते हैं।