Varanasi: प्यार, शक और कत्ल...युवक ने प्रेमिका की हत्या कर शव फेंका सीवर में, खुद पहुंचा थाने
वाराणसी में सिरफिरे युवक के शक ने एक युवती की जिंदगी को खत्म कर दिया। युवती की निर्मम हत्या के बाद हाथ पैर बांधकर शव को सीवर चैंबर में डाल दिया। इसके बाद खुद थाने पहुंचा और वारदात की जानकारी दी।
विस्तार
हर प्यार का अंजाम खुशनुमा हो ये जरूरी नहीं। कई प्रेम कहानियों का अंत बेहद खौफनाक होता है। वाराणसी में शनिवार को एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया। जैतपुरा थाना क्षेत्र की गोपाल बाग कॉलोनी में एक युवक ने एक युवती की गला कस कर हत्या कर दी। शव को घर में बने सीवर चैंबर में डाल दिया। इसके बाद खुद जैतपुरा थाने पहुंचा और अपनी करतूत के बारे में पुलिस को बताया।
पुलिस युवक को हिरासत में लेकर आननफानन घटनास्थल पर पहुंची। उसकी निशानदेही पर युवती का शव सीवर चेंबर से बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया प्रकरण प्रेम-प्रसंग का है। युवती और युवक एक-दूसरे से प्रेम करते थे। युवक को शंका थी कि युवती किसी अन्य युवक से प्रेम करने लगी है।
दुपट्टे से गला कस कर हत्या
इसी वजह से युवक ने युवती के दुपट्टे से उसका गला कस कर उसकी हत्या कर दी। घटना के संबंध में आरोपी राजापुरा दारानगर निवासी रिजवान को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मिर्जापुर जिले के चुनार थाना क्षेत्र के नागरपुर सादीबाघ का मूल निवासी धर्मेंद्र कुमार परिवार के साथ वाराणसी के डिगिया इलाके में रहता है। ठेले पर सब्जी बेचने वाले धर्मेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी सोनम (19) रोजाना की तरह सुबह 8 बजे गोपाल बाग कॉलोनी निवासी प्रदीप केशरी के यहां साफ-सफाई का काम करने गई थी। इसके बाद वह वापस नहीं आई।
सोनम को काफी परेशान करता था रिजवान
धर्मेंद्र ने बताया कि राजापुरा दारानगर का रिजवान सोनम को काफी परेशान करता था और मना करने पर भी नहीं मानता था। दोपहर के समय स्थानीय लोगों से पता लगा कि रिजवान ने सोनम की हत्या कर उसका शव कहीं छुपा दिया है। उसी दौरान रिजवान को लेकर पुलिस आई। रिजवान समीप के ही जिस पावरलूम में काम करता था, उसी घर के सीवर चेंबर से सोनम का शव बरामद हुआ।
ये भी पढ़ें: सहेली के भाई ने दोस्त संग 11वीं की छात्रा से किया सामूहिक दुष्कर्म, वीडियो वायरल होने पर खाया विषाक्त
हाथ और मुंह दुपट्टे से कस कर बांधा गया था
सोनम का हाथ और मुंह दुपट्टे से कस कर बांधा गया था। इस संबंध में डीसीपी काशी जोन आरएस गौतम ने बताया कि आरोपी युवक हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है। युवती का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। पूछताछ की प्रक्रिया पूरी कर युवक को अदालत में पेश किया जाएगा।
तीन भाई और एक बहन में दूसरे नंबर की थी सोनम
धर्मेंद्र कुमार का परिवार पांच साल से ज्यादा समय से डिगिया मुहल्ले में किराये पर रहता है। धर्मेंद्र के बेटे सत्यम ने बताया कि उसकी बहन तीन भाई और एक बहन में दूसरे नंबर की थी। सत्यम ने कहा कि घर की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं है। इस वजह से मां सुनीता के साथ बहन सोनम घर के खर्च में हाथ बटाने के लिए दूसरों के यहां काम करती थी।