UP News: कमरे में मिली युवक की लटकती लाश, ऑनलाइन गेम में उकसाने पर शक; पॉलीथिन व कपड़े से बंधा था चेहरा
Varanasi News: कमरे में युवक के फंदा लगाने की सूचना मिलते ही राजातालाब थाने की पुलिस भी पहुंच गई। आसपास और परिजनों से जानकारी लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
विस्तार
Varanasi Crime: राजातालाब थाना क्षेत्र के कृष्णदत्तपुर (कोइली) गांव में बुधवार को 18 वर्षीय आर्यन ने फंदा लगा आत्महत्या कर ली। मृतक का शव उसके ही कमरे में खूंटी के सहारे लटक रहा था। सुबह जब कमरे का दरवाजा न खुला तो घर के लोगों ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया।
आर्यन के सिर पर पॉलिथीन बंधा था। चेहरे को कपड़े से बांध रखा था। चादर को फाड़ कर उसकी रस्सी बनाई गई थी। खूंटी अधिक ऊंचाई पर न होने के कारण युवक का पैर जमीन से लगा था। मृतक आर्यन सिंह दो भाइयों में छोटा था। इसके पिता दिनेश सिंह तथा मां नीलू का रो-रोकर बुरा हाल था।
घर के लोगों ने बताया कि आर्यन कक्षा 12 में कृषि विज्ञान लेकर राजकीय इंटर कॉलेज जक्खिनी में पढ़ता था। वह शतरंज का खिलाड़ी भी था और प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता तक पहुंचा था। घर के लोगों ने बताया कि आर्यन ने एक दिन पहले रोज की तरह ही बर्ताव कर रहा था। खाने के बाद अपने कमरे में पढ़ने के लिए चला गया।
परिजनों में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलने पर राजातालाब पुलिस और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष दयाराम का कहना था कि आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सका हैं। गांव के कुछ लोगों का कहना था कि युवक मोबाइल पर पढ़ाई-लिखाई के साथ गेम भी खेलता था।
बताया कि जिस तरीके से युवक ने चेहरे पर पॉलिथीन और मुंह को बांध रखा था, इसे लेकर लोगों में शक है कि कहीं मोबाइल पर किसी गेम या खेल द्वारा तो ऐसा करने को नहीं उकसाया गया है। युवक के मोबाइल उसके कमरे में ही मिली, जिसकी स्क्रीन लॉक थी। पुलिस मोबाइल अपने साथ ले गई है।