वाराणसी में सरेराह बदसलूकी: सड़क से कार हटाने को लेकर सिपाही से भिड़ा युवक, देख लेने की दी धमकी
वाराणसी के चेतमणि चौराहा से जलकल की तरफ जाने वाले मार्ग पर एक युवक ने अपनी कार खड़ी कर दी। सिपाही ने कार हटाने के लिए कहा तो युवक ने अपना आपा खो दिया। पुलिसकर्मी के साथ धक्कामुक्की पर उतारू हो गया
विस्तार
वाराणसी के भेलूपुर के चेतमणि चौराहा पर शुक्रवार की शाम सड़क पर जाम का कारण बने कार को हटाने को लेकर कार सवार और सिपाही में विवाद हो गया। युवक द्वारा सिपाही के साथ दुर्व्यवहार का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। भेलूपुर पुलिस आरोपी कार सवार के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, गाली गलौज समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज करेगी।
शाम के समय चेतमणि चौराहा से जलकल की तरफ जाने वाले मार्ग पर एक युवक ने अपनी कार खड़ी कर दी। सड़क पर कार खड़ी होने के बाद जाम की स्थिति बन गई। इस दौरान पिकेट पर तैनात सिपाही मृत्युंजय कुमार ने कार सड़क से हटाने का आग्रह किया।
कमिश्नर और सीओ के सामने देखने लेने की धमकी
इस पर युवक ने अपना आपा खो दिया। पुलिसकर्मी के साथ धक्कामुक्की पर उतारू हो गया और देख लेने की धमकी दी। सिपाही को कमिश्नर और सीओ के सामने देखने लेने की धमकी देने लगा। वहां मौजूद लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया।
इंस्पेक्टर भेलूपुर ने बताया कि गाड़ी नंबर के आधार पर व्यक्ति की पहचान कर सरकारी काम में व्यवधान डालने व पुलिसकर्मी के साथ दुर्व्यवहार करने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
शिकायत करने पर कोटेदार ने दी जान से मारने की धमकी
गजाधरपुर गांव में खाद्यान्न धांधली का विरोध करने पर कोटेदार और ठेकेदार के विवाद का आडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ठेकेदार का आरोप है कि कोटेदार ने जान से मारने की धमकी दी। रोहनिया थाना अंतर्गत गजाधरपुर निवासी राजकुमार प्रजापति के अनुसार खाद्यान्न लेने कंट्रोल पर पहुंचे तो कोटेदार ने बायोमेट्रिक के तहत अंगूठा लगवाने को कहा, जबकि 11 सितंबर को कोटेदार ने अंगूठा लगवाया था। जब इसका हवाला दिया तो कोटेदार ने कहा कि वह डिलीट हो गया। इसका विरोध किया तो कोटेदार उखड़ गया और अपशब्द कहने लगा।
आरोप है कि कोटेदार ने जान से मारने की धमकी दी। इस विवाद की सूचना पर पहुंचीं क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी काशी विद्यापीठ सिम्मी जायसवाल ने बताया कि पहले जो अंगूठा लगवाया गया था, वह खाद्यान्न पैसा लेकर देना था। इसे लेकर कुछ गलतफहमी हो गई थी, जिसे दूर कर दिया गया।