रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव: मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन, पुलिस और सीआईएसएफ ने समझाया; बिलख पड़े बच्चे
मालगाड़ी की पटरी पर गोविंद कुमार का क्षत-विक्षत शव मिला। परिजनों ने संविदा कार्य और मुआवजे समेत अन्य मांगों को लेकर शव के साथ सड़क किनारे बैठकर विरोध जताया। एनटीपीसी अधिकारियों ने वार्ता की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।
विस्तार
बीजपुर थाना क्षेत्र के सिरसोती गांव के बैरियर के पास बुधवार सुबह मालगाड़ी की पटरी पर गोविंद कुमार जायसवाल (31) का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को रेलवे ट्रैक से हटाकर सड़क किनारे रखवाया। इसके बाद मौके पर पहुंचे परिजन संविदा कार्य, मुआवजा और अन्य मांगों को लेकर शव के साथ सड़क किनारे बैठ गए।
स्थिति को देखते हुए पुलिस और सीआईएसएफ के जवान मौके पर सुरक्षा व्यवस्था में जुटे रहे। एनटीपीसी प्रबंधन के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर उनकी मांगों और समस्याओं की जानकारी ली। थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने भी परिजनों को समझाकर मामले को शांत कराने का प्रयास किया।
सिरसोती गांव निवासी दीपक कुमार का पुत्र गोविंद कुमार कहीं अन्यत्र काम करता था। परिजनों के अनुसार वह करीब एक सप्ताह पहले ही घर आया था। मंगलवार को उसने किसी व्यक्ति के हाथ अपना मोबाइल घर भेज दिया था। इसके बाद बुधवार सुबह उसका शव रेलवे ट्रैक पर मिला। युवक रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा, इसे लेकर ग्रामीणों और परिजनों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
एनटीपीसी रिहंद के उप महाप्रबंधक एचआर प्रदीप कुमार और राजेंद्र गुप्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से वार्ता की। एनटीपीसी प्रबंधन की ओर से कहा गया कि पुलिस की जांच और कार्रवाई के बाद प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
गोविंद की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। पत्नी सुग्रिता जायसवाल शव के पास बैठकर रोती-बिलखती रही। गोविंद अपने पीछे पत्नी और दो पुत्रों अंकुश (9) व अंकित (6) को छोड़ गया है। पिता की मौत से दोनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।