कल बनारस आएंगे पीएम मोदी: सीएम ने कार्यक्रम स्थलों की ली जानकारी, बाबा विश्वनाथ और अन्नपूर्णा दरबार में लगाई हाजिरी
वाराणसी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम स्थलों का जायजा लिया। इसके बाद सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक में सुरक्षा-व्यवस्था की जानकारी ली। रात में बाबा विश्वनाथ का दर्शन पूजन करने के बाद अन्नपूर्णा दरबार पहुंचे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि प्रधानमंत्री के हाथों लोकार्पित होने वाली परियोजनाओं का लाभ जनता को तुरंत मिले। प्रधानमंत्री सौगात देने के लिए अपने संसदीय क्षेत्र में आ रहे हैं, ऐसे में उनका स्वागत काशी की परंपरा के अनुरूप किया जाए। कोरोना टीकाकरण के 100 करोड़ के लक्ष्य को पूरा करने को उत्सव के रूप में लोगों के बीच में मनाएं।
इससे पूर्व प्रधानमंत्री के आगमन की तैयारियां परखने मुख्यमंत्री सीधे जनसभा स्थल पहुंचे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम पर चर्चा की। इसके बाद सर्किट हाउस में उन्होंने कहा कि रिंग रोड काशी के लिए बड़ा तोहफा है और उसी के अनुसार शहर में बदलाव दिखना चाहिए।
ये भी पढ़ें- वाराणसी में सीएम योगीः प्रधानमंत्री के आगमन की तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारियों से कहा- सौगात देने आ रहे पीएम मोदी का करें
परियोजनाओं का संदेश लोगों में जाए
मुख्यमंत्री ने कहा कि मल्टीलेवल पार्किंग के उपयोग से जनता को राहत मिलेगी। इन सभी परियोजनाओं से होने वाले बदलाव का भी संदेश लोगों के बीच में जाना चाहिए। इससे पहले पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसभा में हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित कराई जाए। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल, डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, लक्ष्मण आचार्य, मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल, जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बाबा दरबार और अन्नपूर्णा दरबार में लगाई हाजिरी
शनिवार की रात 8:45 बजे सीएम योगी आदित्यनाथ का काफिला गेट नंबर चार से श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचा। ज्ञानवापी पर मौजूद लोगों ने महादेव के जयघोष के साथ सीएम का स्वागत किया। सीएम ने नवनिर्मित प्रवेश द्वार से धाम क्षेत्र में प्रवेश किया। बाबा के शिखर को नमन करते हुए सीएम गर्भगृह में पहुंचे।
मंदिर के अर्चकों ने षोडशोपचार पूजन कराया। बाबा का अभिषेक करने के बाद सीएम मंदिर से बाहर निकले। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने बताया कि मंदिर परिसर का कार्य पूर्ण होने वाला है। चारों द्वार का काम पूर्ण हो चुका है। अब फर्श पर मकराना मार्बल बिछाने का कार्य अपने अंतिम चरण में है।
धाम में चल रहे विकास कार्यों को देखते हुए सीएम अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचे। अन्नपूर्णा मंदिर में पांच ब्राह्मणों ने पूजन कराया। मंदिर के महंत शंकरपुरी के साथ सीएम ने माता के दरबार में एक फेरी लगाई और अतिथि गृह में गए। पांच मिनट महंत से मंदिर व संस्था के बारे में चर्चा की। महंत ने सीएम को अंगवस्त्र व चुनरी का प्रसाद भेंट किया।
25 को करेंगे जनसभा, देंगे करोड़ों की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्तूबर को वाराणसी आ रहे हैं। उससे पहले वह सिद्धार्थनगर जिला जाएंगे, जहां से हेलीकॉप्टर से वे वाराणसी के मेहंदीगंज स्थित जनसभा स्थल पर पहुंचेंगे। पीएम मोदी 5236.37 करोड़ रुपये की 30 परियोजनाओं की सौगात देंगे और देश की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए आत्मनिर्भर स्वस्थ भारत योजना का शुभारंभ करेंगे। 65 हजार करोड़ रुपये की इस योजना से देश भर में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने का अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद वो बाबतपुर एयरपोर्ट से विमान एयर इंडिया-1 से दिल्ली लौट जाएंगे।
तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा प्रशासन
पीएम की सभा से पहले बंद होगा रिंग रोड पर आवागमन
पीएम मोदी की जनसभा से पहले रिंग रोड पर आवागमन पूरी तरह बंद कराया जाएगा। जनसभा में आने वाले लोगों के वाहनों को जनसभा से पहले तक छूट दी जाएगी। पीएम के पहुंचने से 30 मिनट पहले सभी तरह के वाहन रिंग रोड पर प्रतिबंधित किए जाएंगे।