Varanasi News: डिलीवरी के नाम पर तीन हजार रुपये लेने की शिकायत की, एडी के पास पहुंची महिला; होगी जांच
जिला महिला अस्पताल कबीरचौरा में एक बार फिर डिलीवरी के नाम पर पैसा मांगने का मामला सामने आया है। कुछ दिन पहले भी ऐसे ही आरोप लगे थे। उस वक्त भी सिर्फ जांच की बात कही गई थी।
विस्तार
Varanasi News: जिला महिला अस्पताल कबीरचौरा में गर्भवती महिलाओं को मिलने वाली सुविधाओं की हकीकत जानने अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. एमपी सिंह सोमवार को अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने ओपीडी से लेकर वार्ड और ऑपरेशन थियेटर में सुविधाओं की जानकारी ली। मरीजों से बात की।
इस दौरान एक महिला ने डिलीवरी के नाम पर तीन हजार रुपये मांगे जाने की शिकायत की। इस पर उन्होंने अस्पताल की एमएस डॉ. अलका सिंह से ओपीडी से ओटी, वार्ड तक निगरानी बढ़ाने को कहा। साथ ही रुपये मांगे जाने की शिकायत की जांच कराने को भी कहा।
अपर निदेशक ने ओपीडी, दवा वितरण कक्ष, पैथालॉजी के साथ ही अल्ट्रासाउंड सहित अन्य जगहों का दौरा किया। सर्जिकल वार्ड नंबर एक में मूल रूप से बिहार निवासी भर्ती महिला कविता ने बताया कि एक अगस्त को उनकी डिलीवरी हुई थी। इसके लिए ऑपरेशन थियेटर में तीन हजार रुपये की मांग की गई।
होगी जांच
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अपर निदेशक ने एमएस से इसकी जानकारी मांगी और शिकायत की जांच कराने को कहा। इसमें अस्पताल प्रशासन से जवाब मांगे जाने के साथ ही महिला का बयान भी दर्ज किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान दो डॉक्टर भी अनुपस्थित रहीं।
अनुपस्थिति की वजह पूछे जाने पर कोई सटीक जवाब नहीं मिला। इस पर उन्होंने रजिस्टर मंगाकर उनको अनुपस्थित कर दिया। कहा कि समय से डयूटी न करने वाल डॉक्टरों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान डॉ. तनवीर सिद्दीकी, डॉ. राजेश्वर सिंह आदि मौजूद रहे।