सपा को कोसने वाले आज हो गए साइकिल पर सवार: अनिल राजभर
सपा को वोट देने पर मां-बहन के साथ घात करने की बात करने वाले ओमप्रकाश आज उसी साइकिल पर सवार हो गए।
विस्तार
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि जिस दिन ओमप्रकाश, ओबैसी को लेकर गाजी के मजार पर चादर चढ़ाने गए थे उसी दिन हमने उनका नाम असलम राजभर कर दिया। सपा को वोट देने पर मां-बहन के साथ घात करने की बात करने वाले ओमप्रकाश आज उसी साइकिल पर सवार हो गए। सपा को कोसने का उनका वीडियो आज तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रभारी मंत्री बलिया के आरीपुर सरयां गांव में शहीद स्थल पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। प्रभारी मंत्री ने नगरा भीमपुरा मुख्य मार्ग पर सिकंदरापुर में स्वतंत्रता सेनानी स्मृति मुख्य द्वार का भूमिपूजन करने के बाद मिनी स्टेडियम का शिलान्यास किया।
वहीं शहीद चंद्रदीप सिंह स्मारक के जीर्णोद्धार व बहुउद्देशीय पंचायत भवन आरीपुर सरयां का लोकार्पण करने के बाद उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री निचले तबके के लोगों की हर समस्या का ध्यान रखते हुए विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन करा रहे हैं। गरीबों को मुफ्त राशन, इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड, किसान सम्मान निधि सहित कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं। इस दौरान सलेमपुर सांसद रविंद्र कुशवाहा ने सिकंदरपुर-पुर मार्ग के दोहरीकरण के साथ ही शहीद अतवारु राजभर के नाम पर खानपुर में एक सभागार का निर्माण कराने की बात कही।
विधायक धनंजय कन्नौजिया ने क्षेत्र में किए गए कार्यों की उपलब्धियां बताते हुए स्मृति द्वार को विधायक निधि से कराने की बात कही। भरत भैया ने कहा पिछली सरकारों में शहीदों के स्मारक स्थल जीर्ण शीर्ण अवस्था थे लेकिन भाजपा सरकार में प्रधानमंत्री द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव मनाने का फैसला किया गया। देश में इस समय अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। शहीदों के स्मारक स्थलों को चमकाने व उन्हें याद करने का काम हो रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राज्यसभा सांसद सकलदीप राजभर ने भी भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।