जब कलेक्ट्रेट में महिला अधिवक्ता दौड़ाकर पीटने लगी पुरुष अधिवक्ता को, फिर क्या हुआ
शांति भंग के मामले में मंगलवार को जमानत कराने कलेक्ट्रेट पहुंचे मुवक्किल को लेकर एक महिला और पुरुष अधिवक्ता आपस में ही भिड़ गए। कहासुनी के दौरान दोनों में हाथापाई शुरू हो गई। शोर सुनकर आस पास के लोगों की भीड़ जुट गई।
देखते ही देखते महिला अधिवक्ता ने पुरुष अधिवक्ता को पीटना शुरू कर दिया। वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने बीच बचाव कर किसी तरह मामले को शांत कराया। बाद में दोनों ने समझौता कर लिया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
शांति भंग के मामले में कुछ लोग जमानत कराने पहुंचे थे। इधर पहले से ही मुवक्किलों के इंतजार में बैठे अधिवक्ता उन्हें जमानत कराने के लिए अपने पास बुलाने लगे। दोनों ही मुवक्किल पर अपना अपना अधिकार जताने लगे। इसी बात को लेेकर महिला अधिवक्ता और पुरुष अधिवक्ता में आपस में कहासुनी होने लगी।
कहासुनी के दौरान ही महिला अधिवक्ता पुरुष अधिवक्ता पर टूट पड़ी। वह लात घूंसे चलाती रही और पुरुष अधिवक्ता बचने के लिए इधर उधर भागते रहे। मारपीट का वीडियो अब तेजी से सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है ।
वहीं इस संबंध में महिला अधिवक्ता का कहना है कि यहां पुरूष अधिवक्ताओं की संख्या अधिक है। वह अकेली महिला अधिवक्ता हैं। इसलिए उन्हें अक्सर काम करने से रोका जाता है ।