फ्लैट रेट पर बिजली की मांग को लेकर बुनकरों की हड़ताल जारी, ताली-थाली और घंटों से गूंजे इलाके
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी में फ्लैट रेट पर बिजली की मांग को लेकर बुनकरों ने ताली-थाली और घंटे बजाए। हड़ताल के 13वें दिन बुनकर बाहुल्य क्षेत्र शाम को ताली-थाली और घंटों से गूंज उठा। किसी ने घर की छत पर तो किसी ने दरवाजे पर खड़े होकर विरोध जताया।
मंगलवार को बुनकर सभा, वाराणसी वस्त्र बुनकर संघ और बुनकर बिरादराना तंजीम के सरदार के आह्वान पर बुनकरों ने ताली, थाली और घंटा बजाकर सरकार से बिजली के फ्लैट रेट की गुहार लगाई। वाराणसी वस्त्र बुनकर संघ के अध्यक्ष राकेश कांत राय ने कहा की कोरोना काल में कोरोना को हराने के लिए प्रधानमंत्री ने ताली और थाली बजाने का मंत्र दिया था।
आज हम सभी बुनकरों ने सरकार को मनाने और अपना हक मांगने के लिए ताली और थाली बजाई। पार्षद हाजी ओकास अंसारी ने कहा कि सारे बुनकर भाई अपना-अपना कारोबार बंद करके भूखे सोकर सरकार से फ्लैट रेट पर बिजली की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान चौदहों के सरकार मकबूल हसन, बाइसी के सरदार अब्दुल कलाम, पांचों के सरदार अली अहमद, ज्वाला सिंह, गुलशन अली, साजिद अंसारी, इशरत उस्मानी, हाजी यासीन, बाबूलाल किंग, हारुन अंसारी, शैलेष सिंह, अकरम अंसारी, जीशान आलम, आफ ताब आलम, अफ रोज अंसारी, राकेश प्रधान शामिल रहे।
इन इलाकों में हुआ आयोजन
पीलीकोठी, काजी सादुल्लापुरा, दोषीपुरा, बड़ी बाजार, जैतपुरा, आदमपुर, छोहरा, खोजापुरा, नवापुरा, आगागंज, कमलगढ़हा, कच्चीबाग, कटेहर, सरैयां, जलालीपुरा, पुरानापुल, शक्कर तालाब, कोनिया, छितनपुरा, बजरडीहा आदि इलाकों में बुनकर शाम को पांच बजते ही ताली-थाली बजाने लगे। उन्होंने सरकार से अपनी पुरानी मांग फिर से दोहराई।
मोहल्लों में बेमियादी धरना की तैयारी
बुनकर साझा मंच के बैनर तले मंगलवार दोपहर आगागंज व मीराघाट में आयोजित नुक्कड़ सभा पुलिस ने रोक दी। थोड़ी देर बाद दो गज की दूरी बनाकर सभाएं हुईं। मंच के सदस्य अख्तर कासिम अली ने कहा कि अब बुनकर संगठनों व तंजीमों ने मोहल्लेवार बेमियादी धरना देने की तैयारी की है। बुनकरों से अपील की गई है कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए मास्क लगाकर धरना दिया जाए। इन सभाओं में मनीष शर्मा, परवेज, फजलुर्रहमान अंसारी मौजूद थे।