अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा: दो गिरोह के पांच बदमाश गिरफ्तार, बिहार-बंगाल तक नेटवर्क; बैंक के बाहर ठगी का खेल
आजमगढ़ जिले में पुलिस मुठभेड़ में दो गिरोह के पांच बदमाश गिरफ्तार किए गए। वहीं मुठभेड़ में दो सरगना घायल हुए। पुलिस ने जहानागंज में अंतरराज्यीय गो-तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया। वहीं जीयनपुर में बैंक ग्राहकों को कागज की गड्डी थमाकर ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ।
विस्तार
आजमगढ़ में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को जिले में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। जहानागंज और जीयनपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो गिरोहों के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों मुठभेड़ों में गिरोह के दो सरगना गोली लगने से घायल हो गए।
जहानागंज में अंतरराज्यीय गो-तस्कर गिरोह के दो सदस्यों को पकड़ा गया, जबकि जीयनपुर में बैंक से रुपये निकालने और जमा करने वाले लोगों को निशाना बनाकर कागज की गड्डी थमाने वाले टप्पेबाज गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से असलहे, कारतूस, नकदी और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद किए हैं। दोनों गिरोहों के सदस्यों के खिलाफ अलग-अलग जिलों में कुल 30 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
जहानागंज पुलिस बुधवार तड़के करीब 3:45 बजे ग्राम मंदे बागीचा के पास भुजही नहर पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की चारपहिया गाड़ी से आ रहे संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुजफ्फरनगर निवासी शोएब उर्फ गेंदा उर्फ पंडित के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी रामपुर निवासी मुस्तफा रजा को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। घायल को अस्पताल भेजा गया।
सीओ सदर ईश्वर लाल गुर्जर ने बताया कि आरोपी संगठित गिरोह बनाकर प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी करते थे। पहले चारपहिया वाहन से रास्तों की रेकी करते और फिर ट्रक व पिकअप के जरिये पशुओं को कंटेनरों में लदवाकर बिहार और पश्चिम बंगाल तक पहुंचाते थे।
पुलिस से बचने के लिए वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं लगाते थे। इनके कब्जे से दो तमंचे .315 बोर, तीन खोखा व दो जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की चारपहिया गाड़ी, 2150 रुपये और चार प्लास्टिक की रस्सियां बरामद हुईं। दोनों के खिलाफ आजमगढ़ समेत छह जिलों में कुल 12 प्राथमिकी दर्ज हैं।
उधर, जीयनपुर पुलिस ने बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे महावतगढ़ चकिया-अमुवारी नारायणपुर मार्ग पर चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान उनकी बाइक फिसल गई। एक आरोपी ने बबूल के पेड़ की आड़ लेकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोली थानाध्यक्ष संजय सिंह की दाहिनी कनपटी के पास से निकल गई।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गिरोह का सरगना देवरिया निवासी अमित साहनी दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी शिवा साहनी और सुनील साहनी को गिरफ्तार कर लिया गया। सीओ सगड़ी देशराज सिंह ने बताया कि गिरोह के सदस्य बैंकों में रुपये जमा करने और निकालने आने वाले लोगों की रेकी करते थे। उन्हें मदद करने या अधिक रुपये देने का झांसा देकर विश्वास में लेते और असली नकदी लेकर कागज की गड्डी थमा देते थे।
इसी तरीके से 10 अगस्त को अजमतगढ़ में धर्मराज चौहान से 74 हजार रुपये और 29 अक्तूबर को जीयनपुर में एक बुजुर्ग महिला से 49 हजार रुपये की ठगी की गई थी। आरोपियों के कब्जे से 19,100 रुपये, एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, तमंचा, एक जिंदा और दो खोखा कारतूस बरामद हुए। तीनों के खिलाफ आजमगढ़ समेत छह जिलों में कुल 18 मामले दर्ज हैं।
