पूर्वांचल में फिर उफान पर नदियां, गाजीपुर में तीन प्रमुख मार्गों पर आवागमन ठप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्वांचल के गाजीपुर और मिर्जापुर में बारिश ने फिर से परेशानी बढ़ा दी है। यहां एक बार फिर से जलस्तर बढ़ना शुरू हो गया है। मिर्जापुर में गंगा का, तो वहीं गाजीपुर में आसपास की नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। जिससे पानी एक बार फिर से तटीय इलाकों में घुसने लगा है।
गाजीपुर जिले के कई प्रमुख मार्ग इन दिनों बाढ़ का पानी आने से पूरी तरह बंद हो गए हैं। बेसो और उदंती नदी में उफान के कारण शादियाबाद-बहरियाबाद मार्ग, सैदपुर-सादात मार्ग और गाजीपुर-हंसराजपुर मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है।
इन मार्गों पर चार से पांच फीट तक बाढ़ का पानी जमा है। मार्ग पर वाहनों के साथ ही लोगों का आवागमन भी बंद है। लोगों का कारोबार, बच्चों की पढ़ाई-लिखाई तक का संकट जारी है।
गाजीपुर में बेसो, मगई, उदंती और गांगी नदी विभिन्न इलाकों में कहर ढा रही हैं। इन नदियों का पानी गांवों में घुस गया है। हजारों एकड़ फसलों को डुबोती हुई नदियां तेजी से आबादी की तरफ कदम बढ़ा रही हैं। ऐसे में तटवर्ती क्षेत्र के लोग डरे-सहमे हुए हैं। इसके बाद भी जिला प्रशासन की ओर से समुचित व्यवस्था नहीं की जा रही है।
मिर्जापुर जिले में भी गुरुवार से गंगा का जलस्तर बढ़ना शुरू हो गया है। इस समय 3 सेमी प्रति घंटा की रफ्तार से जलस्तर बढ़ रहा है, हालांकि अभी गंगा खतरे के निशान से लगभग 3 मीटर कम है। लेकिन यदि बढ़ाव का क्रम यही रहा तो आने वाले दिनों में परेशानी हो सकती है।