{"_id":"66f6a0280b463284ca0464ea","slug":"wanted-criminal-wanted-in-murder-of-youth-of-ghazipur-surrendered-in-varanasi-2024-09-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"पुलिस का खौफ: गाजीपुर के युवक की हत्या में वांछित इनामी बदमाश ने किया सरेंडर, सिर में मारी थी गोली","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पुलिस का खौफ: गाजीपुर के युवक की हत्या में वांछित इनामी बदमाश ने किया सरेंडर, सिर में मारी थी गोली
Fri, 27 Sep 2024 05:38 PM IST
प्रगति चंद
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
Published by: प्रगति चंद
Updated Fri, 27 Sep 2024 05:38 PM IST
सार
गाजीपुर के युवक की हत्या में वांछित इनामी बदमाश ने सरेंडर किया। चौबेपुर थाना क्षेत्र में युवक की सिर में गोली मारी गई थी। मामले में दो आरोपी पहले से ही जेल में हैं।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
वाराणसी जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र में गत जून महीने में गाजीपुर के युवक की हत्या में वांछित 25 हजार के इनामी रवि यादव ने सीजेएम कोर्ट में सरेंडर कर दिया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। रवि यादव मूल रूप से गाजीपुर के लीलापुर गांव का रहने वाला है।
विज्ञापन
यह है मामला
चौबेपुर थाना क्षेत्र के राजवारी (भंदहा कला) गांव में गोमती नदी के पास बबूल के जंगल में 11 जून की सुबह गाजीपुर के तिलेसड़ा गांव निवासी आलोक यादव का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता लगा कि आलोक के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या की गई थी। आलोक के भाई प्रदीप की तहरीर पर चौबेपुर थाने में गाजीपुर के तिलेसड़ा गांव के विजय यादव उर्फ विक्की, कल्यानपुर के रोहित यादव और लीलापुर के रवि यादव के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार रोहित की गर्लफ्रेंड से नजदीकी बढ़ाने के विवाद में आलोक की हत्या 10 जून की रात साथ शराब पीने के बाद की गई थी। रोहित और विजय पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस को सोमवार को पता लगा कि रवि यादव अपने घर आया था। चौबेपुर और गाजीपुर के करंडा व नंदगंज थाने की पुलिस ने उसके घर दबिश दी। इस संबंध में एसीपी सारनाथ डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस की बढ़ती सख्ती के चलते आरोपी ने अदालत में सरेंडर कर दिया है।
विज्ञापन
इसी हफ्ते दाखिल की जाएगी चार्जशीट
आलोक यादव की हत्या की चार्जशीट चौबेपुर थाने की पुलिस इसी हफ्ते दाखिल करेगी। एसीपी सारनाथ ने बताया कि आरोपियों के साथ ही आलोक के मोबाइल की आखिरी लोकेशन मिली थी। वह 10 जून को अपनी पत्नी और छोटे भाई को भी यही बता कर गया था कि रोहित, विजय और रवि के साथ जा रहा है। 11 जून की सुबह उसका शव मिला था। गवाहों के बयान, वारदात में प्रयुक्त असलहा और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के साथ चार्जशीट तैयार करने का काम लगभग पूरा है।