मतदाता दिवस : छात्रों ने निकाली जागरूकता रैली, 100% मतदान करने की ली शपथ; चला जागरूकता कार्यक्रम
मतदाता दिवस पर काशी विद्यापीठ और अन्य महाविद्यालयों में जागरूकता रैली निकालकर लोगों से शत प्रतिशत मतदान की अपील की गई। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं ने स्लोगन प्रतियोगिता के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया।
विस्तार
काशी विद्यापीठ राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से निकाली गई मतदाता जागरूकता रैली को कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। परिसर से निकलकर छात्र भारत माता मंदिर पहुंचे। कुलपति ने कहा कि हर नागरिक को चुनाव में बढ़चढ़कर भागीदारी की करनी चाहिए। उन्होंने शिक्षकों, छात्रों को शपथ दिलाई।
उधर, भैरव तालाब परिसर में भी डॉ. एसके सिंह यादव ने जागरूकता रैली को रवाना किया। चौबेपुर में भी स्व. सूबेदार सिंह स्मृति महिला महाविद्यालय से जागरूकता रैली निकाली गई।
मॉडल बूथ बनाने वाली संस्थाएं सम्मानित
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर शनिवार को नमो घाट पर कार्यक्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एस राजलिंगम ने अपील की है कि 18 साल के सभी युवा मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जुड़वाएं। छात्रों ने नृत्य, संगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को वोट देने के प्रति जागरूक किया।
मॉडल बूथ बनाने वाली संस्था, ऑफिसर एवं सुपरवाइजरों को सम्मानित किया गया। डीएम ने सभी को शपथ दिलाई। इस मौके पर सीडीओ हिमांशु नागपाल, एडीएम बिपिन कुमार रहे।
खंड शिक्षा अधिकारी प्रीति सिंह और उदय प्रताप सिंह ने स्वयंसेविकाओं को शतप्रतिशत मतदान के लिए अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। सेवापुरी में दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महिला महाविद्यालय की ओर से भी छात्राओं ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली।
महादेव पीजी कॉलेज में एनएसएस स्वयंसेवकों ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली। पिंडरा स्थित एक आईटीआई कॉलेज से निकली रैली को पिंडरा विधायक डा. अवधेश सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
चिरईगांव ब्लाॅक के प्राथमिक विद्यालय में जागरूकता रैली निकाली गई। वहीं, वीडीए सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा ने शनिवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर अफसरों, कर्मचारियों को शपथ दिलाई। सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा, अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा, अपर सचिव परमानंद यादव समेत अन्य मौजूद रहे।