UP: लाइनमैन 200 रुपये लेता था, ग्रामीण इसी को समझते थे बिल, जब 25 हजार का असली बिल आया तो उड़े होश
जौनपुर में लाइनमैन की मनमानी का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। यहां महिलाओं का आरोप है कि लाइनमैन प्रतिमाह 200 से 300 रुपये वसूलता था। अब बिजली का बिल आया तो लोगों के होश उड़ गए।
विस्तार
जौनपुर जिले के सरपतहां क्षेत्र के पटैला मदारपुर गांव में लाइनमैन की कारस्तानी से ग्रामीण परेशान हैं। गांव की महिलाओं का आरोप है कि लाइनमैन प्रतिमाह 200 से 300 रुपये वसूलता था। गांव वाले उसी को बिजली का बिल समझते रहे। लेकिन बीते दिनों बिजली विभाग की ओर से असली बिल मिला तो उनकी नींद उड़ गई। किसी का बिल 25 हजार तो किसी का 38 हजार रुपये बिल आया है। बिल जमा न करने पर गांव की बिजली काट दी गई है।
सरपतहां क्षेत्र के पटैला मदारपुर गांव की महिलाओं ने मंगलवार को अधिशासी अभियंता संतोष कुमार मिश्रा से मिलकर लाइनमैन पर पैसे लेने का आरोप लगाया। अभियंता के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन भी किया।
भानमती देवी ने बताया कि प्रतिमाह लाइनमैन 200 रुपये लेकर जाता था तो हमें लगा कि वह बिजली बिल लेकर गया है। अब 30 हजार रुपये का बिल आया तो हम लोग अचंभित हैं। घर में सिर्फ दो बल्ब ही जलते हैं। घर में कोई नहीं है। इतना बिल कैसे भरा जाएगा, यह समझ में नहीं आ रहा।
सुरेंद्र गौतम ने बताया कि 27 हजार का बिजली बिल आया है। बिल जमा न करने पर कनेक्शन काट दिया गया है। कंचन देवी ने बताया कि गांव की लाइट काट दी गई है। लोग अंधेरे में रहने के लिए मजबूर हैं। बिजली का बिल 24 हजार रुपये आया है। रीता देवी ने बताया कि प्रतिमाह 200 रुपये लाइनमैन को देने के बावजूद 38 हजार का बिल आया है। घर में कमाने वाला कोई नहीं है।
सरिता देवी ने बताया कि 35 हजार रुपये का बिजली बिल कहां से भरा जाए, यह समझ में नहीं आ रहा है। इस तरह पूनम देवी का बिल 28 हजार, परमीला देवी का 29 हजार, कुमारी देवी का 26 हजार, संगीता देवी का 23 हजार बिल आया है। प्रदर्शन के दौरान गांव की रेशमा देवी, पूनम देवी, प्रियंका देवी, अजय कुमार, अशोक उर्मिला, भानमती, मंजू, सरिता आदि उपस्थित रही।
क्या बोले अधिकारी
लाइनमैन पर घूस लेने का आरोप लगाने का मामला प्रकाश में आया है। जांचकर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। -संतोष कुमार मिश्रा, अधिशासी अभियंता, विद्युत निगम