वाराणसी: ट्रॉमा सेंटर में महिला की पिटाई, बाल खींचकर लात-घूंसों से मारता दिखा गार्ड
बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में महिला के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में सुरक्षाकर्मी महिला को घसीटकर पीटता दिखाई दे रहा है। बीएचयू के चीफ प्रॉक्टर ने मामले में रिपोर्ट मांगी है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।
विस्तार
बीएचयू ट्रॉमा सेंटर परिसर में सोमवार देर शाम एक महिला के साथ सुरक्षाकर्मी की ओर से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। मंगलवार को घटना का करीब 20 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में वर्दी पहने एक सुरक्षाकर्मी महिला को धक्का देने के बाद उसके बाल खींचकर घसीटता और लात-घूंसों से मारता दिखाई दे रहा है। मौके पर मौजूद लोग उसे रोकने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह नहीं माना। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जताई और सुरक्षाकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बीएचयू प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कराई है।
बाल पकड़कर घसीटता दिखा सुरक्षाकर्मी
वायरल वीडियो में गले में बैग लटकाए एक महिला जमीन पर गिरी दिखाई दे रही है। इसके बाद वह उठकर सामने मौजूद सुरक्षाकर्मी की ओर जाती है और किसी बात का विरोध करती नजर आती है। इसी दौरान वर्दी और टोपी पहने सुरक्षाकर्मी महिला के बाल पकड़कर उसे घसीटता और लात-घूंसों से मारता दिखाई देता है। वीडियो में सुरक्षाकर्मी की आवाज भी सुनाई दे रही है। आसपास मौजूद कुछ लोग उसे रोकने का प्रयास करते हैं, लेकिन वह महिला के साथ मारपीट जारी रखता है।
ट्रॉमा सेंटर में रोजाना आते हैं बड़ी संख्या में मरीज
बीएचयू ट्रॉमा सेंटर परिसर में आर्थोपेडिक ओपीडी के साथ दंत और मनोचिकित्सा विभाग की ओपीडी भी संचालित होती है। यहां बिहार और पूर्वांचल के अन्य जिलों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। परिसर के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती रहती है।
चीफ प्रॉक्टर बोले- पांच-छह मरीजों को दिखाने के बाद दोबारा पहुंची थी महिला
बीएचयू के चीफ प्रॉक्टर प्रो. संदीप पोखरिया ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, महिला ट्रॉमा सेंटर में पांच-छह मरीजों को दिखाने के बाद फिर मरीज दिखवा रही थी। इस पर सुरक्षाकर्मी ने आपत्ति जताई तो महिला ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
डिप्टी चीफ प्रॉक्टर से मांगी रिपोर्ट
चीफ प्रॉक्टर प्रो. संदीप पोखरिया ने बताया कि पूरे मामले में ट्रॉमा सेंटर के डिप्टी चीफ प्रॉक्टर से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर विश्वविद्यालय के नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
