Varanasi: होटलों से GST पांच तो टेंट कारोबारियों से 18 फीसदी क्यों? अब सरकार को पत्र भेजेंगे; जानें पूरी बात
कारोबारियों ने टेंटे व्यवसाय पर लगने वाली जीएसटी को लेकर डीएम के माध्यम से पीएम और केंद्रीय वित्त मंत्री को पत्र भेजेंगे। बताया कि होटल पर पांच और हमारे कारोबार पर 18 प्रतिशत जीएसटी किस प्रकार लगाया गया है, यह समझ से परे है।
विस्तार
Varanasi News: टेंट के व्यवसाय पर लगने वाली जीएसटी 18 प्रतिशत से घटाकर 12 प्रतिशत कराने के लिए जिले के टेंट व्यवसायी जिलाधिकारी और प्रधानमंत्री के क्षेत्रीय कार्यालय के माध्यम से केंद्रीय वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री को पत्र भेजेंगे। व्यापारियों का कहना है कि होटल व्यवसाय से टेंट व्यापारियों को काफी नुकसान हो रहा है। होटलों पर जीएसटी पांच प्रतिशत लगती है, लेकिन टेंट कारोबारियों से जीएसटी 18 प्रतिशत लिया जाता है।
टेंट व्यवसायी एसोसिएशन के प्रदेश महामंत्री अभिलेश वर्मा ने सिगरा स्थित होटल में बताया कि टेंट व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रादेशिक स्तर पर अभियान की शुरूआत बृहस्पतिवार को होगी। इस दौरान 700 टेंट व्यवसायी 9 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन प्रशासन को सौपेंगे।
अभिलेश वर्मा ने कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेंगे। टेंट के व्यवसाय से जुड़े 30 व्यवसाय हैं। जीएसटी के सिस्टम का सरलीकरण किया जाय। पुलिस प्रशासन के द्वारा आए दिन प्रताड़ित किया जाता है, इस पर रोक लगाई जाय। टेंट का व्यवसाय भी जरूरी कामों में आता है। इसलिए पुलिस द्वारा होने वाले उत्पीड़न को तत्काल रोका जाय। वीआईपी कार्यक्रमों में बाहर के लोगों को मौका न देकर स्थानीय लोगाें को मौका दिया जाय, जिससे जिले की जीडीपी में बढ़ोतरी हो।
साैपेंगे पत्रक
शादी विवाह जैसे कार्यक्रमों के कारण अक्सर सड़क पर जाम लग जाता है। इसमें कभी-कभी एंबुलेंस भी फंस जाती है। इसलिए शहर में एक वेडिंग जोन बनाया जाय, जिससे उसी स्थान पर शादी विवाह हो और जाम की समस्या समाप्त हो।
व्यवसायी सरकार से जीएसटी 18 प्रतिशत से घटाकर 12 प्रतिशत करने, टेंट व्यापार को उद्योग का दर्जा देने, स्थाई गोदाम, सरकारी काम में स्थानीय व्यापारियों को प्राथमिकता, आपदा में मुआवजा, आदि प्रमुख मांग करेंगे। प्रेस वार्ता में संरक्षक महेंद्र जायसवाल, पूर्वांचल युवा अध्यक्ष भीम सिंह, वाराणसी टेंट व्यावसायिक एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता, प्रवक्ता राजेश श्रीवास्तव शामिल रहे।