फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi Top News Today Two death one suicide in accident FIR ordered against nine people including BJP leader

Varanasi News Today: हादसों में दो मौत, एक खुदकुशी, भाजपा नेता समेत नौ पर एफआईआर का आदेश समेत प्रमुख खबरें

Sat, 21 Feb 2026 12:08 PM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: प्रगति चंद Updated Sat, 21 Feb 2026 12:08 PM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी जिले में दो सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं पारिवारिक कलह से तंग युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। वहीं भाजपा नेता समेत नौ पर प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश कैंट पुलिस को दिया गया है। 

विज्ञापन
Varanasi Top News Today Two death one suicide in accident FIR ordered against nine people including BJP leader
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

सड़क दुर्घटना में घायल स्कूटी सवार महिला की मौत
विज्ञापन

जंसा थाना क्षेत्र में बुधवार शाम सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल स्कूटी सवार महिला की इलाज के दौरान बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। बेनीपुर निवासी सियाराम की पत्नी सोनी देवी भतीजी शिवानी के साथ दवा लेने जंसा के बड़ौरा बाजार गई थीं। लौटते समय हीरापुर गेट से 500 मीटर आगे अज्ञात ट्रैक्टर ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। लोगों की मदद से उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उन्हें बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच जारी है।  

ऑटो से गिरी महिला, एंबुलेंस की चपेट में आने से मौत
ऑटो रिक्शा से अपने घर सिहोरवा जा रही 42 साल की पिंकी सिंह पत्नी अमित सिंह की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वह अपने मायके रईसी रामपुर से लौट रही थी। पिंकी ऑटो रिक्शा में किनारे बैठी थी। कोइली पुल के पास पहुंचते ही अचानक संतुलन बिगड़ने से वह ऑटो से नीचे गिर पड़ीं। बगल से गुजर रही एक एंबुलेंस की चपेट में आ गईं, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जक्खिनी भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पिंकी के दो बच्चे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थाना प्रभारी दयाराम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 
विज्ञापन


इसे भी पढ़ें; वाराणसी में बड़ी कार्रवाई: होटल रेनबो में देह व्यापार का भंडाफोड़, तीन युवतियां और संचालक समेत सात गिरफ्तार
विज्ञापन
विज्ञापन


पारिवारिक कलह से तंग युवक ने फंदा लगाकर दी जान
लोहता थाना क्षेत्र के भट्ठी गांव में बृहस्पतिवार देर रात युवक ने कमरे में फंदे से लटक कर जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भट्ठी गांव निवासी योगेंद्र कुमार पटेल (38) ने पारिवारिक कलह के कारण कमरे का दरवाजा अंदर से बंदकर मफलर के सहारे फंदे से लटक कर जान दे दी। काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर परिजनों को शक हुआ। रोशनदान से झांककर देखा तो वह फंदे से लटका मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतरवाया और पंचनामे की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी राजबहादुर मौर्य ने बताया कि परिजनों से पूछताछ की जा रही है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। 

60 हजार की 1518 किलो रंगीन कचरी जब्त, लिए 5 नमूने

होली के त्योहार को देख मिलावट खोरी रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा और औषधि विभाग ने 12 दुकानों और प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। पड़ाव में 60 हजार की 1518 किलो रंगीन कचरी जब्त की। सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय कौशलेंद्र शर्मा ने बताया कि प्रवर्तन दल ने पड़ाव, नेवादा, कपसेठी, छतेरी मानापुर और नत्थूपुर डोमरी खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। पांच स्थानों पर छापा मार कर पनीर, रंगीन कचरी और छेना के पांच नमूने लेकर जांच के लिए भेजा। छतेरी मानापुर व पड़ाव क्षेत्र में वाहन पर लदी रंगीन कचरी में अत्यधिक रंग के प्रयोग की आशंका पर 60,930 की कचरी जब्त की गई। 

करोड़ों खर्च के बाद भी कालिका मंदिर में खंभे में दौड़ रहा करंट
कालिका बाजार में मां कालिका शक्तिपीठ मंदिर के सुंदरीकरण पर दो करोड़ से अधिक खर्च होने के बाद भी व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं हो सकी हैं। मंदिर परिसर में लगाए गए हाईमास्ट लाइट के पोल में करंट से श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है। पेयजल के लिए कराई गई सबमर्सिबल बोरिंग भी फेल हो चुकी है। एक साल पहले पर्यटन विभाग की ओर से मंदिर परिसर के सुंदरीकरण के लिए धनराशि जारी की गई थी। इसके तहत बाउंड्री वॉल, तालाब का सुंदरीकरण, कट स्टोन लगाने और हाइमास्ट लाइट स्थापित करने के साथ सबमर्सिबल की बोरिंग कराई गई थी। पोल में करंट आने से कुछ श्रद्धालु मामूली रूप से झुलस चुके हैं। कार्यदायी संस्था के ठेकेदार घनश्याम यादव ने बताया कि विद्युत पोल की समस्या ठीक कराई जाएगी।  

भाजपा नेता समेत नौ पर प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश
दीवानी न्यायालय के एक कर्मचारी के घर में घुसकर जानलेवा हमला, लूटपाट और छेड़छाड़ के आरोप में भाजपा नेता की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष कुमार की अदालत ने बागेश्वरी मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार सोनकर, उसकी पत्नी अन्नू सोनकर सहित नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना का आदेश कैंट पुलिस को दिया है।

सिकरौल कैंट निवासी दीवानी न्यायालय कर्मचारी सुरेश सोनकर ने प्रार्थना पत्र दाखिल किया था। आरोप है कि 20 जनवरी 2026 की रात 8 से 9 बजे के बीच मामूली विवाद को लेकर आरोपी पक्ष लाठी व लोहे की रॉड लेकर घर पर चढ़ आया और गालीगलौज करने लगा। विरोध करने पर पत्नी किरन सोनकर, अर्थराज, पुत्री गुनगुन उर्फ अर्पणा, अनन्य उर्फ कुनाल व उत्कर्ष सोनकर को मारपीट कर घायल कर दिया। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र ने बताया कि कोर्ट के आदेश का अनुपालन होगा। 

सड़क अतिक्रमण में आठ पर प्राथमिकी, गलत दिशा में मिले दो वाहन सीज

अतिक्रमण के खिलाफ जारी अभियान के तहत शुक्रवार को तीन थानों की पुलिस ने कार्रवाई की। सड़क पर अतिक्रमण करने वाले आठ लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई जबकि गलत दिशा में चलाने पर दो ट्रैक्टर को सीज किया गया। सिगरा पुलिस ने कैंट स्टेशन के पास मौसमी जूस व खाने-पीने के ठेले लगाकर सड़क बाधित करने के आरोप में दीपक कुमार, पिंटू सोनकर व संतोष सोनकर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि कैंट स्टेशन के पास दुकान लगाकर आरोपी रास्ता बाधित कर रहे थे। कछवा रोड क्षेत्र में नेशनल हाईवे किनारे तीन ढाबा संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, चित्रसेनपुर में हाईवे किनारे ढाबे के सामने ट्रक खड़ा मिलने पर सूरज कुमार यादव, गुड़िया गांव में ढाबे के आसपास ट्रक पार्क कराए जाने पर राहुल पाल और तमाचाबाद में ढाबे के सामने ट्रक खड़े कर चालकों को खाना खिलाने पर विजय कुमार गोड़ पर कार्रवाई की गई। वहीं, अल्लोपुर पेट्रोल टंकी व उदयपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान लालबहादुर सिंह निवासी पवारेपुर चोलापुर की चार पहिया वाहन को विपरीत दिशा में पाया, जबकि दुखंतु कुमार निवासी सैदूपुर थाना चकिया बिना नंबर प्लेट के ट्रैक्टर चला रहे थे। पुलिस ने दोनों पर प्राथमिकी दर्ज कर वाहनों को सीज कर दिया।

लापता युवक की तलाश में एनडीआरएफ ने गंगा में की खोजबीन
चौबेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चांदपुर निवासी राजकुमार सोनकर (24) सात दिन पहले घर से निकला और लौटा नहीं। युवक की मां बीद्या देवी ने चौबेपुर थाने में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई है। रविवार को लापता युवक का चचेरा भाई राजू सोनकर रिंग रोड से चंदौली की ओर जा रहा था। तभी बभनपुरा गंगा नदी के पुल के किनारे राजकुमार का शर्ट, जैकेट व जूता दिखाई दिया। परिजनों को आशंका है कि वह गंगा में कूद गया है। शुक्रवार को एनडीआरएफ ने गंगा में सर्च अभियान चलाया। इसके पहले चौबेपुर पुलिस खोजबीन कर चुकी है। एनडीआरएफ टीम के साथ बभनपुरा रिंग रोड पुल से लेकर पांच किलोमीटर दूर तक गंगा में देर शाम तक खोज अभियान चलाया। थाना प्रभारी चौबेपुर इंद्रेश कुमार ने बताया कि परिजनों के साथ गंगा किनारे तलाश की जा रही है। 

500 रुपये के विवाद में युवक पर कुल्हाड़ी से हमला
500 रुपये के लेनदेन को लेकर एक युवक पर कुल्हाड़ी से हमला करने का मामला सामने आया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बर्थरा कलां निवासी देवी प्रसाद मिश्रा ने बताया कि उनके पुत्र नवीन कुमार मिश्रा उर्फ रतन कुमार ने अंकित यादव उर्फ बीडी को 500 रुपये उधार दिए थे। 17 फरवरी की शाम जब नवीन ने रुपये वापस मांगे तो आजाद चौराहा सोनबरसा के पास दोनों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि अंकित ने कुल्हाड़ी से नवीन के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना इंद्रेश कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।  

छात्र से मारपीट कर मोबाइल तोड़ा
लंका थाना क्षेत्र में 11वीं के छात्र श्रेयांश शुक्ला के साथ मारपीट के बाद आरोपियों ने उसका मोबाइल तोड़ दिया। पिता अक्षत शुक्ला की तहरीर पर पुलिस ने 6-7 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की। घटना उस समय की है जब श्रेयांश स्कूल से घर लौट रहा था। आरोपियों ने रास्ते में उसे घेर लिया और गाली देते हुए मारपीट शुरू कर दी। जाते समय जान से मारने की धमकी दी और मोबाइल भी तोड़ दिया। लंका थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर सीसी कैमरों की जांच की जा रही है। 

अनुमति सीमा के बाद हो रहे डीजे संचालन पर प्राथमिकी दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के रेवड़ी तालाब में अनुमति सीमा के बाद डीजे का संचालन करने और रूट से बाहर बरात ले जाने के मामले में डीजे संचालक आर्यन राय उर्फ बबलू के खिलाफ चौकी प्रभारी शिवम श्रीवास्तव ने प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोप है कि पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी, तभी देखा गया कि डीजे 75 प्रतिशत से अधिक सड़क घेरकर चल रहा था, जिससे जाम की स्थिति हो गई। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

ताला तोड़कर नकदी और आभूषण चोरी
बुद्धनगर कॉलोनी फेज-2 में चोरों ने शुभम कुमार सागर के घर को खंगाल कर तीन लाख रुपये और आभूषण चोरी कर लिए। भुक्तभोगी की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली। शुभम परिवार समेत शादी में शामिल होने के लिए जौनपुर गए थे। एक सप्ताह बाद शुक्रवार को लौटने पर देखा कि मकान के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ है और कमरों में सामान बिखरा पड़ा है। जांच करने पर बक्से में रखे तीन लाख रुपये और जेवरात गायब थे। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।  

मारपीट में युवक का कान काटा
लंका थाना क्षेत्र के छित्तूपुर ट्यूबवेल के पास रहने वाले शिवम शर्मा ने चाचा अशोक शर्मा और बेटे निखिल पर मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई। तहरीर में बताया कि आरोपी ने नल पर कपड़े रख दिए थे, विरोध करने पर आरोपी ने पीछे से पकड़कर कान काट कर अलग कर दिया। सीने पर ईंट से प्रहार किया। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद

साड़ के हमले से दो बुजुर्ग घायल
फूलपुर थाना क्षेत्र के मिराशाह तिराहे पर शुक्रवार शाम पांच बजे साड़ के हमले में दो बुजुर्ग घायल हो गए। घायलों की पहचान सफाई सोनकर (60) निवासी मिराशाह और सिद्घू यादव (65) निवासी असिला के रूप में हुई। बताया गया कि साड़ मिराशाह तिराहे पर अकसर राहगीरों को घायल कर देता है। 

मारपीट में दो नामजद समेत चार पर प्राथमिकी

चौबेपुर क्षेत्र के नरायनपुर गांव में जूस की दुकान पर युवक के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर दो नामजद समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। भग्गू सोनकर की जूस की दुकान पर जूस पीने गया था। आरोप है कि बबलू यादव ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और विरोध करने पर मारपीट की। उसने फोन कर रवि यादव निवासी नरायनपुर समेत दो अन्य को बुलाया और फिर से मारपीट की। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।  

आभूषण की दुकान से चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार
पांडेयपुर स्थित आभूषण की दुकान से सोने-चांदी के आभूषण चुराकर भागी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से चोरी गए गहने बरामद हुए। पुलिस के अनुसार 27 जनवरी को लालपुर-पाण्डेयपुर स्थित ज्वैलर्स की दुकान पर शीला देवी पत्नी सोनू विश्वकर्मा निवासी सिकिया मिर्जापुर गहना खरीदने पहुंची थी। दुकानदार ने उसे गहने दिखाए इस बीच वह दूसरे ग्राहक में व्यस्त हो गया। महिला ने मौका पाकर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ली। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज के आधार पर पुलिस ने 19 फरवरी शाम कैण्ट थाना के पास से गिरफ्तार क्षेत्र से आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से पूर्व चोरी गए माल की बरामदगी व शिनाख्त की गई।
  
बच्चा चोरी का आरोप लगाकर युवती को पकड़ा
नगर के गोलाघाट वार्ड में शुक्रवार देर शाम बच्चा चोरी का आरोप लगाते हुए कुछ लोगों ने एक युवती को पकड़ लिया। पुलिस युवती को थाना ले आई। थानाध्यक्ष दुर्गा सिंह का कहना है कि आरोपी युवती रतनपुर-पड़ाव मुगलसराय कोतवाली, चंदौली निवासिनी हैं। परिजनों से बात करने पर पता चला कि युवती की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। परिजनों को बुलाया गया है। बच्चा चोरी की कोई शिकायत नहीं की गई है।  
 
भेलूपुर क्षेत्र में कल शाम को बाधित रहेगी जलापूर्ति
जलकल विभाग की ओर से भदैनी स्थित इन्टेकवेल पर बिजली पैनलों के रखरखाव और सर्विसिंग का कार्य कराया जाएगा। इसके चलते 22 फरवरी की शाम को भेलूपुर से होने वाली जलापूर्ति पूरी तरह बाधित रहेगी। जलकल विभाग के सचिव विश्वनाथ के अनुसार, भदैनी इन्टेकवेल में स्थित 33 केवी और 11 केवी बिजली पैनलों की सर्विसिंग जरूरी है। सुचारू विद्युत आपूर्ति और भविष्य में मोटर संचालन में कोई तकनीकी बाधा न आए, इसके लिए यह शटडाउन लिया गया है। इस कार्य के कारण भेलूपुर जल संस्थान से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में शाम के समय नलों से पानी नहीं आएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे रविवार सुबह ही अपनी आवश्यकतानुसार पानी का भंडारण (स्टोरेज) कर लें, ताकि शाम को होने वाली कटौती से असुविधा न हो।  

परीक्षा के बाद हंगामा, छात्रों को पीटने का आरोप, चक्काजाम

परीक्षा के बाद राजातालाब थाना क्षेत्र के पयागपुर में श्री प्रकाश इंटरमीडिएट कॉलेज में हंगामा हुआ। बोर्ड की परीक्षा के बाद छात्रों ने पीटने का आरोप लगाते हुए चक्काजाम कर दिया। परीक्षार्थियों का कहना था कि उनके साथ मारपीट की गई है। छात्रों का कहना था कि केंद्र पर विद्यालय की लड़कियां परीक्षा दे रही थी। उन्हें इशारे से सवालों के जवाब बताए जा रहे थे। विद्यालय प्रशासन का कहना था कि परीक्षा कैमरे की निगरानी में हो रही है। वहीं, परीक्षा खत्म होने के बाद परीक्षार्थी पंचकोशी रोड पर बैठ गए और जाम लगा दिया। आरोप लगाया कि विरोध करने पर शिक्षक और चपरासी ने दुर्व्यवहार किया और डंडे से मारा। थानाध्यक्ष राजातालाब ने बताया कि मौके पर मालवीय इंटर कॉलेज बच्छाव के प्रधानाचार्य और अभिभावकों को बुलाया गया। दोनों पक्षों में वार्ता के बाद मामला शांत हो गया। 7 बजे छात्र घरों को चले गए। 
  
रविवार को सभी बूथों पर लगेगा शिविर, बैठेंगे बीएलओ
निर्वाचन आयोग की ओर से रविवार को सभी बूथों पर शिविर लगाया जाएगा। यहां बीएलओ सुबह 10:30 से शाम 4:30 बजे तक बैठेंगे। इस दौरान मतदाता सूची देखने का अवसर दिया जाएगा। जिनका नाम सूची में नहीं होगा, उन्हें फॉर्म प्रदान किए जाएंगे। नाम काटने, जोड़ने, शिफ्ट करने या संशोधन के लिए भी फॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे, जिन्हें भरकर मतदाता जमा कर सकते हैं। मतदाताओं से अपील की गई है कि वे आवश्यक दस्तावेज बीएलओ को उपलब्ध कराएं। उप-जिला निर्वाचन अधिकारी बिपिन कुमार ने बताया कि मतदाता ऑनलाइन आवेदन भी भर सकते हैं।  

जीआरपी ने शुरू की जांच, बनारस और पटना में पहुंची टीम
भटनी रेल खंड पर चलती ट्रेन के प्रथम श्रेणी कोच में सीट दिलाने का झांसा देकर एनसीसी कैडेट से दुष्कर्म के प्रयास का आरोपी टीटीई की गिरफ्तारी के लिए बृहस्पतिवार को जीआरपी देवरिया की टीम ने वाराणसी और पटना में छापेमारी की। हालांकि जीआरपी पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा। मूलरूप से मऊ निवासी छात्रा गोरखपुर में रहकर सेना भर्ती की तैयारी करती है। 15 फरवरी को यात्रा के दौरान उसके साथ टीटीई ने सीट दिलाने के बहाने एसी प्रथम श्रेणी की एक सीट पर ले जाकर अंदर से फाटक बंद कर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया था। आरोपी टीटीई राहुल कुमार पटना के बिहटा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसकी गिरफ्तारी के लिए जीआरपी की एसओजी, सर्विलांस समेत कुल पांच टीमें लगाई गई हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि वह वाराणसी में किराये के मकान में रहता था।

रांग साइड जाकर दूसरी कार और दो बाइकों को मारी टक्कर
आदमपुर थाना क्षेत्र के राजघाट स्थित अजगर शहीद मजार के पास बृहस्पतिवार रात नशे में धूत कार सवार युवकों ने सड़क के दूसरी से आ रही कार में टक्कर मारने के बाद किनारे खड़ी दो बाइकों को क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। गनिमत रही कि हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। घटना के बाद टक्कर मारने वाली कार का दरवाजा लॉक हो गया। किसी प्रकार कार का दरवाजा खींच कर कार सवारों को बाहर निकाला गया। मौका देख युवक भाग निकले। थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना करने वाली कार पर दिल्ली आरटीओ का नंबर रजिस्ट्रट है। कार के अंदर से बीयर और शराब की बोतलें मिली हैं। कार को कब्जे में लेकर युवकों की तलाश की जा रही है।

टीबी मुक्त भारत के भौतिक सत्यापन में अंबा, अमरपट्टी ग्राम पंचायत को गोल्ड

विकासखंड के सीएचसी नरपतपुर में शुक्रवार को टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान के तहत राज्यस्तरीय टीम ने ग्राम पंचायतों का भौतिक सत्यापन किया। चिरईगांव ब्लॉक की 76 ग्राम पंचायतों में से ग्राम पंचायत अंबा और अमरपट्टी को गोल्ड मिला। यहां तीन साल से एक भी टीबी मरीज नहीं मिले। पिछले दो साल वाले 17 ग्राम पंचायत को सिल्वर और 26 ग्राम पंचायतों को कांस्य की संस्तुति की गई। राज्यस्तरीय टीम ने ग्राम पंचायत डूबकिया में एक टीबी मरीज के घर पहुंचकर बातचीत की। टीम ने बराई सेंटर में भी स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ऋतु पाटील ने बताया कि अभियान भारत सरकार की एक प्रमुख पहल है। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय, विनय मिश्र, दिनेश कुमार रहे। नरपतपुर स्वास्थ्य केंद्र पर टीबी अभियान का हुआ सत्यापन : राज्यस्तरीय टीम ने नरपतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भौतिक सत्यापन किया। टीम ने टीबी मरीजों की उपचार व्यवस्था, दवा वितरण व अभिलेखों का निरीक्षण किया। गांव में मरीजों के घर पहुंचकर हालचाल जाना। बराई आम सेंटर का भी निरीक्षण किया। बताया कि चिरईगांव ब्लॉक की 76 ग्राम पंचायतों में से 2 को गोल्ड, 17 को सिल्वर व 26 को कांस्य पदक दिए जाएंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed