फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi Top News Today Headmaster accused of molesting girl students gets bail body of youth found in Ganga

Varanasi Top News: छात्राओं से छेड़खानी के आरोपी प्रधानाध्यापक को मिली जमानत, गंगा में मिला युवक का शव; खबरें

Wed, 11 Mar 2026 11:31 PM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Pragati Chand Updated Wed, 11 Mar 2026 11:31 PM IST
सार

Varanasi News Today: वाराणसी जिले में बुधवार को कई खबरें चर्चा में रहीं। इनमें छात्राओं से छेड़खानी के आरोपी प्रधानाध्यापक को जमानत मिलने और गंगा में युवक का शव मिलने समेत शहर की कई खबरें सुर्खियों में रहीं। 

विज्ञापन
Varanasi Top News Today Headmaster accused of molesting girl students gets bail body of youth found in Ganga
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

शिवपुर थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय में नाबालिग छात्राओं के साथ अश्लील हरकत और छेड़खानी के आरोपी प्रधानाचार्य को अदालत से राहत मिल गई है। विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) अजय कुमार की अदालत ने आरोपी पदमाकर सिंह की जमानत अर्जी मंजूर कर रिहा करने का आदेश दिया। अदालत ने 75-75 हजार रुपये के एक बंधपत्र और समान धनराशि की प्रतिभूति दाखिल करने पर जमानत दी। 

विज्ञापन


अभियोजन पक्ष के अनुसार, शिवपुर थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय के मामले का खुलासा तब हुआ जब 8 फरवरी 2026 को स्कूल की तीन छात्राओं ने परिजनों को प्रधानाध्यापक की हरकतों के बारे में बताया। छात्राओं ने आरोप लगाया कि प्रधानाध्यापक 20 दिनों से उन्हें गलत तरीके से छूते थे और गोद में बैठाकर छेड़खानी करते थे। आरोप है कि आरोपी बच्चों को टॉफी-बिस्किट और अच्छे नंबर दिलाने का लालच देते थे। परिजनों ने शिवपुर थाने में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। 
विज्ञापन


कौथोली की जिला पंचायत सदस्य की स्कॉर्पियो का चालान
बड़ागांव सेक्टर नंबर एक कैथोली की जिला पंचायत सदस्य अर्चना सिंह पटेल की स्कॉर्पियो का बुधवार की शाम मंडुवाडीह चौराहे के पास यातायात पुलिस ने चालान काट दिया। अर्चना सिंह पटेल ने बताया कि मंडुवाडीह के रेस्टोरेंट में परिवार के साथ खाना गई थी, गाड़ी सड़क किनारे थी, जहां पहले से चार वाहन खड़े थे। रेस्टोरेंट संचालक से पूछकर वाहन लगाया गया। यातायात भी सुगम था। किसी तरह का जाम नहीं था। वाहन पर बसपा झंडा देखकर पुलिसकर्मियों ने 500 रुपये का चालान काट दिया। इसकी जानकारी घर पहुंचने पर मोबाइल पर मैसेज से हुई। पति नवीन कुमार त्यागी बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष हैं। नवीन ने बताया कि बृहस्पतिवार को पुलिस के उच्चाधिकारियों से मुलाकात करेंगे।  
विज्ञापन
विज्ञापन


इसे भी पढ़ें; Bhadohi News: पत्नी से कहासुनी के बाद नशे में निकले मजदूर का मिला शव, सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही पुलिस

कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज
कपड़ा बेचने के बहाने मेलजोल बढ़ाकर पैसा लेने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के मामले में कोर्ट में दाखिल प्रार्थना पत्र पर विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट वाराणसी की अदालत ने पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया। प्रार्थना पत्र में थाना क्षेत्र निवासी एक शिक्षक ने आरोप लगाया है कि जौनपुर के मड़ियाहूं मुस्लिम बस्ती निवासी रिहान अंसारी फेरी लगाकर कपड़ा बेचता है। कई बार पत्नी ने उससे कपड़े खरीदे। कई बार अपने अकाउंट में पैसे मंगवाए। जानकारी होने पर जब आरोपी के मोबाइल पर बात की तो वह गाली देने लगा। कहने लगा कि तुम्हारी पत्नी का धर्म परिवर्तन करवा कर उससे शादी करूंगा।  

गंगा में युवक का शव मिला
लंका थाना क्षेत्र के सामनेघाट में मुरारी चौक के सामने बस स्टैंड के पीछे गंगा में युवक 28 साल के युवक का शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। चेहरा खराब होने के कारण शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि शव कहीं से बहकर आया है। जांच की जा रही है। 

दो दिन बाद चोरी में प्राथमिकी दर्ज

बड़ागांव थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव में 9 मार्च को हुई चोरी के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। चोरों ने पांच हजार रुपये सहित सोने-चांदी के आभूषण सहित अन्य सामान चुरा लिए थे। भुक्तभोगी विशाल कुमार सरोज ने तहरीर में बताया कि घटना के दिन वह ड्यूटी पर चला गया था, वापस लौटा तो देखा घर का ताला टूटा था। गांव के सोभनाथ पांडेय के घर भी चोरी हुई थी। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।   

किशोरी को अगवा करने का आरोपी गिरफ्तार
किशोरी को अगवा करने के आरोपी सूरज सोनकर को भेलूपुर पुलिस ने महमूरगंज के मोती झील के पास से बुधवार को गिरफ्तार किया। सूरज मोतीझील तुलसीपुर, महमूरगंज का निवासी है। भेलूपुर प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी को कोर्ट ने जेल भेज दिया है।  

किशोरी से छेड़खानी का आरोपी गिरफ्तार
लालपुर पांडेयपुर पुलिस ने किशोरी से छेड़खानी के आरोपी अमित कुमार को दौलतपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी सिंधोरा के कटौना भदेवली और वर्तमान में दौलतपुर पहड़िया में रहता है। इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को पीड़िता ने आरोपी अमित कुमार के खिलाफ परेशान, मारपीट, छेड़खानी के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। 

प्रयागराज से बाल अपचारी को पकड़ा
किशोरी को बहला-फुसला कर अगवा करने के मामले में बाल अपचारी को मंडुवाडीह पुलिस ने मंगलवार रात प्रयागराज से पकड़ा है। अपहृता को भी बरामद किया गया। मंडुवाडीह इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा ने बताया कि इलाहाबाद हाईकोर्ट के गेट नंबर 4 के पास रेस्टोरेंट से पुलिस ने उसे अभिरक्षा में लिया।  

नगर आयुक्त ने एमआरएफ सेंटर का किया निरीक्षण
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने भेलूपुर के एमआरएफ सेंटर, वेस्ट टू एनर्जी प्लांट का निरीक्षण किया। बेहतर संचालन के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने भेलूपुर क्षेत्र के भवनियां पोखरी के एमआरएफ सेंटर और वेस्ट टू एनर्जी प्लांट का स्थलीय निरीक्षण किया। नगर आयुक्त ने सेंटर के स्थल को अपर्याप्त बताते हुए विस्तार और बेहतर संचालन के लिए शंकुलधारा में ट्रांसफर स्टेशन के पास खाली भूमि पर सेंटर स्थापित करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने वेस्ट टू एनर्जी प्लांट को पूर्ण क्षमता के साथ संचालित करने पर विशेष जोर देते हुए डोर-टू-डोर कचरा संकलन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। काशी को स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल शहर बनाने के लिए कचरा प्रबंधन प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित किया जाए। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त सविता यादव आदि मौजूद रहे।

शॉर्ट सर्किट से दुकान में लगी आग

पंचकोशी चोराहे के पास सड़क के किनारे मंगलवार देर रात शॉर्ट सर्किट से नमकीन की दुकान में आग लग गई। आग से हजारों का नुकसान हुआ। पैगंबरपुर के राजू शाहू की पंचकोशी चौराहे के पास सड़क के किनारे नमकीन की दुकान है। रात 12़ 30 बजे सूचना मिली कि दुकान में आग लग गई है। करीब एक लाख की नमकीन जल गई। रसूलगढ़ निवासी किशन सोनकर के ठेले में आग लग गई थी। इससे 20 हजार का फल जल गया। दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी है। जांच की जा रही है।  

शिक्षामित्र की इलाज के दौरान मौत, गांव में शोक
कौवापुर गांव निवासी शिक्षा मित्र शेख मुहम्मद असगर (49) की इलाज के दौरान मंगलवार देर रात मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। शेख मुहम्मद असगर प्राथमिक विद्यालय कौवापुर में शिक्षा मित्र थे। इन दिनों उनकी ड्यूटी एसआईआर के लिए 363 पंचायत भवन बहरामपुर में लगाई गई थी। 13–14 दिन पहले उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। उन्होंने विद्यालय से 24 और 25 फरवरी को अवकाश ले लिया। परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए पहले न्यू सहारा हॉस्पिटल कजाकपुरा में भर्ती कराया। सुधार न होने पर पहड़िया के निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें पीलिया से ग्रसित बताया और इलाज शुरू किया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें बेहतर बीएचयू अस्पताल ले गए। जहां उनकी मौत हो गई।  

बागपत के दर्शनार्थी की काटी जेब, 31 हजार रुपये थे
बागपत से काशी दर्शन के लिए दर्शनार्थी विजयपाल सिंह की ब्रह्ननाल सब्जी मंडी गली से आगे चाय की दुकान के पास जेब काट ली गई। जेब में 31500 रुपये थे। सोमवार दोपहर चौक पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। बागपत के चादी थाना क्षेत्र के फुलेरा गांव निवासी विजय पाल सिंह ने पुलिस को बताया कि वह परिवार के साथ काशी आए थे। गेट नंबर 4 की तरफ जा रहा था इसी बीच इत्र और चाय की दुकान के पास रुके तभी जेब काट ली गई। 500-500 के 63 नोट चोरी कर लिए गए। चौक इंस्पेक्टर दिलीप मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।  
 
प्राथमिक विद्यालय के बच्चों ने वार्षिकोत्सव में जमकर मचाया धमाल
प्राथमिक विद्यालय, चंद्रावती में बुधवार को उड़ान थीम पर वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन हुआ। शुभारंभ जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) सारनाथ के प्राचार्य उमेश कुमार शुक्ला ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। होली खेले मसाने में, महारास, आदि योगी और आलू की बरात गानों पर बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि डायट प्राचार्य उमेश कुमार शुक्ला ने कहा कि वर्तमान समय में बेसिक शिक्षा का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए विभिन्न नवाचार किए जा रहे हैं। बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक, रचनात्मक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने विद्यालय द्वारा इको क्लब के माध्यम से चलाए जा रहे प्लास्टिक मुक्त अभियान की सराहना की। भाजपा प्रदेश मंत्री मीना चौबे ने कहा कि बेटियों को शिक्षित बनाना समाज के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। संचालन शिक्षिका डॉ. सुमन कुमारी और धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेश राम ने किया। अपूर्व तिवारी, डायट प्रवक्ता गोविंद चौबे, पवन चौबे ,पी.एन. यादव, दुर्गा सिंह, जितेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।  

14 मार्च को राष्ट्रीय लोक अदालत

जनपद में 14 मार्च को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए बुधवार को जिला न्यायालय परिसर से जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष संजीव शुक्ला ने वाहनों को रवाना करते हुए कहा कि प्रचार वाहन आम लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रति जागरूक करेंगे, जिससे अधिक से अधिक मामलों का आपसी सहमति से निस्तारण कराया जा सके। इस अवसर पर भूमि अर्जन एवं दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी सत्यानन्द उपाध्याय, अपर जनपद न्यायाधीश व राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी आलोक कुमार आदि मौजूद रहे।  

स्वर्वेद महामंदिर परिसर में साइबर अपराध से बचाव के लिए चला जागरूकता अभियान
स्वर्वेद महामंदिर परिसर में बुधवार को साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी देते हुए सतर्क रहने की अपील की। उपनिरीक्षक चंद्रमोहन यादव, कांस्टेबल शशि सरोज तथा महिला कांस्टेबल अंजलि ने लोगों को बताया कि अनजान कॉल, लिंक या ओटीपी साझा करने से बचें और किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज पर तुरंत सावधान रहें। पुलिसकर्मियों ने बताया कि यदि किसी के साथ साइबर ठगी की घटना होती है तो वह तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज करा सकता है। 

सिलिंडर में घटतौली, ब्लैक मार्केटिंग पर अंकुश लगाने की मांग
सिलिंडर की ब्लैक मार्केटिंग का आरोप लगाकर सपा नेताओं ने नाराजगी जताई। घरेलू, कमर्शियल सिलिंडर में घटतौली और मूल्य में धांधली को लेकर सपा ने जिला आपूर्ति कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया। पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा के नेतृत्व में जिला आपूर्ति अधिकारी से मुलाकात कहा कि अधिकांश इलाकों में उपभोक्ताओं ने ट्रॉली मैन पर निर्धारित मूल्य से अधिक पैसा लेने की शिकायत दर्ज कराई। पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के महानगर अध्यक्ष विवेक कहार ने अधिकारियों से कहा कि उपभोक्ताओं की ओर से जब अधिक मूल्य का विरोध किया जाता है तो ट्रॉली मैन बदसलूकी करते हैं। गैस एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया जाए कि ट्रॉलीमैन उपभोक्ताओं को सिलिंडर देते समय इलेक्ट्रॉनिक मशीन से वजन कर ही दें। जिला आपूर्ति अधिकारी ने कहा कि जल्द ही कड़े निर्देश जारी कर दिए जाएंगे। संजू विश्वकर्मा, गोपाल पांडेय, दुर्गा यादव, प्रभाकर यादव, कुलदीप कुमार, राजकुमार मौर्या, मनीष यादव, उमेश यादव रहे। 

माहेश्वरी महिला संगठन : अध्यक्ष बनी अलका बाहेती, मंत्री बनी लक्ष्मी लड्ढा
माहेश्वरी महिला संगठन वाराणसी की अलका बाहेती अध्यक्ष व लक्ष्मी लड्ढा मंत्री चुनी गईं। समाज के प्रचार मंत्री गौरव राठी ने बताया कि बुधवार को माहेश्वरी भवन, महमूरगंज में निर्वाचन अधिकारी मधु मंत्री और पुष्पा धूत की देखरेख में सर्वसम्मति से चुनाव हुआ। इसमें प्रज्ञा बजाज कोषाध्यक्ष, शशि राठी उपाध्यक्ष, संतोष सारडा संगठन मंत्री, भावना लड्ढा उपमंत्री, सुनीता राठी प्रचार मंत्री, राजश्री सोमानी एवं संतोष चांडक सांस्कृतिक मंत्री, प्रेमा लड्ढा और विनीत बजाज को संचार मंत्री चुना गया। इस मौके पर लोकेंद्र करवा, दीपक माहेश्वरी, लाला चांडक और गौरव राठी ने नई टीम को गुलदस्ता भेंट कर शुभकामनाएं व बधाई दी। 

महिलाओं ने बजड़े पर मनाया महिला दिवस, होली उत्सव
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस और होली उत्सव का आयोजन बुधवार को किया गया। तुलसी घाट से महिलाओं ने बजड़ा बुक किया। महिलाओं ने फूलों की होली खेली और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। एक-दूसरे को गुलाल का टीका लगाकर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बजड़े पर ही गीत-संगीत कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भू देवश्री चैरिटेबल ट्रस्ट और लोकनाथ सिंह मेमोरियल ट्रस्ट के तत्वावधान में हुआ। कार्यक्रम में भू देवश्री चैरिटेबल ट्रस्ट की अध्यक्ष देवश्री शांडिल्य और सचिव नीतू सिंह तथा लोकनाथ सिंह मेमोरियल ट्रस्ट की अध्यक्षा वंदना रघुवंशी समेत अन्य महिलाएं मौजूद रहीं।  

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed