वाराणसी की टॉप खबरें: तालाब में मिला महिला का शव, बिजली कर्मियों के साथ मारपीट समेत पढ़ें- दिनभर की हलचल
Varanasi Top News: वाराणसी जिले में सोमवार को कई खबरें चर्चा में रहीं। इनमें तालाब में महिला का शव मिलने और किन्नरों के दो गुट में मारपीट की घटना का मामला सुर्खियों में रहा।
विस्तार
मिर्जामुराद क्षेत्र के करधना गांव स्थित एक तालाब में सोमवार को एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते तालाब पर सैकड़ों की संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची दो थानों की पुलिस के बीच काफी देर तक सीमा विवाद चला, फिर दोपहर में शव बाहर निकाला गया। इस दौरान घंटों बाद भी महिला के शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। इस बीच मिर्जामुराद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...
किन्नरों के दो गुट में हुआ बवाल
वाराणसी जिले में किन्नरों के दो गुट में सोमवार को बवाल हो गया। दोनों गुट नेग लेने के लिए क्षेत्र को लेकर विवाद हुआ था। मामले को लेकर दोनों गुट सीपी कार्यालय पहुंच गया और जमकर हंगामा काटा। इस दौरान एक गुट ने दूसरे गुट के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिसकर्मियों ने दोनों गुटों को समझाबुझाकर वापस भेजा।
चेकिंग के लिए गई बिजली विभाग की टीम से मारपीट
जिले के ओंकालेश्वर इलाके में बिजली चेकिंग करने गए बिजली विभाग के एसडीओ अनिल कुमार शुक्ला और अन्य बिजली कर्मियों के साथ मारपीट की गई। बताया जा रहा है कि बिजली विभाग की टीम खुद को अधिवक्ता बताने वाले युवक के घर बिजली काटने पहुंची थी। इस दौरान घटना हुई। वहीं घटना के बाद बिजलीकर्मी शिकायत लेकर थाने पर पहुंचे। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...
एयरपोर्ट विस्तारीकरण को लेकर ग्रामीणों ने किया हंगामा
वाराणसी में बुलडोजर एक्शन, रोपवे के निर्माण में बाधक बन रहे भवनों को किया गया ध्वस्त
वाराणसी में रोपवे के निर्माण में बाधक बन रहे भवनों के खिलाफ तोड़फोड़ की कार्रवाई वीडीए ने शुरू कर दी है। सोमवार को गिरजाघर से गोदौलिया के बीच जल योग मिठाई की दुकान के पास कुछ भवनों को बुलडोजर लगाकर तोड़ा गया। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...
वाराणसी नगर निगम सदन की बैठक सोमवार को टाउनहॉल में हुई। हालांकि ये बैठक हंगामे की भेंट चढ़ी। बैठक के दौरान सदन में गणेशपुर सपा पार्षद संदीप यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के मामले में हंगामा हो गया। दरअसल, सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करने गए पार्षद के खिलाफ कार्य करा रहे संबंधित ठेकेदार द्वारा मुकदमा दर्ज कराया गया था। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...
रेलवे बोर्ड के अतिरिक्त सदस्य ने वाराणसी कैंट स्टेशन का जाना हाल
रेलवे बोर्ड के अतिरिक्त सदस्य राजेश पाठक ने सोमवार की सुबह वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान महाकुंभ की तैयारियों को परखा। नई दिल्ली से जयनगर जाने वाली स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस से उतरते ही निरीक्षण की शुरुआत प्लेटफॉर्म 4, 5 के विकास कार्यों से की। सेकंड एंट्री होल्डिंग एरिया, रोपवे की कार्य प्रगति ,यात्री आश्रय टिकट घर पर पहुंचकर यात्रियों से संवाद किया। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...
मृत मिला नवजात शिशु
विश्वनाथ मंदिर के पास बह रहा सीवर
एयरपोर्ट पर ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाने का काम शुरू
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बाबतपुर पर नए राडार साइट से एटीसी टावर तक आप्टिकल फाइबर केबल बिछाने का काम रविवार से शुरू हो गया। इस परियोजना के तहत एयरपोर्ट की संचार और इंफ्रास्ट्रक्चर, परिचालन दक्षता को बढ़ावा मिलेगा। अधिकारियों ने बताया कि कार्य शुरूआत के दौरान विशेष दिशा निर्देश दिया गया।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के तहत व्यवस्थाएं काफी आधुनिक की जा रही हैं। न्यू टर्मिनल भवन के निर्माण कार्य के साथ ही अन्य कई कार्य एयरपोर्ट पर शुरू हुए हैं। नए राडार साइट से एटीसी टावर तक ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाए जाने के बाद कम्प्युनिकेशन और बेहतर होगी। इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतर होने से उड़ानों की संख्या में वृद्धि होगी।
पेट में घोंप दी कैंची, सात पर मुकदमा
सुंदरपुर निवासी चंदन गौड़ ने भेलूपुर थाने में सात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला और अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया है। चंदन ने बताया कि वह महमूरगंज से अपने घर जा रहा था। बड़ी पटिया के पास पहुंचा कि राजा खान, उसका भाई सीलू और पांच अन्य लोग उसे गाली देते हुए पकड़ कर मारने लगे। मारपीट के दौरान राजा खान ने उसे पीछे से पकड़ लिया। इसके बाद राजा खान एक दर्जी की दुकान से कैंची लाकर उसके पेट में घोंप दी। राजा खान ने कैंची से वार कर सिर भी फोड़ दिया। डॉक्टर ने सिंर पर पांच और पेट में छह टांका लगाया है। ब्यूरो
नाइक और अंडर आर्मर के नकली उत्पाद बेच रहा था
नाइक और अंडर आर्मर के नकली उत्पाद रखने और बेचने के आरोप में चौक थाने में हड़हासराय निवासी दुकानदार दिलशाद खान के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। नई दिल्ली के मथुरा रोड स्थित सुखदेव विहार के रहने वाले मुकेश कुमार ने पुलिस को बताया कि वह नाइक और अंडर आर्मर के प्रतिनिधि हैं। हड़हासराय स्थित रूबीना फैशन स्ट्रीट में नाइक और अंडर आर्मर का नकली सामान बिकता है। दुकान से नाइक के 60 लोअर, 106 जैकेट, 23 टीशर्ट, नौ चप्पल और अंडर आर्मर के 13 जैकेट व 26 लोअर मिले।
मेडिकल स्टोर से नकदी चुराने का आरोपी गिरफ्तार
चोरी के पांच दोपहिया वाहन के साथ चार गिरफ्तार
सिगरा थाने की पुलिस ने चोरी के पांच दोपहिया वाहन के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान कौशांबी जिले के अकरा महाबीरपुर गांव के शुभम त्रिपाठी व चौराडीह गांव के अंकुश त्रिपाठी और प्रयागराज के तुलसीपुर रसूलपुर के जमन खान व अहमदगंज के मोहम्मद अमन के रूप में हुई है। एसीपी चेतगंज गौरव कुमार ने बताया कि चारों आरोपियों को सिगरा थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा और उनकी टीम ने पकड़ा है। चारों आरोपियों का अंतरजनपदीय गिरोह है। अंकुश के खिलाफ 10, मोहम्मद अमन के खिलाफ सात, शुभम के खिलाफ पांच और जमन के खिलाफ पांच मुकदमे दर्ज हैं।
पति समेत पांच के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज
विवाहिता ने पति समेत अन्य सदस्यों के खिलाफ मिर्जामुराद थाने में दहेज उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज कराया। विवाहिता का आरोप है कि एक सप्ताह तक कमरे में बंद करके रखा गया। भोजन पानी तक नहीं दिया गया। जंसा थाने क्षेत्र के मीरवान निवासी लक्ष्मी का आरोप है कि चित्रसेनपुर गांव निवासी पति सुधीर गौड़, सास- ससुर, जेठ, जेठानी और देवर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते हैं।
अस्पताल में तोड़फोड़ मामले में सात पर केस दर्ज
बहू पर किया धारदार हथियार से वार, गिरफ्तार
आषाढ़ गांव में सास, ससुर और बहू के बीच मारपीट मामले में आरोपी ससुर को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोप है कि ससुर ने धारदार हथियार से बहू पर वार किया था, जिसमें बहू की अंगुली कट गई है। बहू ने सास व ससुर के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस ने बताया कि पीड़िता वर्षा देवी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी ससुर मुन्ना लाल पटेल को गिरफ्तार किया गया।
गबन के आरोपी के घर कुर्की का नोटिस चस्पा
धोखाधड़ी और गवन के आरोपियों के घर रविवार को कपसेठी पुलिस ने कुर्की की नोटिस चस्पा करने की कार्रवाई की। थाना क्षेत्र के दांदूपुर धवकलगंज निवासी आरोपी रमेश पटेल व तत्कालीन ग्राम पंचायत अधिकारी सुरेंद्र प्रसाद निवासी दामोदरपुर थाना कछवा मिर्जापुर, हाल पता दादूपुर बड़ागांव गवन के मुकदमे में फरार है। आरोपियों के घर न्यायालय के आदेश पर नोटिस चस्पा किया गया।
साजिश के तहत जमीन बेचने का आरोप, केस दर्ज
मारपीट और छेड़खानी का आरोप, केस दर्ज
लहरतारा स्थित पुरुषोत्तम नगर कॉलोनी निवासी महिला ने चाचा पर मारपीट और छेड़छाड़ का कैंट थाने में केस दर्ज कराया। पीड़िता का आरोप है कि राजा बाजार, नदेसर निवासी आरोपी चाचा ने मारपीट और छेड़छाड़ की। तहरीर के केस दर्ज किया गया।
बंद मकान से आभूषण और नकदी चुरा ले गए चोर
सिंहपुर क्षेत्र की अरिहंद नगर कॉलोनी में शनिवार की रात चोर एक बंद मकान से लाखों रुपये के आभूषण और नकदी चुरा ले गए। भुक्तभोगी की सूचना पर रविवार की सुबह सारत्नाथ थाने की पुलिस ने मौका मुआयना किया। गाजीपुर के दुल्लहपुर के मूल निवासी रामाश्रय यादव सारनाथ थाने के सिंहपुर क्षेत्र की अरिहंद नगर कॉलोनी में मकान बनवा कर परिवार के साथ रहते हैं।
मेडिकल स्टोर से नकदी चुराने का आरोपी गिरफ्तार
ईश्वरगंगी स्थित मेडिकल स्टोर से 7220 रुपये चुराने के आरोपी को जैतपुरा थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मिसिरपुर निवासी रितेश प्रजापति के रूप में हुई है। उसके पास से 1320 रुपये बरामद किए गए है। लोहता के मिडिल स्कूल में चोरी करने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
नारियल पानी बेचने का झांसा देकर एक लाख की ठगी
इंडिया मार्ट पर नारियल पानी का धंधा शुरू करने का हवाला देकर साइबर जालसाजों ने पीड़ित के बैंक खाते से एक लाख रुपये उड़ा दिए। पीड़ित ने कोनिया विजयीपुरा निवासी पीड़ित शिवप्रकाश यादव ने आदमपुर थाने में केस दर्ज कराया।
बीएचयू कैंपस में मिट्टी ढोने वाले सात ट्रैक्टर पकड़े
पतंग पकड़ते समय किशोर करंट की चपेट में आया, झुलसा
लंका थाना क्षेत्र के छित्तूपुर में सरकारी ट्यूबवेल के पास रहने वाला किशन (9) पतंग पकड़ते समय छत के ऊपर से गुजरे बिजली के तार की चपेट में आ गया। हादसे में किशोर के सिर का पिछला हिस्सा और दायां हाथ झुलस गया। घटनास्थल के समीप से गुजर रहे लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा शोरगुल सुनकर मौके पर पहुंचे। लंका थानाध्यक्ष ने बच्चे को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भिजवाया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताई है।
उद्यमियों ने की मुआवजे की मांग, बिना नोटिस ध्वस्तीकरण पर नाराजगी
रामनगर-पड़ाव चौराहा मार्ग के चौड़ीकरण के दायरे में आ रहे निर्माण को बिना नोटिस के ध्वस्त किया जा रहा है। इसका मुआवजा भी नहीं दिया जा रहा है। पीडब्ल्यूडी की मनमानी से उद्यमियों में आक्रोश है। यह बातें रविवार को लहुराबीर स्थित होटल में लघु उद्योग भारती काशी प्रांत की बैठक में उद्यमियों ने कहीं। लघु उद्योग भारती काशी प्रांत के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने कहा कि रामनगर पड़ाव मार्ग स्थित भोजपुर में राजस्व विभाग के दस्तावेज में सड़क की चौड़ाई 15 मीटर दर्ज है। लेकिन पीडब्ल्यूडी के अधिकारी सड़क की चौड़ाई 26 मीटर निर्धारित कर मुआवजा नहीं देना चाह रहे हैं। बैठक में सुशील पटेल, नवीन सिंह, रामलखन यादव, ज्योति शंकर मिश्रा, विनय प्रताप सिंह, नंद किशोर गुप्ता, दिनेश गुप्ता आदि रहे।
चौधरी चरण सिंह की जयंती मनाई
किसान फाउंडेशन की ओर से रविवार को कोनिया धोबी घाट स्थित पताल सरदार कटरा में चौधरी चरण सिंह की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में मुख्य अतिथि पूर्व शिक्षा अधिकारी चंद्रजीत यादब ने कहा कि सरकार को किसानों की समस्या का त्वरित समाधान करना चाहिए। चौधरी साहब कहते थे जब किसान खुशहाल होगा तो देश खुशहाल होगा। विशिष्ट अतिथि ईश्वर चंद्र पटेल ने कहा कि खेती व पशुपालन हमारा मुख्य आधार है।
सड़क हादसों में पीसीएस परीक्षा देने जा रहीं दो युवतियों समेत सात लोग घायल
वाराणसी-जौनपुर हाईवे पर रामपुर ओवरब्रिज के पास रविवार की सुबह कोहरे के कारण खड़े ट्रक के पीछे तीन बाइक टकरा गई। हादसों में पीसीएस परीक्षा देने जा रहीं दो युवतियां समेत सात लोग घायल हो गए। जौनपुर जिले के अभ्यर्थियों की यूपी-पीसीएस परीक्षा का केंद्र वाराणसी में था। नईगंज का अतुल चौहान अपनी बहन सपना चौहान, नदी रामपुर की रागिनी सिंह अपने पिता अरुण कुमार सिंह के साथ वाराणसी की तरफ आ रही थीं। घने कोहरे के कारण दोनों की बाइक खड़े ट्रक में टकरा गई। 108 एंबुलेंस के जिला प्रभारी विकास तिवारी ने बताया कि रामपुर के पास हादसा सुबह सात बजे हुआ था। पीएचसी पिंडरा में प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छोड़ दिया गया। संवाद
स्वयं सेवकों ने शव को मुंबई से भिजवाया
अवलेशपुर निवासी कृष्णा प्रजापति (28) की पुणे, महाराष्ट्र में काम करने के दौरान छत से गिरने से मौत हो गई। 21 दिसंबर की घटना के बाबत शव को वाराणसी भेजे जाने की व्यवस्था आरएसएस की ओर से की गई। सोमवार की शाम मजदूर कृष्णा का शव अवलेशपुर स्थित घर पहुंचेगा। परिजनों को घटना की सूचना मिली थी लेकिन आर्थिक तंगी के कारण परिवार पुणे जाने में असमर्थ थे।
प्रतिभावान को आगे बढ़ाकर महिलाओं को मुख्य धारा में लाएं
सिक्किम के पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद चौरसिया ने कहा कि संकल्प के साथ आगे बढ़ें। हर समाज के साथ समरसता का भाव रखते हुए काम करें। अपनी प्रतिभा को निखारें। राजनीति में अपनी भागीदारी बढ़ाएं। अखिल भारतीय चौरसिया महासभा एवं चौरसिया समाज बनारस के नाटी इमली स्थित गणेश मंडपम में आयोजित महासम्मेलन में सिक्किम के राज्यपाल ने बतौर मुख्य अतिथि यह विचार रखे। उन्होंने कहा कि समय के साथ चलने पर ही आगे बढ़ पाएंगे। जिसमें प्रतिभा हो उसे आगे बढ़ाएं।
महिलाओं को भी मुख्यधारा में लाएं। उन्होंने रामखलन और देवनारायण को चौरसिया रत्न देकर विभिन्न क्षेत्र के 14 प्रतिभावानों को भी सम्मानित किया। 200 जोड़ों ने विवाह के लिए परिचय किया। स्वागत महासभा चेयरमैन जगत किशोर चौरसिया, राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप चौरसिया और सुधीर चौरसिया और संचालन डॉ. अजय चौरसिया ने किया। विधायक सुरेंद्र चौरसिया, पूर्व मंत्री कैलाश चौरसिया, पूर्व आईएएस भगवान शंकर, डॉ. रंजू चौरसिया, डॉ. स्वेता चौरसिया आदि शामिल रहे।
