Varanasi News: व्यापारी से 10 लाख रुपये हड़पे, सामूहिक दुष्कर्म का विरोध; पढ़ें वाराणसी की खास खबरें
वराणसी के एक व्यापारी ने जैतपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि उससे 10 लाख रुपये हड़पे गए हैं। वहीं, सामूहिक दुष्कर्म मामले में महिला संगठनों ने अपनी नाराजगी जताई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi Top News: डिगिया निवासी व्यापारी वीरेंद्र कुमार मौर्या ने 10 लाख 23 हजार 133 रुपये हड़पने के आरोप में एक आरोपी के खिलाफ जैतपुरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। व्यापारी वीरेंद्र कुमार मौर्या ने पुलिस को बताया कि उनका जरी के धागे का व्यापार है।
उनके यहां अलीमुद्दीनपुर, अलावल, लोहता निवासी आजाद अहमद का गत सात वर्ष से आना-जाना है। आजाद उनके यहां से जरी का धागा और जरी उधार ले जाता था। पैसे का भुगतान धीरे-धीरे करता था। आजाद पर उनका 10 लाख 23 हजार 133 रुपये का बकाया है। आजाद पैसे मांगने पर टालमटोल करता था। अब फोन करने पर पैसा भूल जाने और जान से मारने की धमकी देता है। जैतपुरा थानाध्यक्ष बृजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
होटल में रूम बुकिंग के नाम पर 83 हजार की ठगी
नगर निगम क्षेत्र में संचालित एक होटल में रूम बुकिंग के नाम पर 83 हजार रुपये की ठगी की गई। होटल के सीईओ की तहरीर पर सिगरा थाने में ट्रैवल्स एजेंसी के संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता सौरभ सिंह ने पुलिस को बताया कि उत्तराखंड की ट्रेवल्स कंपनी हॉलीडे एक्सप्रेस ने दो से पांच फरवरी के लिए कमरा बुक किया था। एजेंट प्रत्यूष पांडेय ने 83 हजार रुपये भुगतान राशि देने के बजाय एक फर्जी रसीद व्हाट्सअप कर दी। होटल के खाते में पैसे नहीं आए तो एजेंट से संपर्क किया गया। काफी प्रयास के बावजूद पैसे का भुगतान नहीं किया गया।
युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना के विरोध में सड़क पर उतरीं
जवाहर नगर एक्सटेंशन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसंपर्क कार्यालय जा रही दखल, ऐपवा और आइसा से जुड़ी महिलाओं व युवतियों को पुलिस ने बुधवार को रोक दिया। सभी ने खजुरी इलाके की युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म पर नाराजगी जताते हुए ज्ञापन सौंप कर त्वरित न्याय और समुचित चिकित्सा की मांग की।
महिलाओं और युवतियों का कहना था कि उन्हें प्रधानमंत्री के जनसंपर्क कार्यालय नहीं जाने दिया गया। सौ मीटर पहले ही पुलिस ने रोक दिया। युवती से सामूहिक दुष्कर्म की घटना यह साबित करती है कि स्मार्ट सिटी काशी में महिलाएं और युवतियां सुरक्षित नहीं हैं। इस घटना को लेकर बनारस महिलाएं बहुत गुस्से में हैं। ज्ञापन देने वालों में इंदू, कुसुम वर्मा, विभू, अनामिका, स्मिता बागड़े, विभा प्रभाकर, विभा वाही, अनन्या, रूमान, मिहिर, प्रियंका शामिल रहीं।
दो वाहनों से 43 मवेशी बरामद, चार गिरफ्तार
कमिश्नरेट की रामनगर और कपसेठी थाने की पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में 43 मवेशियों को बरामद कर चार तस्करों को गिरफ्तार किया। बुधवार को तस्करों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। रामनगर कस्बा में पीएसी तिराहे से पुलिस ने एक पिकअप से 23 पड़वा और 3 पड़िया बरामद किया।
रामनगर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि पशु तस्कर पंचवटी की तरफ से पशु लादकर वाराणसी की तरफ जा रहे थे। तस्करों की पहचान रामनगर थाने के मच्छरहट्टा निवासी हेमंत विश्वकर्मा और जैतपुरा थाने के कमलगढ़ा निवासी मोहम्मद एखलाख के रूप में हुई है। वहीं, कपसेठी थाने की पुलिस ने शकलपुर गांव के पास सड़क किनारे ट्रक पर लादे जा रहे 17 संरक्षित मवेशियों के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया।
कपसेठी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि आरोपियों की पहचान शकलपुर निवासी ट्रक ड्राइवर पंकज कुमार यादव और बाराडीह के शशिकांत उर्फ विक्की सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह संरक्षित मवेशियों को बिहार के दुर्गावती ले जाने की तैयारी में थे। पूछताछ के आधार पर कपसेठी थाने की पुलिस ने पांच नामजद और अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
ट्रैक्टर की टक्कर से सिक्योरिटी गार्ड की मौत
लोहता के केराकतपुर में प्राथमिक स्कूल के पास बुधवार सुबह ट्रैक्टर की टक्कर से एक सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई। लोगों ने ट्रैक्टर रोक कर चालक को पकड़ कर लोहता थाने की पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस चालक और ट्रैक्टर को लोहता थाने ले गई।
लोहता थाना क्षेत्र के सुंदर विहार कॉलोनी निवासी बहादुर राणा (60) लहरतारा में एक ट्रेवल एजेंसी में गार्ड थे। सुबह ड्यूटी से खाली होकर साइकिल से घर जा रहे थे। प्राथमिक स्कूल के पास सामने से तेज गति से आ रहा ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी।
ट्रैक्टर की टक्कर से उनके सिर में गंभीर चोट लग गई और मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी। बहादुर राणा की मौत की सूचना पाकर पत्नी केशरा देवी और इकलौते पुत्र अनिल का रो-रोकर बुरा हाल था।
भाजपा नेता के पुत्र पर प्राणघातक हमले के आरोपी को मिली अग्रिम जमानत
रामनगर थाना क्षेत्र में रंजिश को लेकर भाजपा नेता के पुत्र पर प्राणघातक हमला करने के मामले में आरोपी को कोर्ट से राहत मिल गई। अपर जिला जज (पंचम) यजुवेंद्र विक्रम सिंह की अदालत ने सीहाबीर, साहित्यनाका निवासी आरोपी अक्षय यादव को एक-एक लाख रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया है।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, भाजपा नेता अशोक गुप्ता के पुत्र अभिषेक जायसवाल ने रामनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि 18 फरवरी 2025 की रात सीहाबीर के गेस्ट हाउस में अतिथि आए थे। इसके चलते वह उनकी गाड़ी खड़ी करा रहे थे। उसी दौरान अक्षय यादव उर्फ कल्लू यादव अपने 2-3 साथियों के साथ वहां आया और गाली देने लगा। विरोध किया तो वह लोग उन्हें जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया।
धोखाधड़ी और कूटरचना के मामले में मुकदमा दर्ज करने का आदेश
कूटरचित दस्तावेज के आधार पर धोखाधड़ी कर फर्जी दान विलेख करवा लेने के मामले में अदालत ने सख्त रुख अपनाया है। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (तृतीय) पवन कुमार सिंह की अदालत ने तीन सगे भाइयों आशुतोष अग्रवाल, अश्विनी अग्रवाल और अमृत अग्रवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना करने का आदेश लंका थाने की पुलिस को दिया है।
लंका निवासी जितेंद्र खंडेलवाल ने अदालत में प्रार्थना पत्र दिया था। आरोप है कि उन्होंने और उनके सगे भाई मनोज खंडेलवाल ने सगे चाचा से लंका में 2000 वर्ग फीट जमीन का दान विलेख अपने सगे चाचा श्रीनाथ खंडेलवाल से दो सितंबर 2014 को कराया था। उस पर अपना नाम भी चढ़वा लिया था।
इस बीच, तीन सगे भाइयों ने चाचा से शेष बची 440 वर्ग फीट जमीन की रजिस्ट्री कराई। विक्रय विलेख में स्पष्ट लिखा था कि श्रीनाथ खंडेलवाल ने अपने संपूर्ण अंश की रजिस्ट्री कर दी है और अब शेष जमीन नहीं बची है। बाद में बेईमानी की नीयत से तीनों भाइयों ने धोखाधड़ी और कूटरचना करते हुए उनकी दान की भूमि का फर्जी दान विलेख अपने पिता कामता प्रसाद अग्रवाल के पक्ष में करवा लिया।
उनके चाचा और कामता प्रसाद की मृत्यु के बाद तीनों आरोपी उनकी भूमि पर कब्जा करने का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर तीनों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने सूचना पुलिस को दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई तो वह अदालत की शरण में गए।
जंगली सुअर के हमले में दो भाई घायल
फसलों की सुरक्षा के लिए इन दिनों किसान रात भर जाग रहे हैं। तोफापुर गांव में जंगली सुअर किसानों पर हमला कर रहे हैं। तोफापुर निवासी मुरारी यादव अपने दो बेटों के साथ फसल की सुरक्षा के लिए रहते हैं। बुधवार सुबह खेत पर आए जंगली सुअर ने मुरारी यादव के दोनों बेटों सोनू (32) और मोनू (28) पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। परिजनों ने दोनों का इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में कराया।
जीएनएम कोर्स की डिग्री देने के बहाने 2.25 लाख की ठगी
मिर्जामुराद के भोजपुर (रूपापुर) की रानी पटेल के प्रार्थना पत्र पर अदालत के आदेश से तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।
रानी पटेल ने पुलिस को बताया कि रूपापुर के अरुण शर्मा व चंद्र कुमार शर्मा और लोहरापुर की डॉ. रेखा वर्मा ने 2019 में उन्हें तीन वर्षीय जेएनएम कोर्स की डिग्री दिलाने का झांसा देकर 2 लाख 25 हजार रुपये लिए। न प्रमाणपत्र और न ही डिग्री मिली। इसकी शिकायत मिर्जामुराद थाने में करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। विवश होकर उन्होंने अदालत की शरण में जाकर कार्रवाई की गुहार लगाई।
समाचार पत्र विक्रेताओं ने मुकदमा दर्ज होने पर जताई नाराजगी
मिर्जामुराद के कछवां रोड निवासी समाचार पत्र विक्रेता विनय मिश्रा और उनके सहयोगियों पर मुकदमा दर्ज होने पर समाचार पत्र विक्रेताओं और स्थानीय पत्रकारों में आक्रोश है। विनय मिश्रा ने कहा कि क्षेत्र में चल रहे अवैध खनन की शिकायत उन्होंने स्थानीय थाने की पुलिस और अधिकारियों से की थी।
नाराज होकर अवैध खनन कराने वालों ने उन पर और उनके करीबियों पर मिर्जामुराद थाने में झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया। विक्रेताओं और स्थानीय पत्रकारों ने कहा कि वह जल्द ही डीसीपी गोमती जोन से मिलकर उन्हें मामले से अवगत कराएंगे।
प्रतिबंधित पक्षियों के साथ एक गिरफ्तार
गुरुबाग स्थित गुरुद्वारा तिराहे से प्रतिबंधित पक्षियों के साथ वन विभाग की टीम ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया। पक्षियों को सारनाथ स्थित मिनी जू में रखा गया है। उप वन क्षेत्राधिकारी राजकुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक तस्कर 80 लाल मुनिया और 3 तोता लेकर गुरुद्वारा तिराहे पर मौजूद है। सूचना के आधार पर सलेमपुरा, आदमपुर निवासी नईम खान को प्रतिबंधित पक्षियों के साथ पकड़ा गया। उसके खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
तीन पशु तस्करों पर गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा
संरक्षित पशु की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई रोहनिया थानाध्यक्ष विवेक कुमार शुक्ला की तहरीर पर की गई है। बताया कि बदायूं के पठान टोला, सहसवान का रहने वाला आमिर उर्फ मोहम्मद शादाब गिरोह चलाता है। उसके गिरोह का सदस्य प्रयागराज के नीबी लोहगरा, बारा, यमुना नगर का मोहम्मद लईक और कौशांबी के करारी का मोहम्मद इरफान है। तीनों संरक्षित मवेशियों की तस्करी अपने आर्थिक लाभ के लिए करते हैं।
गांजा पीने का विरोध करने पर मैनेजर को स्टाफ ने पीटा
लंका के स्वास्तिक प्लाजा के स्टैंड में काम करने वाले करौंदी निवासी गोलू ने गांजा पीने का विरोध करने पर मैनेजर त्रिभुवन प्रकाश के साथ गालीगलौज करते हुए मारपीट की। त्रिभुवन की शिकायत पर गोलू के खिलाफ लंका थाने में केस दर्ज किया गया है।
त्रिभुवन प्रकाश ने बताया कि रात में स्टैंड का निरीक्षण करने के लिए वह सिक्योरिटी गार्ड के साथ गए थे। स्टैंड के भीतर बने कमरे का दरवाजा बंदकर गोलू गांजा पी रहा था। गार्ड के आवाज देने पर गोलू ने दरवाजा खोला। मैनेजर ने गांजा पीने पर नाराजगी जताते हुए डांटा तो गोलू ने गालीगलौज कर पिटाई कर दी।
डेबिट कार्ड चुरा कर खाते से 1.40 लाख निकाले
जंसा थाने में बहरा (पंपापुर) गांव के लक्ष्मी नारायण प्रसाद ने मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस को बताया कि उनका बैंक खाता चक्का हरहुआ में है। खाते से संबंधित डेबिट कार्ड चोरी हो गया। कार्ड से 2 से 6 मार्च तक एक लाख चालीस हजार रुपये निकाल लिए गए। मोबाइल पर मैसेज आने पर पता चला। जंसा थाने की पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ट्रॉली और उस पर लदा तीन कुंटल गेहूं चोरी
लोहता के लखमीपुर गांव में घर के सामने गेहूं लादे खड़ी ट्रॉली चोर चुरा ले गए। चोरी की घटना सीसी कैमरे में कैद हुई है। भुक्तभोगी की शिकायत पर लोहता थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है। भृगुनाथ पटेल ने बताया कि मंगलवार रात घर के दरवाजे के सामने एक ट्राॅली पर साढ़े तीन कुंटल गेहूं लाद कर रखा गया था। रात में चोर ट्रॉली सहित गेहूं चुरा ले गए। बुधवार सुबह सोकर उठे तो देखा कि ट्राॅली और गेहूं गायब है। चोरी की घटना सीसी कैमरे में कैद है। भृगुनाथ पटेल ने चोरी की सूचना लोहता थाने की पुलिस को दी है।
तेज रफ्तार कार घुसी, छज्जा गिरा और टिनशेड उखड़ा
कालिका धाम-भाऊपुर मार्ग पर बरनी बाजार में किराने की दुकान के सामने के छज्जे में मंगलवार रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर घुस गई। छज्जा गिर पड़ा और उसके नीचे सो रहे दो बच्चे बाल-बाल बच गए।
हादसे के बाद कार लेकर भाग रहे चालक का स्थानीय लोगों ने पीछा कर चौखंडी रेलवे क्रॉसिंग के पास उसे रुकवा लिया। फिर उसे जंसा थाने की पुलिस के हवाले कर दिया। भुक्तभोगी मदन गुप्ता ने बताया कि उनकी किराना की दुकान है। हादसे के समय उनका नाती साहिल (12) और कृष (8) एक ही चारपाई पर छज्जे के नीचे सो रहे थे। गनीमत रही कि वह बच गए।
बीएचयू में 3 दिन आर्टिस्ट लेंगे मधुबन पेंटिंग की कार्यशाला
बीएचयू में 15 से 17 अप्रैल के बीच तीन दिन तक मधुबनी पेंटिंग पर कार्यशाला रखी गई है। छात्र अधिष्ठाता कार्यालय के ऊपर पहली मंजिल स्थित छात्र कल्याण केंद्र के सेमिनार हॉल में छात्र और छात्राओं को मधुबनी कलाकारों की ओर से पेंटिंग पर ट्रेनिंग दी जाएगी। इस कार्यशाला में एक्सपर्ट के तौर पर रंजन कुमार, अन्नपूर्णा और पल्लवी कुमारी मौजूद रहेंगी। सीखने वालों को अपना पेंसिल, इरेजर और स्केल लेकर आना होगा।
दो जोनल अधिकारी और एक अवर अभियंता को कारण बताओ नोटिस
वीडीए की ओर से दो जोनल अधिकारी और एक अवर अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। पिछले पांच साल में जोन-1 (वार्ड-सिकरौल व शिवपुर) के तहत सील भवनों के सापेक्ष जिन भवन स्वामियों ने सील तोड़े थे। निर्देश देने के बावजूद एफआईआरदर्ज नहीं कराई गई। इसके लिए जोनल अधिकारी शिवाजी मिश्रा, संजय कुमार तिवारी, अवर अभियंता रोहित कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के निर्देश पर अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा ने बुधवार को समीक्षा की। जोन वन में कुल शमन धनराशि 12,24,78,676 रुपये जमा कराया गया। जोन दो में कुल शमन धनराशि 8,31,87,603 रुपये जमा कराया गया।
उन्होंने कहा, स्वीकृत शमन पत्रावली के सापेक्ष बकाया शमन शुल्क जमा न करने वाले निर्माणकर्ताओं के खिलाफ प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई करें। सील प्रकरणों की जांच एवं बेसमेंट खाली कराते हुए पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। एक सप्ताह में जनशिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता पर सुनिश्चित कराएं। शहर में हो रहे अनियोजित विकास एवं अवैध प्लाॅटिंग का चिह्नांकन करते हुए ध्वस्त कराएं।
दाल मंडी में निगम ने हटवाए तिरपाल के धूल
दालमंडी में बुधवार को नगर निगम की ओर से साफ सफाई कराई गई। एक दिन पूर्व चले अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान कई तिरपाल काटकर हटाए गए थे। सड़कों पर काफी धूल जमा हो गई थी। जिसे नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने बटोरने का काम किया। सड़क का चौड़ीकरण होना है।
56 फीट सड़क चौड़ी करने के लिए पिछले दिनों पीडब्ल्यूडी ने नापी कराई थी। जिसके बाद अतिक्रमण हटाने का कार्यक्रम चला। कई दुकानदारों के कुर्सी मेज व अतिक्रमण के सामान जब्त किए गए थे। तिरपाल हटाने से ऊपर से भी पूरी दालमंडी दिखाई दे रही है।
कार्ययोजना के अनुसार, इस सड़क के चौड़ा होने से काफी लाभ होगा। मंदिर जाने वालों के लिए एक और चौड़ा रास्ता मिलेगा। अतिक्रमण के कारण चार पहिया गाड़ी दिन में नहीं जा पाती है जबकि रात में आसानी से चली जाती है।
चार साल की मासूम आंगनबाड़ी केंद्र से लापता, डेढ़ घंटे में मिली
कैंट रोडवेज क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्र से बुधवार को लापता हुई चार साल की बालिका को सिगरा थाने की पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए डेढ़ घंटे में बरामद कर लिया। इकलौती बेटी को वापस पाकर दंपती की आंखों से आंसुओं की धार नहीं रुक रही थी। दंपती ने रोडवेज चौकी प्रभारी और उनकी टीम का आभार जताया।
नगर निगम के सफाईकर्मी विक्की और रीना की चार वर्षीय बेटी कुसुम मलदहिया मलिन बस्ती के बच्चों के साथ सुबह आठ बजे आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने गई थी। कुसुम की पढ़ाई का पहला दिन था। दोपहर 12 बजे किसी को बताए बगैर वह आंगनबाड़ी केंद्र से बाहर निकल गई। छुट्टी होने के बाद मां रीना को कुसुम केंद्र में नहीं मिली। रीना ने सूचना रोडवेज चौकी प्रभारी शिवम मिश्रा को दी।
दरोगा कुसुम जायसवाल और सुधीर अग्रहरि के साथ रोडवेज चौकी प्रभारी ने पूछताछ शुरू की। साथ ही सीसी कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू किया। कुछ देर बाद पुलिस को एक व्यक्ति ने फोन कर सूचना दी कि चौकाघाट पर एक छोटी बच्ची भटकती मिली है। रोडवेज चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और मासूम को लाकर उसके मां-बाप को सौंप दिया।
निजीकरण के विरोध में अगले महीने से तेज होगा आंदोलन
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम में निजीकरण के विरोध में लखनऊ में हुई रैली में बड़ी संख्या में काशी के कर्मचारियों ने भाग लेकर अपनी आवाज बुलंद की। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति यूपी के बैनर तले हुई रैली में कर्मचारियों ने अगले महीने से आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया।
मीडिया प्रभारी अंकुर पांडेय ने बताया कि लखनऊ में हुई आम सभा में प्रस्ताव पारित कर 29 मई से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया गया। इसके पहले 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक जनजागरण अभियान चलाया जायेगा। 1 मई को बाइक रैली निकाली जायेगी। साथ ही 2 मई से 09 मई तक क्रमिक अनशन भी किया जाएगा।
पहाड़ी में निगम ने 10 बिस्वा जमीन कब्जा मुक्त कराई
नगर निगम के राजस्व विभाग ने बुधवार को पहाड़ी में 10 बिस्वा जमीन को कब्जा मुक्त कराया। यहां सरकारी जमीन पर कब्जा कर कुछ लोग जोत बो रहे थे। टीम ने मौके पर लोगों से कागजात मांगे, लेकिन वे नहीं दिखा पाए। इसके बाद टीम ने कब्जा करने के बाद जमीन पर नगर निगम का बोर्ड लगाया।
पेनिसिया हॉस्पिटल का अवैध निर्माण वीडीए ने किया सील
वीडीए की ओर से पेनिसिया हॉस्पिटल भवन के अवैध निर्माण को सील किया गया। भेलूपुर वार्ड के सरायनंदन कबीरनगर कॉलोनी में आशुतोष मिश्रा की ओर से अवैध निर्माण कराया जा रहा था। जिसे वीडीए की प्रवर्तन टीम ने पुलिस बल के सहयोग से सील कर दिया। जोनल अधिकारी संजीव कुमार की अगुवाई में कार्रवाई की गई।
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार, भवन में 1200 वर्गफीट में तीन मंजिल का निर्माण कर फिनिशिंग कार्य अनधिकृत रूप से कराया जा रहा था। मौके पर अवर अभियंता सोनू कुमार मौजूद रहे। वीडीए उपाध्यक्ष ने जनता से अपील की कि वीडीए से मानचित्र स्वीकृत कराए बिना किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न करें।
कांग्रेस करती है तुष्टीकरण की राजनीति
नाटी इमली में बुधवार को आयोजित भाजपा के सक्रिय सदस्य सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस मुसलमानों के वोट बैंक की तुष्टिकरण की राजनीतिक करती है। इस राजनीति के चलते ही पाकिस्तान, बांग्लादेश जैसे कई देश भारत से अलग हो गए। कांग्रेस कर्नाटक को बांटने की फिराक में है।
राज्यमंत्री ने कहा कि वक्फ संशोधन विधेयक 2025 का उद्देश्य पारदर्शिता बढ़ाना, शासन संरचनाओं में सुधार करना और वक्फ संपत्तियों को दुरुपयोग से बचाना है। इस मौके पर मेयर अशोक तिवारी, मनीष कपूर मौजूद रहे।
63.16 लाख के बनेगी लक्ष्मणपुर में गली
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने बुधवार को बजरडीहा वार्ड के लक्ष्मनपुर में 63.16 लाख की लागत से होने वाले गली निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। मेयर ने शिलान्यास के बाद अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय सीमा में काम पूरा कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद श्याम आसरे मौर्या सहित नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।
3884 करोड़ की 44 परियोजनाओं के लिए गंगा आरती कर दिया धन्यवाद
काशी को 3884 करोड़ की 44 परियोजनाओं के तहत सौगात देने आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को साधुवाद देते हुए नमामि गंगे ने नवनिर्मित सामने घाट पर मां गंगा की आरती उतारी। काशी के 84 घाटों की शृंखला में जुड़ने जा रहे वास्तुशिल्प, आधुनिकता और पर्यटकों की सुविधा के लिए खास बनाए गए सामने घाट पर पीएम मोदी की तस्वीर लेकर बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से आशीर्वाद मांगा।
नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने कहा कि नव्य-भव्य श्रीकाशी विश्वनाथ धाम बनने के बाद नित नए विकास की गाथा लिख रही काशी को पीएम 11 अप्रैल को 1629 करोड़ की 19 परियोजनाएं देंगे। इसके साथ ही 2255 करोड़ की 25 परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे।
27 दिव्यांग छात्राओं को मिली स्काॅलरशिप
दृष्टिबाधित 27 दिव्यांग छात्राओं को 15-15 हजार रुपये स्काॅलरशिप दी गई। बुधवार को विकास भवन में हुए चेक वितरण कार्यक्रम में सीडीओ हिमांशु नागपाल ने मफतलाल फाउंडेशन के सहयोग से स्काॅलरशिप की राशि का चेक उन्हें दिया। उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उनको सहायक उपकरण आदि देने का आश्वासन दिया। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राम प्रकाश सिंह ने कहा कि स्नातक की पढ़ाई कर रहीं सभी छात्राओं को इस फाउंडेशन की ओर से आगे भी स्कालरशिप दी जाएगी।
बीएचयू में अगले 20 दिनों में होंगे 5 कॉन्फ्रेंस
बीएचयू ने इस साल अप्रैल से लेकर दिसंबर तक कॉन्फ्रेंस की सूची जारी कर दी है। अप्रैल महीने के बचे 20 दिनों में दो से तीन दिनों के कुल पांच कार्यक्रम आयोजित कराए जाएंगे। 11-13 अप्रैल तक आईएमएस-बीएचयू में क्रिट स्क्रिप्ट और स्वतंत्रता के बाद स्त्री की रचनाकार, 24 से 26 अप्रैल तक एडवैटिक थॉट और 24 से 25 अप्रैल तक एनर्जी स्टोरेज और 25-26 तक फुटवियर के विज्ञान पर मंथन किया जाएगा।
इसके बाद जुलाई से लेकर दिसंबर तक सिर्फ 8 कार्यक्रमों की ही जानकारी दी गई है। वेबसाइट पर कॉन्फ्रेंस की तिथि और अवधि भी दी गई है। बताया गया है कि इन दिनों को छोड़कर ही बीएचयू के बाकी लोग अपना कार्यक्रम तय करें। इससे आवास और परिवहन की समस्या न आए।
कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ
चौबेपुर क्षेत्र के बाजार में बुधवार को साप्ताहिक संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ के पहले दिन महिलाओं ने श्रीराम जानकी मंदिर से कलश यात्रा निकाली। आयोजक चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि बुधवार को सुबह 10 बजे 101 कन्याओं और महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। भागवत कथावाचक मथुरा से पधारे व्यास विष्णुकांत शास्त्री महाराज हैं। 16 अप्रैल को हवन पूजन के बाद भंडारा होगा।
राष्ट्रीय खोखो की यूपी टीम में वाराणसी मंडल के पांच खिलाड़ी
68वीं राष्ट्रीय खो खो प्रतियोगिता के लिए यूपी की टीम घोषित कर दी गई है। बालक वर्ग में वाराणसी मंडल के पांच खिलाड़ियों को जगह मिली है। जिला क्रीड़ा सचिव विनोद सिंह के मुताबिक राष्ट्रीय खो खो प्रतियोगिता में जौनपुर के कमला नेहरू इंटर कॉलेज अकबरपुर के अखिल और मोहम्मद हसन इंटर कॉलेज के हरशेंद्र प्रताप, गाजीपुर के नंद किशोर सिंह इंटर कॉलेज रामपुर के सूरज राजभर, वाराणसी के बच्छांव स्थित महामना मालवीय इंटर कॉलेज के सूर्यभान कन्नोजिया को जगह मिली है।
जबकि आजमगढ़ मंडल से संबंधित बलिया के संत सहजानंद इंटर कॉलेज के राजकुमार और अनिल कुमार का चयन यूपी टीम में हुआ है। प्रादेशिक टीम में कुल 12 खिलाड़ी हैं जबकि इसमें पांच खिलाड़ी वाराणसी मंडल के हैं।
10 दिन अनशन करने वाले का भी पीएचडी में प्रवेश
बीएचयू के सेंट्रल ऑफिस पर 10 दिन तक अनशन करने वाले छात्र पल्लव को भी एडमिशन मिल गया है। सोशल इन्क्लूजन विषय से पीजी और एमफिल करने वाले पल्लव सिंह को आरईटी एंग्जंप्टेड कैटेगरी में पीएचडी में दाखिला दिया गया है। बुधवार को 6000 रुपये जमा करने के बाद पल्लव की सीट कन्फर्म हुई। इससे पहले बीएचयू के परीक्षा नियंता कार्यालय की ओर से बताया गया था कि बुलेटिन में विषय के नाम में गलती हुई थी।
महामनापुरी काॅलोनी में सड़क-ड्रेन का लोकार्पण
वीडीए की ओर से बुधवार को महामनापुरी काॅलोनी करौंदी में 340 मीटर लंबी सड़क और केसी ड्रेन निर्माण का लोकार्पण किया गया। कॉलोनी के लेन नंबर 10 में 33 लाख रुपये की लागत से निर्माण कार्य हुआ है। रोहनिया के विधायक डॉ. सुनील पटेल, एमएलसी और भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, पार्षद श्याम भूषण शर्मा ने फीता काटकर लोकार्पण किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं समयबद्धता की सराहना की।
यह कार्य स्थानीय निवासियों की सुविधा, सुगम आवागमन और बेहतर जल निकासी व्यवस्था के लिए किया गया है। इस अवसर पर वीडीए के अधिशासी अभियंता अरविंद शर्मा और जेई सूर्यकांत तिवारी भी उपस्थित रहे। स्थानीय नागरिकों ने कार्य के सफल एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन हेतु प्राधिकरण एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया।
अतिक्रमण होने से नहीं हो पा रहा जीर्णोद्धार
मेंहदीगंज में तालाबों पर अतिक्रमण है। इससे गांव के जल स्रोत तालाब, गड़ही, पोखरी का जीर्णोद्धार नहीं हो पा रहा है। गांव के लोग विगत 5 वर्षों इसे कब्जा मुक्त कराने की मांग कर रहे हैं। तहसील दिवस पर 20 से अधिक बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
गांव के रामाश्रय वर्मा, बिंदु पटेल, सुरेंद्र प्रताप सिंह, राम आधार, बचाऊ, बिहारी लाल ने बताया कि वे लोग चाहते हैं कि ग्राम सभा की संपत्ति और जल खाता अनधिकृत कब्जे से मुक्त हो। खंड विकास अधिकारी आराजी लाइन सुरेंद्र यादव ने कहा कि ग्राम पंचायत का प्रस्ताव तालाब के जीर्णोद्धार के लिए आया है। लेकिन, अतिक्रमण के चलते प्रस्ताव स्वीकृत नहीं हो पा रहा है।
अंबेडकर जयंती पर होगा इनामी मैराथन
बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती पर 13 अप्रैल को लखनऊ स्थित केडी सिंह बाबू स्टेडियम में इनामी दौड़ मैराथन प्रतियोगिता होगी। इस प्रतियोगिता में वाराणसी के एथलीट भी हिस्सा लेंगे। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी वाराणसी विमला सिंह ने बताया कि इस मैराथन का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य, समानता एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश देने और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना है। इस प्रतियोगिता के प्रथम विजेता को 50 हजार, द्वितीय को 25 हजार, तृतीय को 15 हजार के अलावा दो सांत्वना पुरस्कार पांच-पांच हजार रुपये दिए जाएंगे।
रजिस्ट्री के लिए वीडीए में 17 को लगेगा कैंप
वीडीए की आवासीय योजनाओं लालपुर, पांडेयपुर, बड़ी गैबी में जिन लाभार्थियों ने पूरा भुगतान कर दिया है उनके लिए 17 अप्रैल को वीडीए में विशेष कैंप लगाया जाएगा। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के निर्देश पर रजिस्ट्री के लिए कैंप की सुविधा दी जा रही है। अब एक ही छत के नीचे पूरी प्रक्रिया होगी।
यह कैंप 17 अप्रैल को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक लगाया जाएगा। जहां पर रजिस्ट्री से संबंधित स्टांप वेंडर, डेट टाइपिंग, डेट अलॉटमेंट एवं डीड तैयार करने जैसे समस्त कार्य होंगे। यह पहल नागरिकों को त्वरित, सरल और पारदर्शी सेवा प्रदान करने की दिशा में प्रयास है। लाभार्थी निर्धारित तिथि पर समस्त दस्तावेजों के साथ समय पर उपस्थित होकर अपनी रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं।
घर पर स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध में उतरे पेंशनर्स, प्रदर्शन
बिजली निगम के पेंशनरों ने अपने घरों पर स्मार्ट मीटर लगाए जाने का विरोध किया। बुधवार को सिगरा स्थित नगरीय विद्युत वितरण मंडल कार्यालय पर प्रदर्शन किया। अधीक्षण अभियंता कार्यालय में ज्ञापन देकर फैसला वापस लेने की मांग की।
कार्यालय में हुई बैठक में परिषद के वाराणसी क्षेत्र के अध्यक्ष एके सिंह और कार्यवाहक अध्यक्ष पीपी सिंह ने बताया कि वाराणसी क्षेत्र में लगभग 4500 की संख्या में सेवानिवृत्ति कार्मिक व पारिवारिक पेंशनर्स हैं। इनके घरों पर निजी एजेंसियों द्वारा मीटर लगाने की धमकी उनके मोबाइल पर देकर उन्हें प्रताड़ित करने के साथ ही धन की मांग की जा रही है।
16 जनवरी 2000 में शासन द्वारा पारित आदेश में यह स्पष्ट उल्लेख है कि विद्युत कर्मियों की सेवा निबंधन एवं शर्तें उन पर स्थानांतरण के ठीक पूर्व लागू निबंधन और शर्तों से कम अनुकूल नहीं होगा। बिलिंग सिस्टम में जब तक विद्युत पेंशनरों के लिए रियायती दर, जो पूर्व में प्राप्त थी, पर बिलिंग का प्रावधान नहीं किया जाता, तब तक मीटर लगाने की कार्यवाही पर से विराम लगाए जाने की मांग की। बैठक में पूर्व निदेशक पृथ्वीपाल सिंह, पूर्व मुख्य अभियंता एके सिंह,पूर्व स्टाफ अधिकारी एसपी त्रिपाठी, एसआर राय,एपी शुक्ला मौजूद रहे।
65 फीसदी से अधिक उपस्थिति वाले जमा कर सकते हैं परीक्षा फाॅर्म
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के शोध छात्र जिनकी उपस्थिति 65 फीसदी से अधिक है वह अपने परीक्षा फॉर्म अनुसंधान संस्थान में जमा कर सकते हैं। संस्थान के निदेशक प्रो. अमित कुमार शुक्ल ने बताया कि शोध प्रविधि पाठ्यक्रम सत्र 2024 के द्वितीय चक्र में पंजीकृत शोध छात्र जिनकी उपस्थिति 65 फीसदी से अधिक है उनकी सूची प्रकाशित की गई है। परीक्षा फॉर्म अनुसंधान संस्थान से प्राप्त करके 20 अप्रैल तक जमा कर सकते हैं। इसके पश्चात तिथि वृद्धि संभव नहीं होगी।
दीप जलाकर उतारी भगवान महावीर की आरती
जैन मिलन तथा मैत्री भवन की ओर से बुधवार को महावीर जयंती कार्यक्रम भेलूपुर स्थित मैत्री भवन में आयोजित किया गया। सर्वधर्म समभाव तथा अनेकांतवाद पर आधारित कार्यक्रम में जैन मिलन, दिगंबर जैन समाज काशी के साथ साथ प्रत्येक वर्ग के विद्वत वर्ग ने हिस्सा लिया।
बुधवार को कार्यक्रम की शुरूआत भगवान महावीर के समक्ष मंगलाचरण एवं दीप प्रज्जवलन के साथ हुई। इस के बाद भगवान महावीर की दीपों से आरती उतारी गई। सभी ने बाद में पुष्पांजली अर्पित की। मैत्री भवन के फादर डेनिस फिलिप ने अतिथियों, विद्वानों तथा जैन मिलन के पदाधिकारियों का स्वागत किया।
काशी में जैन धर्म पुस्तक तथा मोक्ष नगरी का जीवन दर्शन पुस्तक अतिथियों को भेंट की गई। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के डाॅ. आनंद कुमार जैन ने जैन धर्म में अहिंसा और महात्मा गांधी के जीवन पर जैन धर्म के प्रभाव पर प्रकाश डाला। इसी क्रम में डीएवी कालेज की उप प्राचार्या प्रो. संगीता जैन ने मानव जीवन में जैन सिद्धांतों के पालन के बारे में बताया। डाॅ. विवेकानंद जैन ने भारत में जैन धर्म की स्थिति तथा विशेष रूप से काशी में जैन धर्म पर विस्तार से पावर पाइंट के माध्यम से बताया।
अंशू जैन ने भगवान महावीर पर भजन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रो. कमलेश कुमार जैन ने किया। प्रो. दीपक मलिक ने गांधी जी के विचारों पर जैन धर्म का प्रभाव तथा बाद में उसका भारत देश की राजनीति पर प्रभाव की चर्चा की। इस दौरान उमेश कबीर, वीर विजय कुमार जैन, सौरभ जैन, राकेश जैन, अमित जैन, सुरेंद्र जैन मौजूद रहे। धन्यवाद ज्ञापन फादर येन ने किया।
नन्हें फरिस्ते अभियान के तहत घूमते मिले तीन बच्चे
आरपीएफ की ओर से चलाए जा रहे नन्हें फरिस्ते अभियान के तहत कैंट रेलवे स्टेशन पर घूमते हुए तीन बच्चे मिले। सभी को रेलवे चाइल्ड हेल्प डेस्क पर सौंपा गया। मंडल मुख्यालय द्वारा गठित टीम ऑपरेशन नन्हे फरिस्ते के तहत सहायक उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार यादव, हेड कांस्टेबल राजेश्वर, पंकज सिंह, उपेंद्र कुमार, रीना सिंह, सविता कुमारी, ज्योति ने गस्त चेकिंग के दौरान स्टेशन क्षेत्र से तीन बच्चों दशमी(16), समीर(15)और शाकिब(10) को पाया।
आईएमएस-बीएचयू में ड्रग मॉनिटरिंग मशीन का शुभारंभ
आईएमएस-बीएचयू में ड्रग मॉनिटरिंग मशीन इंस्टॉल की गई है। फार्माकोलॉजी विभाग में फिनोटाइन, कार्बामाजेपिन, सोडियम वैल्प्रोएट, लिथियम, मेथोट्रैक्सेट और फेनोबार्बिटोन दवाओं की निगरानी बुधवार से शुरू कर दी गई है।
निदेशक प्रो. एसएन संखवार भी विभाग में पहुंचकर मशीन की कार्यप्रणाली को जाना और कहा कि इससे डॉक्टरों और मरीजों के सहूलियत के साथ ही शोध के कार्यों में भी काफी सुविधा होगी। इस दौरान रोगियों के सैंपल से टेस्ट को लेकर एक सत्र भी आयोजित किया गया।
साउथ के देव सिंह बने आईआईटी-बीएचयू छात्र संसद के नए वीपी, 5 वोट से जीत
आईआईटी-बीएचयू के छात्र संसद को अपना नया वाइस प्रेसिडेंट मिल गया है। 29 वोट पाकर साउथ के देव सिंह ने चुनाव जीत लिया है। देव सिंह रसयान विज्ञान के छात्र हैं। वहीं बायो केमिकल इंजीनियरिंग विभाग के अंकित केशरिया को 5 कम कुल 24 वोट मिले। बुधवार को कुल 53 सदस्यों ने वोट किया।
इसके अलावा मटेरियल साइंस एंड टेक के यश अग्रवाल को असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट के पद पर नॉमिनेट किया गया है। इसके पूर्व वाइस प्रेसिडेंट बिजेंद्र सिंह ने नए चुने गए वीपी और बाकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि संस्थान में छात्रों के हित में कार्य आगे भी किए जाते रहेंगे।
शहर के जैन मंदिरों में णमोकार महामंत्र का हुआ पाठ
जैन धर्म के तीर्थंकर महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक की पूर्व संध्या पर शहर के जैन मंदिरों में णमोकार महामंत्र का पाठ हुआ। श्री दिगंबर जैन समाज के उपाध्यक्ष राकेश जैन ने बताया कि श्री दिगंबर जैन समाज काशी की ओर से शोभा यात्रा पंचायती जैन मंदिर से निकलकर गोलघर स्थित गौशाला में पहुंची। समाज के लोगों ने गायों को चारा खिलाया। इस अवसर पर अध्यक्ष आरसी जैन, उपाध्यक्ष संजय जैन ,समाज मंत्री विनोद जैन, पंचायती जैन मंदिर के मंत्री स्वामित्र जैन, मौजूद रहे।
बरेका नागरिक सुरक्षा के दो सदस्यों को मिला राष्ट्रपति पुरस्कार
रेल मंत्रालय, रेलवे बोर्ड नई दिल्ली में पुरस्कार वितरण समारोह में नागरिक सुरक्षा संगठन बरेका के दो सदस्यों को राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रोटोकॉल अफसर और चीफ वार्डन मार्कण्डेय मिश्रा और सेवानिवृत्त सीनियर सेक्शन इंजीनियर और वरिष्ठ नागरिक सुरक्षा निरीक्षक राजेश कुमार श्रीवास्तव को सामाजिक कार्यों, अग्निशमन में अनुकरणीय एवं सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार (नागरिक सुरक्षा) 2023 दिया गया।
कार्यपालक निदेशक, सिविल इंजीनियरिंग/सामान्य अजीत कुमार झा ने सम्मानित किया। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह और उप महाप्रबंधक एवं नियंत्रक नागरिक सुरक्षा अनुज कटियार ने बधाई दी है।
काशी विद्यापीठ में प्रो. अखिलेश चंद्र होंगे संकायाध्यक्ष
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय में प्रो. अखिलेश चंद्र यादव को संकायाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। विश्वविद्यालय की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया है। कुलसचिव दीप्ति मिश्रा ने बताया कि कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी के निर्देशानुसार गणित विभाग के प्रो. अखिलेश चंद्र यादव, गणित विभाग को चक्रानुक्रम से वरिष्ठताक्रम में 11 अप्रैल की दोपहर से 03 वर्ष के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय का संकायाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वर्तमान संकायाध्यक्ष प्रो. आशुतोष कुमार का कार्यकाल 11 अप्रैल को पूरा हो जाएगा।
बीएचयू के प्रो. एसजे गुप्ता को सुश्रुत अवाॅर्ड
बीएचयू आयुर्वेद संकाय के शल्य चिकित्सा विभाग के प्रो. एसजे गुप्ता को मुंबई में आयोजित एक कॉन्फ्रेंस में सुश्रुत अवाॅर्ड से नवाजा गया है। 5 से 7 अप्रैल तक आयोजित कॉन्फ्रेंस एपकॉन-2025 में प्रो. गुप्ता को यह अवाॅर्ड शल्य चिकित्सा के क्षेत्र में बेहतर कार्य के लिए मिला। डॉ. मनोज नेसरी, जामनगर आयुर्वेद विवि के पूर्व कुलपति डॉ. मुकुल पटेल और डॉ. नीलेश दोषी ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
डिजिटल युग में मानसिक स्वास्थ्य पर हुई कार्यशाला
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में 'डिजिटल युग में मानसिक स्वास्थ्य को समझना' विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला की गई। मनोविज्ञान विभाग में बुधवार को मनोवैज्ञानिक परामर्श एवं अनुसंधान केंद्र की ओर से कराए गए इस कार्यक्रम में इंसानों के सोचने और समझने की शक्ति का विश्लेषण किया गया। राजस्थान विश्वविद्यालय के प्रो. ओपी शर्मा और प्रो. शेफाली वर्मा ठकराल मौजूद रहीं।
सर्व ब्राह्मण महासभा का होली मिलन आज
सर्व ब्राह्मण महासभा की ओर से 29वां होली मिलन समारोह 10 अप्रैल को तुलसीघाट पर होगा। महासभा के प्रधान संयोजक पं. कमलाकांत उपाध्याय ने बताया कि इसमें ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है।
शतरंज प्रतियोगिता में खेलेंगे 250 खिलाड़ी
ओपेन रैपिड शतरंज प्रतियोगिता 14 अप्रैल को जगतगंज स्थित एक होटल के बैंक्वेट हॉल में खेली जाएगी। आयोजन सचिव विनित राज तिवारी ने बताया कि एसकेवीटी किंग्स चेस एकेडमी की इस प्रतियोगिता में वाराणसी के अलावा दिल्ली, कोलकाता, बंगलूरू, हैदराबाद, गाजियाबाद, लखनऊ, मेरठ समेत कई राज्यों के 250 से अधिक शतरंज खिलाड़ी खेलेंगे।
इसमें दिल्ली के इंटरनेशनल मास्टर खिलाड़ी आर्यन वार्ष्णेय भी शामिल होंगे। आयोजन अध्यक्ष स्वेता भारती ने बताया कि यह प्रतियोगिता स्विस पद्धति से 8 चक्रों में होगी। प्रथम स्थान पाने वाले खिलाड़ी को एक लाख ग्यारह हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा। साथ ही ओपन, महिला, वरिष्ठ नागरिक और कनिष्ठ आयु वर्ग की 5 कैटेगरी में ट्रॉफी और मेडल्स दिए जाएंगे।
आईआईटी-बीएचयू में कल से अखंड पाठ साहिब, 13 को लंगर
आईआईटी-बीएचयू में 11 अप्रैल यानी कि कल से 13 अप्रैल तक राजपुताना हॉस्टल के गुरुद्वारा में श्री अखंड पाठ साहिब का आयोजन होगा। तीन दिन तक छात्रों और प्रोफेसरों की ओर से यहां अनुष्ठान कराए जाएंगे। कल सुबह 11 बजे से अखंड पाठ शुरू होगा। 13 अप्रैल को सुबह 10 बजे तक समापन हो जाएगा। देपहर 12.30 बजे तक अरदास और कीर्तन का कार्यक्रम चलेगा। इसी के साथ गुरु का लंगर भी शुरू हो जाएगा।
भाजपा नेताओं ने घर-घर बांटे निमंत्रण
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने बुधवार को कार्यकर्ताओं के साथ मेंहदीगंज में सफाई की। इसके बाद क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, एमएलसी अश्वनी त्यागी, पूर्व विधायक जगदीश पटेल ने जनसभा स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों के बारे में जानकारी ली। गांवों में जनसंपर्क कर ग्रामीणों को रैली में आने का निमंत्रण दिया।
सरकार से लंंबित मांगें पूरी करने की मांग
उत्तर प्रदेश पेंशनर्स कल्याण की जिला इकाई का द्विवार्षिक अधिवेशन बुधवार को हुआ। इसमें वक्ताओं ने सरकार से लंबित मांगों को पूरा करने की मांग की। कहा कि मांगें पूरी नहीं हुई तो प्रदेश स्तर पर संघर्ष किया जाएगा। इस दौरान नई कमेटी का गठन हुआ। चुनाव अधिकारी शमसुल आरेफिन ने निर्विरोध सभी पदों पर चुनाव संपन्न करवाया। इंजीनियर एसडी मिश्र को दोबारा अध्यक्ष चुना गया।
डॉ. परमहंस मिश्र वरिष्ठ उपाध्यक्ष, अवध नारायण पांडेय जिलामंत्री, हीरालाल प्रसाद कोषाध्यक्ष बने। अच्छे कार्य करने वाले 50 सदस्यों को सम्मानित किया गया। साथ ही 80 साल से अधिक उम्र के डॉ. बनवारी सिंह सहित 10 पेंशनरों का सम्मान हुआ। मेयर अशोक कुमार तिवारी, विशिष्ट अतिथि संयुक्त निदेशक पेंशन आत्म प्रकाश धर द्विवेदी ने नई टीम को बधाई दी। इस मौके पर आनंद प्रकाश श्रीवास्तव, ओंकारनाथ तिवारी, संतोष मेहरोत्रा, गोपीकृष्ण श्रीवास्तव, डीएनपी विश्वकर्मा मौजूद रहे।
आज बंद रहेंगी मीट की दुकानें
महावीर जयंती पर गुरुवार को शहर में मीट की दुकानों को बंद रखा जाएगा। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने सभी दुकानदारों से अपील की है। उन्होंने कहा कि महावीर जयंती को ध्यान में रखकर नगर निगम सीमा क्षेत्र में पड़ने वाले, सभी मीट विक्रेताओं की दुकानों को पूर्ण रूप से बंद रखें। दुकानों को बंद रखने के लिए नगर विकास विभाग लखनऊ शासन से इस आशय का शासनादेश जारी किया गया है।
बीएचयू के नए वीसी के लिए गठित पैनल वापस, 3 महीने बढ़ सकता है इंतजार
चार साल बिना ईसी के एकेडमिक गतिविधियों को चला चुके बीएचयू को अब अगले 3-4 महीने बिना वीसी के बिताने पड़ सकते हैं। ऐसी चर्चा है कि बीएचयू के नए कुलपति की नियुक्ति के लिए बने पैनल के नामों को वापस ले लिया गया है। अब नए सिरे से सर्च कमेटी द्वारा कुलपति की तलाश की जाएगी।
अभी तक तय हुए नामों में से कोई भी फाइनल नहीं हो पाया था। जबकि सर्च कमेटी की संस्तुति पर तीन नामों को राष्ट्रपति तक भेज दिया गया था, लेकिन अभी तक इनमें से किसी भी नाम पर अंतिम मुहर नहीं लगी है। प्रो. सुधीर कुमार जैन का कार्यकाल इसी साल 7 जनवरी को पूरा हो गया था।
8 जनवरी को रेक्टर, विज्ञान संस्थान के निदेशक और आईओई समन्वयक प्रो. संजय कुमार को कार्यवाहक कुलपति का चार्ज दिया गया। तब से तीन महीने बीत गए, लेकिन अभी तक नए कुलपति के आने का मार्ग प्रशस्त नहीं हो सका। वहीं पिछले साल 12 सितंबर को बीएचयू कुलपति पद पर आवेदन के लिए लिंक एक्टिव किया गया था।
श्रीराम की लीलाओं में लीन रहते हैं शिव
आचार्य दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि माता सती ने महादेव से विवाह के दौरान पूछा कि वह हर समय किसके विचारों में लीन रहते हैं तब भगवान शिव ने बताया कि वह भगवान विष्णु के सातवें अवतार श्रीराम की लीलाओं में लीन रहते हैं।
होलापुर स्थित बंदेवीर बाबा मंदिर में चल रही श्रीरामकथा के दूसरे दिन बुधवार को उन्होंने शिव विवाह का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि जब त्रेतायुग में भगवान श्रीराम माता सीता के हरण के बाद वन में सीते-सीते कहकर उन्हें व्याकुल हो ढूंढ रहे थे। यह देख हर कोई हैरान था, क्योंकि राम तो श्रीहरि का अवतार हैं।
आईएमएस बीएचयू में तीन मई से ग्रीष्मावकाश
आईएमएस बीएचयू में तीन मई से ग्रीष्मावकाश घोषित कर दिया गया है। 29 जून तक चलने वाले अवकाश के दौरान दो शिफ्ट में इससे जुड़े विभागों के शिक्षक (डॉक्टर) अवकाश ले सकेंगे। संयुक्त कुलसचिव नीरज त्रिपाठी ने बताया कि 3 मई से 29 जून के बीच में 28-28 दिन के दो चरण के अवकाश लिए जा सकेंगे। इसमें पहला चरण 3 मई से 30 मई तक रहेगा। इसके बाद 31 मई को काॅमन वर्किंग डे होगा। दूसरे चरण का अवकाश 2 जून से 29 जून तक लिया जा सकेगा। ग्रीष्मावकाश में कोई भी विभागाध्यक्ष अवकाश पर नहीं रहेंगे।
शहर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
नगर निगम की ओर से बुधवार को शहर भर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। कई इलाकों से गुमटी हटवाई। कई ठेले और खोमचे वालों को हटवाया गया। लंका, कैंट, सर्किट हाउस, चेतगंज, चौक, कबीरचौरा, नई सड़क, गोदौलिया, लंका, कचहरी, विश्वनाथ मंदिर, कालभैरव मंदिर, दुर्गा मंदिर, संकटमोचन मंदिर, लहुराबीर के आसपास से ठेले खोमचे हटवाए गए। इस दौरान टीम ने चेतावनी कि यदि दोबारा अतिक्रमण करने पर सामान जब्त किया जाएगा।
मेयर की अगुवाई में नारायणपुर वार्ड में चला स्वच्छता अभियान
पीएम के आगमन के पूर्व बुधवार को मेयर अशोक कुमार तिवारी की अगुवाई में स्वच्छता अभियान चलाया गया। मेयर ने कचहरी स्थित भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद नारायणपुर वार्ड में झाड़ू लगाई। इसके बाद गंगोत्री विहार कालोनी में श्रमदान किया।
वार्ड में निरीक्षण के दौरान लोगों ने पानी, सीवर और फाॅगिंग से जुड़ी शिकायत की। मेयर ने अधिकारियो को सुधार के लिए निर्देश दिए। इस मौके पर पार्षदों में संदीप रघुवंशी, मदन मोहन दुबे, अशोक मौर्या, अरविंद सिंह शामिल रहे।
बैसाखी में मनेगा रीतुरंग उत्सव
शिव बरात समिति की ओर से बैसाखी पर रीतुरंग उत्सव दुर्गाकुंड स्थित पार्क में शाम 6:30 बजे से शुरू होगा। 13 अप्रैल को होने वाले उत्सव में डॉ. सुचरिता गुप्ता का गायन होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी और विशिष्ट अतिथि काशी अग्रवाल समाज के अर्थमंत्री गौरव अग्रवाल होंगे। साथ ही आयोजन में श्री काशी अग्रवाल समाज एवं खत्री हितकारिणी सभा के पदाधिकारी शामिल होंगे।
कैंट रेलवे स्टेशन पर आपसी सामंजस्य से पूरा कराए जाएंगे काम
कैंट रेलवे स्टेशन पर एडीआरएम उत्तर रेलवे लालजी चौधरी की अध्यक्षता में रोपवे, वाराणसी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के बीच बैठक हुई। रोपवे संचालन के कार्यों के साथ ही आपदा प्रबंधन पर चर्चा की गई। आपसी सामंजस्य के साथ सभी कार्यों को कराने पर सहमति बनी। बैठक में स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता, वीडीए से वेद प्रकाश मिश्रा, रोपवे परियोजना प्रबंधक पूजा मिश्रा मौजूद रहे।
कैंट रेलवे स्टेशन पर जल्द बनेगी फायर यूनिट
कैंट रेलवे स्टेशन पर आग की घटना को रोका जा सकेगा। जल्द ही यहां फायर यूनिट की स्थापना की जाएगी। रेलवे प्रशासन की ओर से कार्रवाई शुरू कर दी गई है। माना जा रहा है कि जल्द ही एक टीम कैंट स्टेशन पर फायर ऑडिट करने भी आएगी।
पिछले दिनों कर्मचारियों के वाहन स्टैंड में आग लगने की बड़ी घटना से आग से बचाव की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हुए थे। यूनिट के लिए नाम का भी सुझाव आ चुका है। जल्द ही एजेंसी कैंट स्टेशन पर ऑडिट करेगी। अब तक कैंट स्टेशन पर फायर ऑडिट नहीं हुआ था और न ही कोई व्यवस्था थी। ये कार्य होते ही स्टेशन की बहुत बड़ी समस्या दूर हो जाएगी।
आईआरसीटीसी की व्यवस्थाओं की निगरानी करेगी कमेटी
आईआरसीटीसी सीएमडी के कैंट रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के बाद उनके निर्देशों का अनुपालन शुरू हो गया है। एडीआरएम लालजी चौधरी ने आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत सिन्हा, स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता के साथ रेलवे स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया।
आईआरसीटीसी के फूड प्लाजा, जन आहार, रिटायरिंग रूम में गुणवत्ता सुधार पर चर्चा हुई। निर्णय हुआ कि स्टेशन निदेशक द्वारा सभी विभागों की एक कमेटी गठित कर दी गई है। जो कि इन सुधारों पर अपनी तकनीकी रिपोर्ट पेश करेगी। प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। इससे यात्रियों को उच्चस्तरीय सुविधाएं मिलने के साथ स्टेशन की छवि में भी सुधार आएगा।
पैरा टेबल टेनिस में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे काशी के दो खिलाड़ी
जाॅर्डन की राजधानी अम्मान शहर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पैरा टेबल टेनिस प्रतियोगिता में वाराणसी के दो खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। बालिका वर्ग में वाराणसी के सिगरा निवासी अनोखी केशरी जबकि पुरुष वर्ग में बीएचयू कृषि विज्ञान संस्थान के छात्र विवेकानंद सिंह खेलेंगे। बालिका वर्ग में अनोखी टेनिस में भारत की टॉप सीड खिलाड़ी हैं।
पालकी में विराजे प्रभु श्रीराम, गंगा में 3 किमी तक भक्तों को दिए दर्शन
पालकी पर विराजे प्रभु श्रीराम की झांकी के साथ शोभायात्रा निकाली गई। मां गंगा में तीन किमी तक बजड़े पर प्रभु ने भक्तों को दर्शन दिए। भक्त भजन कीर्तन करते हुए 12 से अधिक घाटों से होकर केदारघाट से पंचगंगा घाट तक गए।
मानसरोवर स्थित श्रीरामतारक आंध्रा आश्रम में चल रहे 12 दिवसीय श्रीराम साम्राज्य पट्टाभिषेक महोत्सव के अंतिम दिन बुधवार को सुबह वाल्मीकि रामायण के श्लोक के साथ परायण जप और होम हुआ। 1100 पान के पत्तों से हनुमान जी की सहस्त्रनाम पूजा हुई। शाम को प्रभु श्रीराम दरबार को पालकी में बैठाकर शोभायात्रा निकाली गई। क्षेमेश्वर घाट पर पहुंचकर झांकी को बजड़े पर विराजमान कर यात्रा आगे बढ़ी।
भक्त हाथों में जय श्री राम की पताका लिए थे। घाटों पर लोग प्रभु के झांकी दर्शन पाकर निहाल हुए। शोभायात्रा केदार घाट, अस्सी, दशाश्वमेध घाट, पंचगंगा घाट से वापस क्षेमेश्वर घाट पहुंची। यहां श्रीराम और मां गंगा की षोडशोपचार पूजा हुई। इसके बाद पालकी को आश्रम के राम मंदिर में विराजमान किया। रात में माता सीता और श्रीरामचंद्र की शयन आरती हुई। शोभायात्रा और पूजा में आश्रम के मैनेजर वीवी सुंदर शास्त्री, नारायणनंद भारती स्वामी, सोमायाजुलु, अन्नदनम चिदम्बर शास्त्री, सीवीबी सुब्रमण्यम, आशीष शामिल रहे।
109.01 लाख से बनेंगी मंडी परिषद की दो सड़कें
मंडी परिषद की 2.30 किमी की दो सड़कों का निर्माण 109.01 लाख रुपये से कराने का कार्य स्वीकृत किया गया। इसके तहत मोहनसराय अदलपुरा मार्ग पर बहोरमपुरसे नक्कूपुर सीमा तक 1 किमी की सड़क 50 लाख से निर्माण होगा। इसी प्रकार रमसीपुर से अंबरपुर से होते हुए पंचक्रोसी मार्ग देउरा पिच तक 1.30 किमी की सड़क 59.01 लाख से निर्माण होगा।
राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद की ओर से पत्र जिलाधिकारी एस राजलिंगम को भेजा गया है। पिछले दिनों रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने शासन से मंडी परिषद की दो सड़कों की मरम्मत की गुहार लगाई थी। पिछले दिनों लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के दौरान भी मंडी में आने वाले किसानों की समस्याओं को उठाया था। जिसके बाद हुई बैठक में मंजूरी दे दी गई।
चांदी के गजरथ पर नालकी में विराजमान होकर निकलेंगे भगवान महावीर
जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर का जन्मोत्सव 10 अप्रैल को मनाया जाएगा। जैन संत शोभायात्रा का शुभारंभ करेंगे। मैदागिन स्थित जैन मंदिर से यात्रा आरंभ होकर पंचायती जैन मंदिर पहुंचेगी। चांदी के विशाल गजरथ पर चांदी की नालकी में भगवान की प्रतिमा को विराजमान कर यात्रा निकाली जाएगी।
श्री दिगंबर जैन समाज काशी के उपाध्यक्ष राकेश जैन ने बताया कि काशी के जैन समाज द्वारा महावीर जयंती का महोत्सव पूरे सप्ताह बड़ी धूमधाम से मनाया जाएगा। सप्ताह पर महावीर जयंती का कार्यक्रम धूमधाम से होगा। 13 अप्रैल को नरियां स्थित दिगंबर जैन मंदिर में शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
बीएचयू के नए वीसी के लिए गठित पैनल वापस, 3 महीने बढ़ सकता है इंतजार
चार साल बिना ईसी के एकेडमिक गतिविधियों को चला चुके बीएचयू को अब अगले 3-4 महीने बिना वीसी के बिताने पड़ सकते हैं। ऐसी चर्चा है कि बीएचयू के नए कुलपति की नियुक्ति के लिए बने पैनल के नामों को वापस ले लिया गया है। अब नए सिरे से सर्च कमेटी द्वारा कुलपति की तलाश की जाएगी।
अभी तक तय हुए नामों में से कोई भी फाइनल नहीं हो पाया था। जबकि सर्च कमेटी की संस्तुति पर तीन नामों को राष्ट्रपति तक भेज दिया गया था, लेकिन अभी तक इनमें से किसी भी नाम पर अंतिम मुहर नहीं लगी है। प्रो. सुधीर कुमार जैन का कार्यकाल इसी साल 7 जनवरी को पूरा हो गया था।
8 जनवरी को रेक्टर, विज्ञान संस्थान के निदेशक और आईओई समन्वयक प्रो. संजय कुमार को कार्यवाहक कुलपति का चार्ज दिया गया। तब से तीन महीने बीत गए, लेकिन अभी तक नए कुलपति के आने का मार्ग प्रशस्त नहीं हो सका। वहीं पिछले साल 12 सितंबर को बीएचयू कुलपति पद पर आवेदन के लिए लिंक एक्टिव किया गया था।
कैंट स्टेशन पर जल्द बनेगी फायर यूनिट
कैंट रेलवे स्टेशन पर आग की घटना को रोका जा सकेगा। जल्द ही यहां फायर यूनिट की स्थापना की जाएगी। रेलवे प्रशासन की ओर से कार्रवाई शुरू कर दी गई है। माना जा रहा है कि जल्द ही एक टीम कैंट स्टेशन पर फायर ऑडिट करने भी आएगी। यूनिट के लिए नाम का भी सुझाव आ चुका है।
जल्द ही एजेंसी कैंट स्टेशन पर ऑडिट करेगी। अब तक कैंट स्टेशन पर फायर ऑडिट नहीं हुआ था और न ही कोई व्यवस्था थी। ये कार्य होते ही स्टेशन की बहुत बड़ी समस्या दूर हो जाएगी।
उधर, कैंट रेलवे स्टेशन पर एडीआरएम उत्तर रेलवे लालजी चौधरी की अध्यक्षता में रोपवे, वाराणसी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के बीच बैठक हुई। रोपवे संचालन के कार्यों के साथ ही आपदा प्रबंधन पर चर्चा की गई। आपसी सामंजस्य के साथ सभी कार्यों को कराने पर सहमति बनी। अर्पित गुप्ता, वेद प्रकाश मिश्रा, पूजा मिश्रा मौजूद रहे।
व्यवस्थाओं की निगरानी करेगी कमेटी
आईआरसीटीसी सीएमडी के कैंट रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के बाद उनके निर्देशों का अनुपालन शुरू हो गया है। एडीआरएम लालजी चौधरी ने आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत सिन्हा, स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता के साथ रेलवे स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया। स्टेशन निदेशक द्वारा सभी विभागों की एक कमेटी गठित कर दी गई है। जो कि इन सुधारों पर अपनी तकनीकी रिपोर्ट पेश करेगी। प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
दो वाहनों से 43 मवेशी बरामद, चार आरोपी हुए गिरफ्तार
रामनगर और कपसेठी थाने की पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में 43 मवेशियों को बरामद कर चार तस्करों को गिरफ्तार किया। रामनगर कस्बा में पीएसी तिराहे से पुलिस ने एक पिकअप से 23 पड़वा और 3 पड़िया बरामद कके। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि पशु तस्कर पंचवटी की तरफ से पशु लादकर वाराणसी की तरफ जा रहे थे।
तस्करों की पहचान रामनगर थाने के मच्छरहट्टा निवासी हेमंत विश्वकर्मा और जैतपुरा थाने के कमलगढ़ा निवासी मोहम्मद एखलाख के रूप में हुई है। वहीं, कपसेठी थाने की पुलिस ने शकलपुर गांव के पास सड़क किनारे ट्रक पर लादे जा रहे 17 संरक्षित मवेशियों के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया।
कपसेठी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि आरोपियों की पहचान शकलपुर निवासी ट्रक ड्राइवर पंकज कुमार यादव और बाराडीह के शशिकांत उर्फ विक्की सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में बताया कि वह मवेशियों को बिहार ले जाने की तैयारी में थे।
आईआईटी में कल से अखंड पाठ साहिब
आईआईटी-बीएचयू में 11 से 13 अप्रैल तक राजपुताना हॉस्टल के गुरुद्वारा में श्री अखंड पाठ साहिब का आयोजन होगा। तीन दिन तक छात्रों और प्रोफेसरों की ओर से यहां अनुष्ठान कराए जाएंगे। सुबह 11 बजे से अखंड पाठ शुरू होगा। 13 अप्रैल को दोपहर 12.30 बजे तक अरदास और कीर्तन का कार्यक्रम चलेगा। इसी के साथ गुरु का लंगर भी शुरू हो जाएगा।
सनातन वैदिक धर्म महोत्सव कल से
महर्षि दयानंद सरस्वती की 200वीं जयंती एवं आर्य समाज के 150वें स्थापना दिवस पर धर्म महोत्सव और आर्य समाज का महासमागम 11 से 13 अप्रैल तक होगा। भैंसासुर घाट पर तीन दिवसीय उत्सव में देशभर से आर्य समाज शामिल होगा।
महर्षि दयानंद स्मृति वैदिक धर्म महोत्सव पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर से आयोजित धर्म महोत्सव में यज्ञ, प्रवचन, व्याख्यान, भजन के साथ नारी सम्मेलन, आर्यवीर सम्मेलन और कई गोष्ठियां होंगी। रोज महाविद्यालय छात्राओं की ओर से नियमित वेद पाठ तथा राष्ट्रोन्नति के लिए यज्ञ, अनुष्ठान होंगे।
उपेक्षित वर्गों-वर्णों के लोगों को यज्ञोपवीत देकर यजमान के रूप में प्रतिष्ठित किया जाएगा। मातृ मंदिर और डीएवी स्कूल रामनगर के छात्र-छात्राओं के मनोहारी कार्यक्रम होंगे।
जिला आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान प्रमोद आर्य आर्षेय ने बताया कि कार्यक्रम में वैदिक धर्म के प्रवक्ता, भजनोपदेशक, आर्य समाज के पदाधिकारियों के प्रवचन, भजन होंगे। इसमें डॉ. ज्वलंत शास्त्री, आचार्या डॉ. नंदिता शास्त्री, स्वामी वेदामृतानंद, विनय आर्य, दिल्ली, डॉ. माधुरी रानी, डॉ. प्रतिभा आर्या शामिल होंगी।
उल्लास के साथ मनाएं हिंदू नववर्ष
केंद्रीय ब्राह्मण महासभा की ओर से बुधवार को महमूरगंज स्थित शृंगेरी मठ में नव संवत्सर महोत्सव मनाया गया। राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने सभी को नवसंवत्सर की बधाई दी। पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्र की अध्यक्षता आयोजित महोत्सव में संकटमोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र, मेयर अशोक कुमार तिवारी आदि ने सभी सनातनियों को हिंदू नववर्ष को उल्लास के साथ मनाने पर जोर दिया।
संयोजन सतीशचंद्र मिश्र, स्वागत डॉ. नागेंद्र प्रसाद द्विवेदी और धन्यवाद ज्ञापन चल्ला सुब्बाराव शास्त्री ने किया। इस मौके पर पं. शिवदत्त द्विवेदी, अनूप दूबे, चल्ला अन्नपूर्णा प्रसाद, केएन पांडेय, आशुतोष ओझा, सचिन मिश्र आदि रहे।