फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi top news students hunger strike at BHU ₹4,000 fine imposed on Taksal Cinema altercation at mall

वाराणसी की बड़ी खबरें: बीएचयू में छात्रों की भूख हड़ताल, टकसाल सिनेमा पर चार हजार का जुर्माना, मॉल में मारपीट

Tue, 29 Sep 2026 01:16 AM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Pragati Chand Updated Tue, 29 Sep 2026 01:16 AM IST
सार

वाराणसी जिले में सोमवार को कई खबरें चर्चा में रहीं। इनमें बीएचयू में 22 छात्रों की भूख हड़ताल और टकसाल सिनेमा पर चार हजार रुपये का जुर्माना लगाए जाने समेत कई खबरें सुर्खियों में रहीं। 
 

विज्ञापन
Varanasi top news students hunger strike at BHU ₹4,000 fine imposed on Taksal Cinema altercation at mall
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

बीएचयू के सेंट्रल ऑफिस के बाहर अनिश्चितकालीन धरने के छठवें दिन एबीवीपी संगठन के 22 छात्रों ने भूख हड़ताल कर चीफ प्रॉक्टर का इस्तीफा मांगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने चीफ प्रॉक्टर को हटाने के अलावा सभी मांगे मान ली हैं, बावजूद छात्र हटने को तैयार नहीं हैं। छात्र इस्तीफे की मांग पर अड़े हैं। छात्रों ने धरना स्थल पर ही शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती भी मनाई। इकाई अध्यक्ष पल्लव सुमन ने कहा कि छात्रहित और विश्वविद्यालय की गरिमा से जुड़े विषयों पर अभाविप किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होने देगा। ईकाई मंत्री अनुराग तिवारी ने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने के किसी भी प्रयास के बावजूद अभाविप छात्रहित के मुद्दों को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी। पुनीत मिश्रा ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को छात्रों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी मांगों पर समयबद्ध और लिखित कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।  

विज्ञापन


टकसाल सिनेमा पर चार हजार का जुर्माना, सड़क पर फैला दिया था मलबा
ताज होटल के सामने नदेसर राजा बाजार क्षेत्र में टकसाल सिनेमा परिसर के ध्वस्तीकरण से निकला मलबा और मिट्टी सड़क पर फैलाना प्रबंधन को भारी पड़ गया। स्वच्छता निरीक्षण में मामला सामने आने के बाद नगर निगम ने टकसाल सिनेमा पर चार हजार रुपये का जुर्माना लगाकर चालान काट दिया। साथ ही नगर निगम की टीम ने मौके और मार्ग की सफाई शुरू करा दी।
विज्ञापन


टकसाल सिनेमा परिसर में तोड़फोड़ और ध्वस्तीकरण का काम चल रहा है। मलबा और मिट्टी सड़क पर फैला दिया गया था। इससे सड़क पर गंदगी के साथ धूल और प्रदूषण की स्थिति बन गई थी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने उत्तर प्रदेश ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, संचालन एवं स्वच्छता नियमावली-2021 की धारा 46 के तहत आकाश राय (टकसाल) पर चार हजार रुपये का स्थलीय जुर्माना लगाया गया और चालान काटा गया। नगर आयुक्त ने स्पष्ट चेतावनी दी कि शहर की स्वच्छता से खिलवाड़ करने और सार्वजनिक मार्गों पर गंदगी या प्रदूषण फैलाने वाले किसी भी संस्थान या व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। 
विज्ञापन
विज्ञापन

 
शराब पीने का विरोध करने पर होम स्टे संचालक और भाई पर हमला
जगतगंज में रविवार रात होम स्टे के नीचे शराब पीने का विरोध करने पर मनबढ़ों ने होम स्टे संचालक और उनके भाई पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ चेतगंज थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दास नगर कॉलोनी स्थित ''''बीस्टा इन होम स्टे'''' के संचालक गौरव जायसवाल ने पुलिस को बताया कि रात को होम स्टे के नीचे मोनू उर्फ वकील अपने साथियों के साथ शराब पी रहा था। मना करने पर आरोपी आक्रोशित हो गए और गालीगलौज कर धारदार हथियार से हमला कर दिया। बड़े भाई आनंद जायसवाल बीच-बचाव करने पहुंचे तो हमलावरों ने उन पर भी वार किया। थाना प्रभारी पवन पांडेय ने बताया कि मोनू और अज्ञात साथियों पर प्राथमिकी दर्ज की है। 

जेएचवी मॉल में मां पर टिप्पणी, युवक और भाई घायल
जेएचवी मॉल में एक युवक और उसके दोस्तों के साथ विवाद हो गया। यह विवाद टिप्पणी करने को लेकर शुरू हुआ था। विवाद के बाद तीन युवकों ने हमला कर दिया, जिससे युवक और उसके भाई को गंभीर चोटें आईं। शिवपुर निवासी अमन पाल ने पुलिस को बताया कि 26 सितंबर की रात 11 बजे वह परिवार के साथ जेएचवी मॉल में फिल्म देखने गए थे। उनके कुछ दोस्त भी वहां थे। आरोप है कि मॉल में एक व्यक्ति मां की ओर देखकर टिप्पणी कर रहा था। वह मोबाइल से उनकी तस्वीर भी खींच रहा था। इसका विरोध किया। इसके बाद तीन अज्ञात युवकों ने गालीगलौज कर हमला कर दिया। हमले में उसके और भाई आकाश पाल के सिर में गंभीर चोट आई। कुछ देर बाद आरोपियों के साथ 10 से 15 अज्ञात लोग और पहुंच गए। उन्होंने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया, जिसमें अमन और आकाश समेत कई लोग घायल हो गए। कैंट इंस्पेक्टर राजकिशोर पांडेय ने बताया कि अमन पाल की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।  

गोमती जोन के पिंडरा और राजातालाब सर्किल के लंबित विवेचनाओं पर सीपी खफा
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने रविवार को बड़ागांव थाने का निरीक्षण किया। पुलिसिंग में सुधार और लंबित मामलों के निस्तारण पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान थाने की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव और कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। गोमती जोन के सर्किल पिंडरा और राजातालाब से संबंधित लंबित विवेचना पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

विवेचकों को हर प्रकरण में वैज्ञानिक, निष्पक्ष और विधिसम्मत साक्ष्य संकलन करने के निर्देश दिए। पुलिस आयुक्त ने पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर कार्य वातावरण और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। पुलिस आयुक्त ने थाना परिसर में साफ-सफाई, आगंतुकों के लिए शुद्ध पेयजल और महिलाओं के लिए अलग से दो शौचालय उपलब्ध कराने को कहा। 

मिशन शक्ति केंद्र पर नियुक्त महिला पुलिसकर्मियों को विद्यालयों, हॉस्टल और कोचिंग संस्थानों में नियमित जागरूकता कार्यक्रम को कहा। शिक्षण संस्थानों में सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच और कमियां पाए जाने पर कार्रवाई की बात कही। मेस, बैरक और रहने-खाने की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। कमियों को तत्काल दूर करने और स्वच्छ, सुविधाजनक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। थाना परिसर में चल रहे नवनिर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया।

डीसीपी वरुणा ने शिवपुर थाने का किया निरीक्षण
डीसीपी वरुणा राजेश कुमार पांडेय ने सोमवार देर रात शिवपुर थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए। उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। व्यापारियों ने सुरक्षा और क्षेत्र से जुड़ी समस्याएं बताईं। डीसीपी ने उन्हें आश्वस्त किया कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए मुस्तैद है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। एसीपी कैंट प्रज्ञा पाठक और शिवपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा मौजूद रहे।  

ऑनलाइन जुआ खेलते आठ आरोपी गिरफ्तार
सिटी रेलवे स्टेशन के पास ऑनलाइन लॉटरी के फड़ पर सोमवार रात एसओजी-2 और जैतपुरा पुलिस ने छापा मारा। आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों में मतीउर्रहमान, मकसूद अहमद, सिराजुद्दीन, हसीन अहमद, ललित मौर्य और रियाजुद्दीन सहित आठ आरोपी रहे। पुलिस ने मौके से 4443 रुपये बरामद किए। साथ ही पांच मोबाइल फोन और एक ई-रिक्शा भी जब्त किया गया। थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।  

ऑटो पार्ट की दुकान से दो लाख का माल चोरी
चौबेपुर थाना क्षेत्र के उमरहां बाजार में रविवार रात एक ऑटो पार्ट की दुकान से दो लाख का सामान चोरी हो गया। चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर नकदी सहित बैटरियां, चेन स्प्रॉकेट और मोबिल के डिब्बे चुरा लिए। घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है। पीड़ित रामसूरत उर्फ मुन्ना विश्वकर्मा ने पुलिस को बताया कि उसकी श्रीराम ऑटो पार्ट एंड सर्विस सेंटर नाम की दुकान है। शाम वे दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात साढ़े बारह बजे चोरों ने लोहे के रॉड से शटर तोड़ा। सुबह चोरी की जानकारी मिली। तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम के 112 नंबर पर सूचना दी। थोड़ी देर में फैंटम दस्ता और चौकी प्रभारी चिरईगांव जितेंद्र पाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुकान में बिखरे सामान का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली। मौके से शटर तोड़ने वाला रॉड और पेचकस बरामद किया गया। थाना प्रभारी चौबेपुर अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि फुटेज में दिख रहे आरोपियों की पहचान की जा रही है।  

बीएचयू अस्पताल से मोबाइल चोरी करने की आरोपी महिला गिरफ्तार
बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल से मोबाइल चोरी करने की आरोपी महिला को लंका पुलिस ने सोमवार को अस्पताल की नई बिल्डिंग के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी महिला के पास से तीन चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें एक एंड्रॉइड और दो की-पैड मोबाइल हैं। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी महिला को सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि उसने मोबाइल फोन बीएचयू अस्पताल से चुराए थे। वह मोबाइल राहगीरों को बेचने की कोशिश कर रही थी। उस पर लंका थाने में पहले से कई मामले दर्ज हैं। 

लोहता पुलिस ने चोरी की बाइक बरामद की
चोरी की मोटरसाइकिल को कुछ घंटों के भीतर लोहता पुलिस ने सोमवार को बरामद कर ली। पुलिस ने इसे असली मालिक अनीष कुमार राव को सौंप दिया। चंदापुर निवासी अनीष ने रविवार रात शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी मोटरसाइकिल केराकतपुर पेट्रोल पंप के पास से चोरी हुई थी। थाना प्रभारी अभिजीत सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने तुरंत जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद ली गई।  
 
जमीन विवाद में वृद्ध मां को घर से निकाला, चार पर मामला दर्ज
मिर्जामुराद क्षेत्र के अमिनी गांव में जमीन के विवाद को लेकर एक विधवा मां को मारपीट कर घर से निकाला गया है। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर कार्रवाई हुई है। पुलिस ने मां के दो बेटों और दो बहुओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जड़ावती ने पुलिस को बताया कि 15 सितंबर की रात आठ बजे बेटे रामचंद्र, रामसुंदर उर्फ छोटे और मंजू देवी व संजू देवी ने उनके साथ गालीगलौज की। आरोप है कि लात-घूंसों से मारकर उन्हें घायल कर दिया गया और घर से भगा दिया गया। वृद्धा का आरोप है कि आरोपी उनकी जमीन जबरन अपने नाम कराने का दबाव बना रहे हैं। विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। थाना प्रभारी गोपालजी कुश्वाहा ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

पति पर मारपीट, प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी का आरोप
विवाहिता ने पति पर मारपीट समेत अन्य आरोपों में सोमवार को लालपुर-पांडेयपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र की जेडी नगर कॉलोनी फेज-1 निवासी ममता जायसवाल ने पुलिस को बताया कि पति मुकेश का एक युवती से संबंध है। इसी बात को लेकर वह आए दिन उनके साथ मारपीट करता है। महिला ने पति पर दो बच्चों की देखभाल न करने का आरोप लगाया है। 26 सितंबर को पति ने बच्चों के सामने उनके बाल पकड़े। मारपीट और जान से मारने की कोशिश भी की। ममता ने यह भी बताया कि पति ने उनके आभूषण भी अपने पास रख लिए हैं। विरोध करने या तलाक की बात कहने पर घर से निकालने की धमकी देता है। लालपुर-पांडेयपुर इंस्पेक्टर अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

वाराणसी-आजमगढ़ हाईवे पर ऑटो पलटा, युवक-युवती घायल
वाराणसी-आजमगढ़ हाईवे पर गोला गांव के पास सोमवार दोपहर एक तिपहिया ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो सवार इम्तियाज (25) और सानिया (20) घायल हो गए। दोनों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इम्तियाज और सानिया वाराणसी के तेलियाना गोलगड्डा के निवासी हैं। चोलापुर थाना क्षेत्र के बेला गए थे। दोपहर में वे ऑटो से शहर लौट रहे थे। आसपास के लोगों ने घायलों को बाहर निकाला। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। थाना प्रभारी सधुवन राम ने बताया कि किसी तरह की कोई तहरीर नहीं मिली है।  

बैरवन गांव के पास ट्रेन से कटकर युवक की मौत
बैरवन गांव के सामने रविवार रात ट्रेन से कटकर युवक की मौत हो गई। आशंका है कि युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या की है। पुलिस मौके पर पहुंची। युवक का सिर धड़ से अलग हो गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त के लिए काफी प्रयास किए। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। 

राजघाट पुल से गंगा में कूदा युवक, देर शाम तक नहीं मिला सुराग
आदमपुर थाना क्षेत्र के राजघाट पुल से सोमवार दोपहर युवक ने गंगा में छलांग लगा दी। सूचना मिलने पर आदमपुर पुलिस के साथ जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। देर शाम तक युवक का कोई पता नहीं चल सका था। दोपहर में युवक राजघाट पुल के खंभा नंबर 2 के पास पहुंचा। अचानक पुल पर लगी जाली को पकड़कर ऊपर चढ़ना शुरू किया। यह देखकर राहगीरों ने उसे पकड़ लिया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही युवक हाथ छुड़ाकर दोबारा जाली पर चढ़ गया। इसके बाद गंगा में छलांग लगा दी। आदमपुर पुलिस ने जल पुलिस और एनडीआरएफ के गोताखोरों को बुलाकर तलाश शुरू कराई। उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। इंस्पेक्टर विमल मिश्रा ने बताया कि युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस उसके नाम-पते और परिजनों के बारे में जानकारी जुटा रही है। 

घर में घुसकर महिला से मारपीट, जेठ-जेठानी समेत छह पर आरोप
मिर्जामुराद क्षेत्र के अरका कंसरायपुर गांव में एक महिला से घर में घुसकर मारपीट की गई। पीड़िता ने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। सोमवार को अंजनी देवी ने पुलिस को बताया कि उनके पति बाहर रहते हैं और वह घर पर अकेली थीं। 27 सितंबर रात 11 बजे जेठ-जेठानी समेत अन्य आरोपी घर में घुस आए। गाली-गलौज कर लात-घूंसे व थप्पड़ से घायल कर दिया। पीड़िता ने पुलिस से कार्रवाई और जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।  

पति समेत छह पर प्राथमिकी, पांच लाख रुपये मांगे
दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने और मारपीट के आरोप में छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। शंकरपुर रिंग रोड बाईपास चौबेपुर निवासी विवाहिता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 12 फरवरी 2026 को बिहार के कैमूर जिले के मोहनियां निवासी सन्नी गुप्ता से हुई थी। आरोप है कि विवाह के कुछ ही दिन बाद ससुराल पक्ष की ओर से दहेज में पांच लाख रुपये की मांग की जाने लगी। 26 फरवरी को मारपीट के दौरान उसे जमीन पर गिराकर पीटा गया। पेट में गंभीर चोटें आईं। जान से मारने और पांच लाख रुपये न लाने पर घर से निकालने की धमकी दी गई। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया पति सन्नी गुप्ता, सास आशा गुप्ता, ससुर पारसनाथ गुप्ता, देवर शाश्वत गुप्ता, देवरानी स्मिता गुप्ता और ममिया ससुर संतोष गुप्ता को नामजद किया गया है।
 
कूटरचित अभिलेख से बंजर जमीन बेचने वाले की जमानत अर्जी खारिज
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष कुमार की अदालत ने कूटरचित दस्तावेज से बंजर जमीन बेचने के आरोपी सुधिराम प्रसाद की जमानत अर्जी सोमवार को खारिज कर दी। न्यायालय ने आरोप को गंभीर प्रकृति का मानते हुए फैसला सुनाया। अभियोजन पक्ष के अनुसार, चौबेपुर थाना क्षेत्र के बरियासनपुर निवासी सुधिराम ने नगर निगम की अकथा गांव में बंजर जमीन पर फर्जी खतौनी तैयार की। जमीन चिरईगांव निवासी दिनेश कुमार मौर्य को पचास लाख रुपये में बेचने का सौदा किया था। बयाना के तौर पर सुधिराम ने दिनेश से दो लाख रुपये लिए। बैनामा से पहले दिनेश ने अधिवक्ता से जमीन की जांच कराई। जांच में पता चला कि जमीन बंजर और कब्रिस्तान की है। जब दिनेश ने सुधिराम से अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने गालीगलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने सारनाथ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने सुधिराम को गिरफ्तार किया और कोर्ट ने जेल भेज दिया। न्यायालय ने दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं और अभियोजन अधिकारी के तर्कों को सुना। अदालत ने पाया कि आरोपी पर लगे आरोप गंभीर प्रकृति के हैं।  

कांग्रेस का कचहरी पर प्रदर्शन, चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल
कांग्रेस की जिला और महानगर कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को कचहरी मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। पदाधिकारियों ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए। साथ लोकसभा चुनाव की प्रक्रिया की नए सिरे से जांच कराने की मांग रखी। जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल की अध्यक्षता और महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता सोमवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पास एकत्रित हुए। इसके बाद नारेबाजी करते हुए कचहरी पहुंचे। राष्ट्रपति के नाम से संबोधित मांग-पत्र सौंपा गया। इस मौके पर गुलशन अली, प्रजानाथ शर्मा, फसाहत हुसैन बाबू मौजूद रहे।  

बारिश और आंधी से गिरी विद्यालयों की दीवार
तीन दिन तक हुई बरसात और आंधी के कारण परिषदीय स्कूलों को काफी नुकसान पंहुचा। तेज आंधी में बड़े बड़े वृक्ष गिर गए। कई जगहों पर चहारदीवारी भी गिर गई। पिंडरा विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय जमापुर में गूलर, नीम व पाकड़ के पेड़ चहारदीवारी पर गिरने से काफी नुकसान पहुंचा। सोमवार को जब विद्यालय शिक्षक पहुंचे तो विद्यालय की स्थिति देख माथा पकड़ लिया। ग्रामीणों ने बताया कि शासन की ओर से छुट्टी घोषित करने से बच्चों की जान बच गई वरना बड़ा हादसा हो सकता था। प्राथमिक विद्यालय बढ़ौना व भदेवली में भी पेड़ व चहारदीवारी गिरने से काफी नुकसान पहुचा। तार गिरने से विद्युत आपूर्ति भी बाधित रही। क्षेत्र के कई स्कूलों व गांवों में पेड़ गिरने के कारण ग्रामीण परेशान रहे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed