वाराणसी की खबरें: खड़े ट्रक में घुसी एंबुलेंस, बच्चे की मौत, चार घायल; सिर कूंचकर हत्या में आरोपी गिरफ्तार
बीएचयू की जगह निजी अस्पताल ले जा रही एंबुलेंस खड़े ट्रक में घुस गई। हादसे में बच्चे की मौत हो गई, जबकि माता-पिता सहित चार लोग घायल हो गए। उधर, सिर कूंचकर हत्या के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार किया गया। पढ़ें- क्राइम की अन्य खबरें
विस्तार
वाराणसी में रोहनिया थाना क्षेत्र में अखरी बाईपास के पास इलाज के लिए बच्चे को लेकर जा रही एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। हादसे में दो साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई, जबकि माता-पिता और दादा-दादी भी घायल हो गए। परिजनों की तहरीर पर रोहनिया पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
सोनभद्र के शाहगंज थाना क्षेत्र के मोराही, पनौली निवासी बिजेंद्र कुमार के दो साल के बेटे रिक्की की 14 सितंबर को तबीयत खराब हो गई। परिजन 15 सितंबर को उसे राबर्ट्सगंज के नेशनल बाल चिकित्सालय ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्चे की हालत सामान्य बताते हुए घर भेज दिया। शाम को दोबारा तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। रात 11 बजे तक उपचार के बाद हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने उसे बीएचयू रेफर कर दिया।
आरोप है कि अस्पताल के कर्मचारी दिनेश चौहान ने एंबुलेंस चालक मिथिलेश को बुलाया। इसके बाद चालक बच्चे और परिजनों को लेकर बीएचयू के लिए निकला, लेकिन रास्ते में उसे अखरी बाईपास पर पूर्वांचल स्पेशलिस्ट अस्पताल ले जाने लगा। 16 सितंबर की रात दो बजे होटल शिव साधना के पास सर्विस लेन पर खड़े ट्रक में एंबुलेंस पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि एंबुलेंस ट्रक के पिछले हिस्से में घुस गई।
हादसे में बच्चा रिक्की, उसकी मां बनशीला, पिता रामकुमार और दादी फूलवंती गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि दुर्घटना के बाद चालक मिथिलेश मौके से भाग गया। लोगों की मदद से घायलों को पहले अखरी बाईपास पर निजी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीएचयू भेज दिया गया। बाद में 17 सितंबर को परिजन सभी घायलों को दूसरे निजी अस्पताल ले गए।
उपचार के दौरान 18 सितंबर को बच्चे की मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव का अंतिम संस्कार कर घर लौट गए। परिजनों की स्थिति कुछ सामान्य होने पर रोहनिया थाने में तहरीर दी गई। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
सिर कूंचकर हत्या के मामले में आरोपी गिरफ्तार
आदमपुर थाना क्षेत्र के कोनिया घाट के पास गैस सिलिंडर से सिर कूंचकर अंकित राजभर (26) की हत्या के मामले में आरोपी बुढ़वा उर्फ किशन विश्वकर्मा को पुलिस ने मुगलसराय थाना क्षेत्र के उज्ज्वलपुरम, शाहूपुरी के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया। एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि 31 अक्तूबर की शाम 7:30 बजे अंकित घर से नदी की तरफ टहलने निकला था। किराना की दुकान के पास उसकी बुढ़वा से कहासुनी हो गई।
विवाद बढ़ने पर किशन के परिवार के अन्य सदस्य भी पहुंच गए। आरोप है कि किशन के भाई अजय विश्वकर्मा समेत अन्य लोगों ने अंकित की पिटाई शुरू कर दी। गैस सिलिंडर से उसके सिर पर वार कर सभी छोड़कर भाग निकले। परिजन आनन-फानन अंकित को मंडलीय अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से किशन भाग निकला था। थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि तीन टीमें आरोपी की गिरफ्तारी में लगी थीं। विवेचना की जा रही है।
अवैध पटाखा फैक्टरी से 501 किलो विस्फोटक मिला, एक गिरफ्तार
एसओजी-2 और सिंधोरा पुलिस की ने रविवार रात सिंधोरा बाजार में अवैध पटाखा निर्माण और भंडारण का भंडाफोड़ किया है। साथ ही आरोपी रफीक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 501.5 किलो निर्मित और अर्ध-निर्मित पटाखे बरामद किए। थानाध्यक्ष पंकज कुमार पांडेय के नेतृत्व में टीम ने सिंधोरा बाजार के मकान में दबिश दी। भारी मात्रा में अवैध पटाखे और निर्माण में उपयोग सामग्री मिली। आरोपी रफीक पटाखा निर्माण और भंडारण का वैध लाइसेंस पेश नहीं कर सका। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि वह पैसे कमाने के लिए बिना लाइसेंस के पटाखे बनाकर बेचना चाहता था। रफीक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। बरामद पटाखों में फुलझड़ी, रॉकेट, बुलेट बम, सुतली बम, मिर्ची बम और चकरी शामिल हैं। पटाखा निर्माण में उपयोग होने वाले बारूद, शोरा, गंधक, चारकोल और एल्युमीनियम पाउडर भी मिले।
मोबाइल फोन हैक कर 4.11 लाख की साइबर ठगी
साइबर जालसाजों ने नंद किशोर मल्होत्रा का मोबाइल हैक कर बैंक खाते से 4.11 लाख रुपये साफ कर दिए। पीड़ित ने भेलूपुर थाने में रविवार रात प्राथमिकी दर्ज कराई। भदैनी निवासी नंद किशोर मल्होत्रा ने पुलिस को बताया कि 24 से 28 अक्तूबर के बीच घटना हुई। मोबाइल फोन को हैक किया गया। इसके बाद गूगल पे और फोन पे के जरिये कई किस्तों में 4.11 लाख की रकम निकाली गई। बैंक ऑफ बड़ौदा के बचत खाते और चालू खाते प्रभावित हुए। यह खाते गुरुधाम और सोनारपुरा शाखाओं में थे। 28 अक्तूबर को ही साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। इंस्पेक्टर दुर्गा सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। साइबर विशेषज्ञों से भी मदद ली जा रही है। मामले की जांच निरीक्षक सत्य प्रकाश को सौंपी गई है।
गुटखा मांगने के बहाने दुकान पर पहुंचे बदमाश, महिला की चेन लूटी
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के लमही में मंगलवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने किराना दुकान पर बैठी गायत्री देवी के गले से चेन लूट ली। वारदात के बाद दोनों बाइक से भाग निकले। घटना सामने के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। लमही निवासी सत्यम जायसवाल के घर में ही किराना की दुकान है। मंगलवार को मां गायत्री देवी दुकान के बाहर कुर्सी पर बैठी थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक पहुंचे। पीछे बैठा युवक बाइक से उतरकर दुकान पर आया और गुटखा मांगने लगा। गायत्री देवी सामान देने के लिए जैसे ही उठकर मुड़ीं, युवक ने उनका बाजू पकड़ लिया और गले से चेन छीन ली। महिला ने विरोध किया तो बदमाश धमकी देते हुए साथी के साथ बाइक से भाग निकला। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
बेटे को पिता की तरह हत्या करने की धमकी
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के हुकुलगंज में नौ साल पुराने हत्याकांड के पीड़ित परिवार को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। आरोप है कि हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा पाए दोनों दोषियों की जमानत निरस्त कराने के लिए पैरवी करने पर पीड़ित के बेटे को पिता की तरह हत्या करने की धमकी दी गई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर दो अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हुकुलगंज निवासी अभिषेक निगम के पिता प्रमोद कुमार निगम तत्कालीन ठेला-पटरी व्यवसायी संघ के अध्यक्ष थे। 17 जनवरी 2017 को उनकी हत्या कर दी गई थी। मामले में नंदलाल राय और शेषनाथ विश्वकर्मा उर्फ शर्मा को 10 अप्रैल 2025 को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। दोनों ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में अपील दाखिल की थी। पांच अक्तूबर 2026 को दोनों को जमानत मिल गई और वे जेल से बाहर आ गए।
अभिषेक के मुताबिक, दो नवंबर को बघवा नाला के पास बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने दोनों आरोपियों की जमानत निरस्त कराने के लिए पैरवी नहीं करने की चेतावनी दी। ऐसा नहीं करने पर पिता की तरह हत्या करने की धमकी दी। अभिषेक ने पुलिस को बताया कि मुकदमे के दौरान मुख्य गवाह हिमांशु श्रीवास्तव को भी धमकी दी गई थी। इस संबंध में चेतगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज है। मामले में गैंगस्टर का मुकदमा भी लंबित है। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
वरुणा पुल पर मलबा उठाने के दौरान मजदूरों से मारपीट
कैंट थाना क्षेत्र के वरुणा पुल पर मलबा उठाने के दौरान मजदूरों से विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित रमेश गौतम की तहरीर पर पुलिस ने हिमांशु यादव और सूरज पटेल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
रमेश के मुताबिक, दो नवंबर की रात करीब दो बजे वह अन्य मजदूरों के साथ वरुणा पुल पर मलबा उठा रहा था। इसी दौरान हिमांशु यादव और सूरज पटेल वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों शराब के नशे में मजदूरों के साथ गाली-गलौज करने लगे।
विरोध करने पर रमेश को लात-घूंसों और लाठी से पीटकर घायल कर दिया। हमले में उसके सिर में कई चोटें आईं। आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के साथ भी आरोपियों ने अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
लाठी से वार कर बिजली मीटर तोड़ा, पड़ोसी पर धमकी देने का आरोप
कैंट थाना क्षेत्र के विष्णु नगर कॉलोनी में पड़ोसी को मारने की धमकी देने और लाठी से वार कर बिजली मीटर तोड़ने का आरोप लगा है। पीड़ित राजेंद्र प्रसाद सोनकर की तहरीर पर पुलिस ने धीरज सोनकर उर्फ टिल्लू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पीड़ित के अनुसार, उसका मकान विष्णु नगर कॉलोनी में है। वहां दो किलोवाट का विद्युत कनेक्शन है और मीटर मकान के बाहर लगा था। आरोप है कि 27 सितंबर 2026 की सुबह 11 बजे धीरज सोनकर उसके घर पहुंचा और गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने लाठी से वार कर बाहर लगा बिजली मीटर तोड़ दिया। विरोध करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
50-60 लोगों ने फल मंडी के पास दुकानों पर बोला धावा, सरकारी बिजली मीटर तोड़कर ले गए
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के पहड़िया फल मंडी के पास 50-60 लोगों के समूह ने दुकानों पर हमला कर दिया। आरोप है कि लाठी-सरिया से लैस हमलावरों ने दुकानों में लगे सरकारी बिजली मीटर तोड़ दिए और उन्हें लेकर चले गए। खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताकर दुकानदारों पर दबाव भी बनाया। पुलिस ने नामजद आरोपितों समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। सिंधी कॉलोनी, पांडेयपुर निवासी लकी घावरी के मुताबिक, 30 अक्तूबर की रात 10:45 बजे फल मंडी गेट नंबर दो के पास व्यावसायिक प्रतिष्ठान पर हमला किया गया।
आरोप है कि शशिकांत पांडेय, कृष्णकांत पांडेय और लक्ष्मीकांत पांडेय के संरक्षण में राजेश पटेल और संदीप गुप्ता के नेतृत्व में 50-60 लोग पहुंचे थे। जान से मारने की धमकी देते हुए दुकानों में लगे बिजली मीटर तोड़ दिए। पीड़ित के अनुसार, रात 11:45 बजे पुलिस को सूचना दी गई। आरोप है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने के दौरान भी हमलावरों ने बचे हुए मीटर तोड़े और उन्हें लेकर चले गए। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
दहेज प्रताड़ना में पति समेत छह पर प्राथमिकी
कपसेठी थाना क्षेत्र के बनकट गांव निवासिनी रूबी मौर्या की शिकायत पर पुलिस ने पति इंद्रेश मौर्या समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। आरोप है कि शादी में 20 लाख रुपये खर्च करने के बावजूद ससुराल पक्ष के लोग पांच लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। थाना प्रभारी विकास मौर्य ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
कूटरचित दस्तावेज से नौकरी हासिल करने वाले को सात साल की सजा
धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर नौकरी हासिल करने के मामले में प्रथम अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पल्लवी सिंह की अदालत ने दोषी भगवती प्रसाद को सात वर्ष की सजा सुनाई है। 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। जुर्माना नहीं अदा नहीं करने पर दो महीने का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। 28 अप्रैल 2017 को चुनार के सहसपुरा गांव निवासी प्रेम शंकर पांडेय ने भगवती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
आरोप था कि गांव के एक निसंतान दंपती की संपत्ति हड़पने के लिए उसने धोखाधड़ी कर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और खुद को उनका बेटा दर्शाया। इसके बाद अधिशासी अभियंता, लिफ्ट सिंचाई निर्माण खंड वाराणसी को धोखे में रखकर हेल्पर के पद पर नौकरी हासिल कर ली। मामले में चुनार थाने में 2017 में धोखधड़ी व अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत पुलिस ने प्रभावी पैरवी करते हुए गवाहों को न्यायालय में पेश कराया। प्रथम अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पल्लवी सिंह की अदालत ने भगवती प्रसाद निवासी शाहपुर थाना बड़ागांव वाराणसी को दोषी ठहराते हुए सात वर्ष के कारावास की सजा सुनाई।
सोनपापड़ी-पनीर के 14 सैंपल फेल, 4.35 लाख लगा जुर्माना
दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज को लेकर जिले के बाजारों में रौनक जितनी बढ़ रही है, मिलावटखोरी का जाल भी उतना ही फैलता जा रहा है। त्योहारों पर मांग पूरी करने के लिए मिठाई कारोबारी गुणवत्ता को ताक पर रखकर सिंथेटिक खोया, केमिकल युक्त रंग और जानलेवा मिलावट का सहारा ले रहे हैं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने छह महीने में प्रयोगशाला जांच में असुरक्षित पाए गए 14 नमूनों पर 4.35 लाख का जुर्माना लगाया है। विभागीय अमले की कमी के चलते मिलावटखोरों पर नकेल कसना एक बड़ी चुनौती है। जिले भर में लंका, गोदौलिया, चौक, कैंट, अर्दली बाजार और पांडेयपुर समेत 2200 छोटी-बड़ी मिठाई की दुकानें व निर्माण इकाइयां हैं।
त्योहारों से दो दिनों पहले तक विभाग 10 प्रतिशत दुकानों तक ही पहुंच पा रहा है। मुनाफाखोर सिंथेटिक खोया, डिटर्जेंट मिला दूध और चांदी के वर्क की जगह जहरीले एल्युमिनियम वर्क का इस्तेमाल कर लोगों को लिवर, किडनी और आंतों के गंभीर रोगों की ओर धकेल रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि जब तक मिलावटी माल बेचने वालों की दुकानें सील नहीं होंगी और उनके खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में प्राथमिकी दर्ज नहीं होगी, तब तक खेल नहीं रुकेगा।
सोशल मीडिया पर दोस्ती कर नाबालिग को प्रेमजाल में फंसाया, शोषण का आरोप
शिवपुर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिये नाबालिग छात्रा को प्रेमजाल में फंसाकर उसका शारीरिक शोषण करने और ब्लैकमेल करने के आरोपी हरिद्वार उत्तराखंड निवासी शिवम उपाध्याय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी ने सोशल मीडिया एप से छात्रा से दोस्ती की। इसके बाद स्कूल जाने के बहाने उसे वाराणसी के अलग-अलग होटलों और लॉज में ले जाकर शारीरिक संबंध बनाए।
आरोप है कि आरोपी ने छात्रा के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। पीड़िता के परिजनों को मामले की जानकारी होने पर उन्होंने आरोपी से संपर्क कर विरोध जताया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी और रुपये की मांग की। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
किशोरी मिली, आरोपी गिरफ्तार
बहला-फुसलाकर अगवा की गई किशोरी को लोहता पुलिस ने रविवार रात लोहता रेलवे स्टेशन के पास से बरामद किया। आरोपी राजेश को पुलिस ने गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी अभिजीत सिंह ने बताया कि आरोपी घमहापुर, लोहता का निवासी है। किशोरी के पिता ने लोहता थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप लगाया कि नाबालिग बेटी को राजेश बहला-फुसलाकर अगवा कर ले गया है।
टोटो से चार बैटरियां चोरी
चंदापुर चौकी क्षेत्र के चंदापुर निवासी विशाल पटेल उर्फ शनि के टोटो से अज्ञात चोर चार बैटरियां निकाल ले गए। बैटरियों की कीमत 45 हजार रुपये बताई गई है। विशाल पटेल ने सोमवार देर रात टोटो घर के बाहर खड़ा किया था। अज्ञात चोर वाहन को वहां से ले जाकर बहलोलपुर साईं धाम कॉलोनी फेज-1 के गेट के पास खड़ा कर भाग निकले। मंगलवार सुबह वाहन घर पर नहीं मिलने पर विशाल ने तलाश शुरू की। वाहन बहलोलपुर गांव में मिला, लेकिन चारों बैटरियां गायब थीं। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
6.4 लीटर शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
अवैध शराब तस्करी के आरोपी सोनू कुमार को सिगरा पुलिस ने रविवार रात मालगोदाम रोड कैंट स्टेशन से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 6.4 लीटर देसी शराब मिली। इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बिहार रोहतास के डेहरी थाना क्षेत्र के गागौली प्रयाग बिगहा का निवासी है। पूछताछ में बताया कि वह बनारस से शराब खरीदकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचता था। बिहार में शराबबंदी के कारण उसे मुनाफा होता था।
महिला का यौन शोषण कर बनाया वीडियो, बेटी को भी धमकाने का आरोप
शिवपुर थाना क्षेत्र में महिला और उसकी आठ साल की बेटी के यौन उत्पीड़न, ब्लैकमेलिंग और धमकी देने के आरोप में पुलिस ने शशांक कुमार कन्नौजिया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। शिकायत के अनुसार, आरोपी 2022 में पीड़िता के मकान में किराये पर रहने आया था। आरोप है कि इस दौरान उसने महिला का विश्वास जीतकर उसका यौन शोषण किया और निजी वीडियो बना लिए। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा।
महिला ने आरोपी पर नशीला पदार्थ देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का भी आरोप लगाया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी उसकी नाबालिग बेटी पर गलत काम के लिए दबाव बनाता था और विरोध करने पर उसे नुकसान पहुंचाने की धमकी देता था। महिला को जान से मारने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है। पीड़िता ने अपनी और बेटी की सुरक्षा की मांग कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।