वाराणसी की प्रमुख खबरें: विश्वनाथ धाम में 100 रुपये वसूलने पर गई नौकरी, दालमंडी में पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
वाराणसी जिले में काशी विश्वनाथ धाम में लॉकर का टोकन खोने पर 100 रुपये वसूलने पर एक व्यक्ति की नौकरी चली गई। उधर, एक महीने पहले किशोरी को बेचने के आरोप के मामले में पुलिस कानपुर पहुंची। पढ़ें- अन्य खबरें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के निशुल्क लॉकर का टोकन खोने पर 100 रुपये लेकर सामान देने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक श्रद्धालु कहता सुनाई दे रहा है, देखिए, मंदिर परिसर में लॉकर का टोकन खो गया। सामान लेने के लिए यहां 100 रुपये लिए जा रहे हैं। दर्शनार्थी को वीडियो बनाते देख लॉकर पर तैनात कर्मचारी ने उसे रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद वीडियो बंद हो गया। मंदिर के सीईओ विश्वभूषण मिश्रा ने बताया कि शिकायत मिलते ही आउटसोर्सिंग फर्म से संपर्क किया गया। मामले की जानकारी देने के बाद संबंधित कर्मचारी को नौकरी से हटा दिया गया। उन्होंने बताया कि सुबह सात से आठ बजे के बीच सोशल मीडिया के माध्यम से इस घटना की जानकारी मिली। सावन के दौरान काशी विश्वनाथ धाम में बैगेज काउंटर बंद रखने का निर्णय लिया गया है। ऐसे में मंदिर के बाहर स्थित निजी दुकानों के बैगेज काउंटरों पर मनमाना शुल्क वसूले जाने की आशंका बनी हुई है। इसे देखते हुए मंदिर प्रशासन और पुलिस को इस पर निगरानी रखने की आवश्यकता होगी।
दालमंडी में पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा, बेनियाबाग कब्रिस्तान में दफनाया गया परवेज
दालमंडी ध्वस्तीकरण के दौरान पत्थर गिरने परवेज खान उर्फ चुन्नू की मौत मामले में पोस्टमार्टम के बाद बेनियाबाग कब्रिस्तान में शव दफनाया गया। दूसरी तरफ दालमंडी में पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। बुधवार को पुलिस और पीडब्ल्यूडी से जुड़े कर्मचारियों ने किसी को भी अंदर नहीं आने दिया। एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि परिजनों की मांग अधिकारियों तक पहुंचा दी गई है। चौक और दालमंडी की तरफ पुलिस की अतिरिक्त तैनाती कर लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। एसीपी ने बताया कि लोगों को पहले ही मना किया जा चुका है कि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई चल रही है। ऐसे में इधर से गुजरना खतरनाक हो सकता है। डॉक्टरों के मुताबिक, सिर में चोट लगने से खून ज्यादा निकल गया था इसलिए मौत हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी सिर में चोट आने से मौत की पुष्टि हुई।
एक महीने पहले किशोरी को बेचने का आरोप, पुलिस पहुंची कानपुर
चौबेपुर क्षेत्र से एक महीने पहले किशोरी को कानपुर में एक लाख रुपये में बेचने का मामला सामने आया। पीड़िता ने किसी तरह परिजनों को फोन कर आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिवार ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस की 5 सदस्यों वाली टीम कानपुर रवाना हुई।परिजनों के अनुसार, किशोरी 6 जून की रात घर से लापता हो गई थी। काफी तलाश के बाद भी सुराग नहीं मिला। तीन जुलाई को किशोरी ने एक मोबाइल नंबर से अपने चाचा को फोन कर बताया कि चौबेपुर और सारनाथ के दो युवकों ने एक महिला की मदद से पहले उसे एक मकान में बंधक बनाकर रखा और बाद में कानपुर में एक लाख रुपये में बेच दिया। पीड़िता ने बताया कि उसे वहां जबरन रोका गया है। फोन मिलने के बाद परिजनों ने संबंधित मोबाइल नंबर पुलिस को दिया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि किशोरी की बरामदगी के लिए पांच सदस्यीय पुलिस टीम कानपुर भेजी गई है। पीड़िता को जल्द बरामद कर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें; बीएचयू पेड़ कटान केस: एनजीटी का 2.65 करोड़ क्षतिपूर्ति वसूली की कार्रवाई तीन महीने में पूरी करने का निर्देश
आठ साल के प्रेम के बाद शादी से इन्कार प्रेमी के घर धरने पर बैठ गई युवती
बड़ागांव थाना क्षेत्र के गांव में बुधवार दोपहर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक युवती अपने कथित प्रेमी के घर के बाहर धरने पर बैठ गई। युवती का आरोप है कि युवक ने आठ साल तक शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए और अब शादी से इन्कार कर दिया। धरने पर बैठी युवती लालपुर-पांडेयपुर क्षेत्र निवासी है। आरोपी युवक बड़ागांव थाना क्षेत्र का निवासी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद धरना समाप्त कराया। इसके बाद युवती के परिजनों को सूचना दी गई और युवक को भी थाने बुलाकर बातचीत की गई। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि युवक के मामा का घर युवती के घर के पास था, जिससे दोनों के बीच परिचय हुआ और बाद में प्रेम संबंध बने। बताया कि दोनों ने नोटरी शपथपत्र से विवाह का भी दावा किया है। दोनों पक्षों से बातचीत कर समाधान का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही समाधान निकाल लिया जाएगा।
गेस्ट हाउस में ठहरे गुजरात के बुजुर्ग ने फंदे से लटक दी जान
बुलानाला के खुनखुनजी अतिथि गृह में गुजरात के गोपालजी भाई (73) ने बुधवार देर शाम फंदे से लटक कर जान दे दी। कोतवाली पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गुजरात के राजकोट निवासी गोपाल जी भाई चार दिन पहले काशी आए थे। गोपालजी अतिथि गृह के कमरा संख्या 118 में ठहरे हुए थे। शाम तक वह बाहर नहीं निकले। अतिथि गृह के कर्मचारियों ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका पर कर्मचारियों ने रोशनदान से झांक कर देखा। गोपाल धोती के सहारे फंदे से लटके थे। अतिथि गृह के प्रबंधक सूर्यबली पांडेय ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। कोतवाली इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह ने बताया कि परिजनों को सूचना दी गई है। खुदकुशी के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
सुनसान स्थान पर मिला नवजात का शव, जांच में जुटी पुलिस
लोहता थाना क्षेत्र की छोटी कोइरान बस्ती से कुछ दूरी पर बुधवार शाम पांच बजे सुनसान स्थान पर नवजात का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव की सूचना पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि प्रथम दृष्टया आशंका है कि किसी ने लोक-लाज के भय से नवजात को फेंक दिया होगा। आसपास के लोगों से पूछताछ हो रही है। घटना स्थल के आसपास सीसी कैमरों को खंगाला जा रहा है।
गंगा में अज्ञात वृद्धा का शव मिला
पचगंगा घाट पर गंगा में बुधवार रात 60 साल की वृद्धा का शव मिला। पुलिस ने शव को मंडलीय अस्पताल में रखवाया। चौक थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा ने बताया कि जांच की जा रही। शिनाख्त के प्रयास में पुलिस जुटी है।
सपा नेताओं ने की मंत्री को बर्खास्त करने की मांग
प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल के बयान पर समाजवादी पार्टी ने कड़ा विरोध जताया है। चंदौली से लेकर लखनऊ तक पार्टी नेताओं ने मंत्री की भाषा और टिप्पणी को लेकर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। मंत्री की बर्खास्तगी और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की। पूर्व विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने कहा कि एक सांविधानिक पद पर बैठे मंत्री की ओर से राष्ट्रीय स्तर के नेता के लिए इस प्रकार की भाषा का प्रयोग करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज सिंह काका ने भी मंत्री के बयान की कड़ी निंदा की। उन्होंने जारी बयान में कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के खिलाफ की गई कथित अभद्र टिप्पणी भाजपा की राजनीतिक सोच को दर्शाती है।
सुरक्षाकर्मी के घर पर हमला, गालीगलौज और जान से मारने की धमकी
सारनाथ थाना क्षेत्र के नान्हुपुर में एक सुरक्षाकर्मी के परिवार पर जानलेवा हमला, घर का दरवाजा तोड़ने और महिलाओं के साथ गालीगलौज के मामले में बुधवार को पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित राजेश गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वह एक सुरक्षाकर्मी है। 24 जून को वह घर से बाहर थे। पड़ोसी गोलू, सागर, राधा, संध्या और रोशन ने उनके घर में घुसकर मां और बहन को गालियां दीं। विरोध करने पर पिटाई की। मुख्य दरवाजा भी तोड़ दिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सारनाथ थानाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी ने बताया कि 5 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
अपर पुलिस उपायुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया
गोमती जोन के अपर पुलिस उपायुक्त नृपेंद्र ने बुधवार को राजातालाब में पुलिस फोर्स के साथ पैदल गश्त किया। अपर पुलिस उपायुक्त ने दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों को अपने परिसरों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने के लिए जागरूक किया। हाईवे किनारे खड़े वाहनों के विरुद्ध चालान के निर्देश दिए। लोगों और व्यापारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना।
मुकदमे में समझौते का दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी का आरोप
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के हुकुलगंज निवासी धीरज सोनकर ने कुछ लोगों पर जान से मारने की धमकी देने और न्यायालय में लंबित मुकदमे में समझौता करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। हुकुलगंज निवासी धीरज सोनकर ने तहरीर में बताया कि चार-पांच दिनों से रात 10 से 10:30 बजे के बीच हुकुलगंज त्रिमुहानी (ताड़ीखाना) मस्जिद के सामने पान की दुकान पर नीरज श्रीवास्तव, बंटी मिश्रा, विकास दुबे, जैन मौर्य, रिंकू खान बुलेट से पहुंचकर गालियां देते हैं। नीरज और विकास जान से मारने की धमकी देते हुए उन्हें त्रिमुहानी पर आने के लिए ललकारते हैं। पीड़ित के अनुसार, आरोपितों के साथ उसका न्यायालय में मुकदमा लंबित है। समझौता करने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है और मना करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही है। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
शराब पिलाने से इन्कार पर युवक की पिटाई, पांच पर प्राथमिकी
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र की नई बस्ती में शराब पिलाने से इन्कार पर अभय कश्यप को पांच लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। नई बस्ती निवासी अभय कश्यप के अनुसार, छह जुलाई की रात 11:30 बजे काम से घर लौट रहा था। बड़ी मस्जिद के पास सुंदर चौहान ने उसे रोककर शराब पिलाने की मांग की। मना करने पर सुंदर ने मनोज चौहान, अजय, आशीष और प्रकाश को बुला लिया और पीटा। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
तीन दिन बाद ट्रेन हादसे में मृत युवक की हुई शिनाख्त
जंसा थाना क्षेत्र के खिल्लूपुर के अमीलहाडीह मंदिर के पास शनिवार को ट्रेन की चपेट में आने से जान गंवाने वाले अज्ञात युवक की शिनाख्त तीन दिन बाद भीटकुरी गांव कपसेठी निवासी रोशन सिंह के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार, रोशन अकसर बिना बताए घर से घर से निकल जाता थ। कई दिनों से उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन सुराग नहीं मिल रहा था। बुधवार सुबह चाचा संजय सिंह और भाई यशपाल सिंह गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए कपसेठी थाने पहुंचे। थाने में पुलिसकर्मियों ने उन्हें हाल ही में ट्रेन हादसे में मिले अज्ञात युवक की फोटो और अन्य साक्ष्य दिखाए। परिजन जंसा थाने पहुंचे और शिनाख्त की। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
जैतपुरा थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के मामले में भागे आरोपी समीर अहमद को सरैया वरुणा कॉरिडोर के पास से पुलिस ने गिरफ्तार किया। सीजेएम कोर्ट में पेश कर आरोपी को जेल भेजा गया। थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पांच जुलाई को पीड़िता की मां ने जैतपुरा थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि वह काम से घर लौटी तो देखा कि समीर अहमद उनकी नाबालिग बेटी के साथ जबरदस्ती कर रहा था। विरोध करने पर समीर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया।
17 लाख की धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी
कैंट थाना क्षेत्र में 17 लाख रुपये की धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने सुनील कुमार कौशल की तहरीर पर कमल कुमारी और संदीप कुमार गौतम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। तहरीर में नई बस्ती फूलवरिया मानिक नगर कॉलोनी निवासी सुनील ने आरोप लगाया है कि शीतल अपार्टमेंट पंचकोशी रोड निवासी संदीप और सदर बाजार कैंट निवासी कमल ने विश्वास में लेकर 17 लाख रुपये ले लिए।शिकायत तीन मार्च 2025 को पुलिस आयुक्त से की गई थी। जांच के दौरान संदीप कुमार गौतम ने 10 लाख रुपये लेने की बात स्वीकार की, जबकि शेष राशि कमल कुमारी की ओर से उपयोग की जानकारी दी। 28 मार्च 2025 को स्टांप पेपर पर समझौता हुआ, जिसमें संदीप कुमार गौतम ने रकम लौटाने के लिए पांच चेक दिए। एक चेक 6 मई 2025 को बैंक में प्रस्तुत किया गया, लेकिन वह बाउंस हो गया। आरोप है कि इसके बाद भी न तो रकम लौटाई गई और न ही अन्य चेकों का भुगतान किया गया। पीड़ित का आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। थाना प्रभारी राज किशोर पांडेय ने बताया कि विवेचना की जा रही है।
कैंट स्टेशन पर आरपीएफ ने दलाल को पकड़ा, चालान
कैंट रेलवे स्टेशन पर जांच अभियान के दौरान आरपीएफ और सीआईबी ने टिकट के साथ दलाल को पकड़ा। उसके पास से वाराणसी से सूरत जाने के लिए 3840 रुपये का स्लीपर टिकट मिला। तीन अन्य टिकट बनाने का व्हाटसएप पर प्रमाण मिला। आरोपी का चालान किया गया।इंस्पेक्टर संदीप यादव ने बताया कि काउंटर पर चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को शक की वजह से रोका गया। चेक किया गया तो उसके पास से स्लीपर क्लास का तत्काल टिकट मिला। पूछने में बताया कि वह एक टिकट के लिए 300 से 400 रुपये अतिरिक्त लेता है। इंस्पेक्टर ने बताया कि टिकट का दाम 3840 रुपये हैं। मोबाइल चेक करने पर तीन अन्य तत्काल टिकट मिले। जो पीडीडीयू जंक्शन से बंगलूरू, बनारस से छत्रपति शाहूजी टर्मिनस, पीडीडीयू जंक्शन से केपीआई तक के थे। आरोपी की पहचान आदमपुर क्षेत्र के हनुमान फाटक निवासी विष्णु अग्रहरि (30) के रूप में हुई। उधर, सर्कुलेटिंग एरिया में नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने के जुर्म में 6 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। बिना अनुमति स्टेशन परिसर में प्रवेश करने पर 4 लोगों और ट्रेन नंबर 19489 से मिले 15 अवैध वेंडरों पर कार्रवाई की गई।
दोस्त की कार क्षतिग्रस्त कर 12 लाख रुपये मांगे, मारपीट कर चेन लूटी
दोस्त की कार लेकर क्षतिग्रस्त करने और हर्जाना मांगने पर युवक की पिटाई कर दी गई। आरोप है कि गले से सोने की चेन भी लूट ली। पीड़ित ने बुधवार को मंडुवाडीह थाने में नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। मुंबई के हर्ष जायसवाल ने पुलिस को बताया कि उनके परिचित आकाश सिंह ने 4 फरवरी को शादी में जाने के लिए कार मांगी थी। अगले दिन आकाश ने फोन कर बताया कि गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया है। गाड़ी पूरी तरह पलटकर कबाड़ हो चुकी थी, लेकिन आरोपी और उसके साथियों को चोट नहीं आई थी। गाड़ी की मरम्मत का एस्टीमेट 12 लाख रुपये आया। आकाश सिंह ने शुरुआत में यह खर्च उठाने का वादा किया और 10 दिन का समय मांगा। समय पूरा होने के बाद वह लगातार टालमटोल करने लगा। बार-बार पैसे मांगने पर आरोपी आकाश ने गालीगलौज और जान से मारने की धमकी दी। 14 जून को जब पड़ोसी के साथ आरोपी आकाश के घर पहुंचे तो पास के इंडस्ट्रियल एरिया में ले गया। वहां पहले से मौजूद 4 लोगों के साथ मिलकर पीटा। धमकी दी कि पैसा नहीं देंगे। इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा ने बताया कि आरोपी आकाश और उसके साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
रिश्तेदारी में रह रहे बुजुर्ग की मौत, भतीजे ने 4.5 लाख निकालकर हत्या का लगाया आरोप
फूलपुर थाना क्षेत्र के परसहनी गांव में रिश्तेदारी में रह रहे मन्नालाल पटेल (70) की संदिग्ध कारणों से मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के भतीजे ने बैंक खाते से साढ़े चार लाख रुपये निकालने और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जौनपुर के लाइन बाजार निवासी मन्नालाल पांच महीने से परसहनी गांव में दिवंगत बहन के परिवार के साथ रह रहे थे। बुधवार सुबह उनकी अज्ञात कारणों से मौत हो गई। भतीजे शिवचरन पटेल का आरोप है कि बहन के बेटे प्रेम पटेल ने मन्नालाल के बैंक खाते से साढ़े चार लाख रुपये निकाल लिए और उनकी हत्या कर दी। मन्नालाल की पत्नी का सात साल पहले निधन हो चुका था और उनकी कोई संतान नहीं थी। प्रेम पटेल ने बताया कि मामा ने मंगलवार रात भोजन किया था और सो गए थे। बुधवार सुबह जगाने पहुंचे तो उनकी मौत हो चुकी थी। उनका कहना है कि मन्नालाल पहले से बीमार थे और बीमारी के कारण उनका निधन हुआ। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मन्नालाल 5 महीने से बहन के परिवार के साथ रह रहे थे। प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी। जांच की जा रही है।
सपाइयों ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ दी तहरीर
सपा नेता राजू यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने चेतगंज थाने में बुधवार को भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ तहरीर दी। कहा कि भाजपा सांसद ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणी की है। सपाइयों ने प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। कार्रवाई नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन और अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी दी। इस दौरान प्रमोद राय, शंकर विशनानी, वरुण सिंह अतुल विकास यादव बच्चा, संतोष यादव, इरशाद अहमद रहे।
जमीन विवाद में चले लाठी डंडे, छह घायल
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठटरा गांव में जमीन के विवाद को लेकर दो भाइयों के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान चले लाठी-डंडे से दोनों ओर से छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की है। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है। पीड़िता प्रियंका सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके भतीजे शुभम सिंह उर्फ सत्यम सिंह ने 2023 में जमीन देने के बहाने 65 लाख रुपये आरटीजीएस से लिए थे। आरोप है कि पैसे लेने के बाद न तो उन्हें जमीन दी गई और न ही रकम वापस की गई। सोमवार को पंचायत के बहाने सत्यम उर्फ शुभम, विजय उर्फ पिंटू और प्रदीप सिंह अपने साथ 15 अज्ञात लोगों के साथ पहुंचा और लोहे के रॉड और लाठी-डंडे से परिवार पर हमला कर दिया। प्रियंका सिंह ने बताया कि पति और उनके दो बेटों को चोटें आईं। कछवा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, सत्यम सिंह ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने परिजनों के साथ मारपीट की है। थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि दोनों पक्षों का मेडिकल कराया गया है।
बुजुर्ग मां के दांत तोड़े, पत्नी, ससुर और साले पर प्राथमिकी दर्ज
चेतगंज थाना क्षेत्र के काली महल में वृद्धा की पिटाई कर दांत तोड़ने का मामला सामने आया है। पीड़ित बेटे ने पत्नी, ससुर-साले के खिलाफ बुधवार को चेतगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़ित अबुल कासिम ने पुलिस को बताया कि ससुराल वालों के उकसाने पर पत्नी आए दिन मां के साथ मारपीट करती है। 22 जून की रात पत्नी ने मां के बाल पकड़कर उन्हें जमीन पर पटक दिया। पिटाई कर दांत तोड़ दिए। ससुर और साले ने फोन कर झूठे आरोप लगाए। चेतगंज इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि अबुल कासिम की शिकायत पर उनकी पत्नी, ससुर बाबू फिरोज और साले आसिफ व हैदर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शादी समारोह में युवक पर लाठी से हमला, चार पर प्राथमिकी
शिवपुर थाना क्षेत्र के घमहापुर में मामूली कहासुनी के बाद राजन राव पर शादी समारोह के कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। छोटा बासुदेवपुर निवासी राजन राव ने बताया कि सात जुलाई की रात आठ बजे वह घमहापुर में अंडे की दुकान पर गया था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद एक युवक ने शराब के नशे में गाली दी। विरोध करने पर धमकाया। उसी रात राजन खंडगपुर के एक शादी समारोह में भोजन करने गया था। आरोप है कि वहां विवाद करने वाला युवक साथियों संजय पटेल, वीरेंद्र कुमार पटेल और राहुल पटेल के साथ पहुंचा और घेर लिया। चारों ने लाठी और घूंसों से पिटाई कर दी। वह घायल हो गया। प्रभारी अजित कुमार वर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर एक अज्ञात समेत चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
घर में घुसकर दंपती की पिटाई कर छीनी चेन, एक आरोपी गिरफ्तार
लक्सा थाना क्षेत्र के गुरुबाग के श्रीनगर कॉलोनी में मंगलवार रात मनबढ़ों ने घर में घुसकर दंपती की पिटाई की। महिला की सोने की चेन भी लूट ली। पीड़ित ने एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ा और पुलिस को सौंपा। दंपती की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। श्रीनगर कॉलोनी निवासी पीड़ित संजय कुमार लालमनी ने पुलिस को बताया कि कुछ मनबढ़ों ने उनके घर के बाहर खड़ी गाड़ी गिरा दी। जब गेट से बाहर निकला तो चार से पांच आरोपियों ने गालीगलौज की। गली में घसीटते हुए पीटना शुरू कर दिया। शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हुए तो आरोपी भागे, लेकिन दो आरोपी घर के भीतर घुस गए। पिटाई के बाद पत्नी के गले से सोने की चेन लूट ली। चेन लूटने के बाद भागते समय एक आरोपी को मौके से पकड़ा गया। सूचना पर पहुंची लक्सा पुलिस के हवाले आरोपी को सौंपा गया। थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
मनबढ़ों ने घर में घुसकर किया पथराव, जान से मारने की धमकी
चितईपुर थाना क्षेत्र की राजेंद्र विहार कॉलोनी में मनबढ़ों ने एक घर में घुसकर मारपीट और पथराव किया। जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित शिवम राय ने बुधवार को आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। राजेंद्र विहार कॉलोनी निवासी शिवम राय ने पुलिस को बताया कि 5 जुलाई की शाम 6 बजे संतोष पटेल, विशाल कुमार, रिशु कुमार पटेल और विक्की कुमार पटेल घर में जबरन घुस आए। आरोपी नशे में धुत थे। आरोपियों ने मां और परिवार को गालियां दीं। रिशु और विक्की ने ईंट-पत्थर से घर पर पथराव किया। इस पथराव से घर की खिड़कियों के शीशे टूट गए। 8 से 10 हजार का नुकसान हुआ है। परिवार ने घर के अंदर छिपकर अपनी जान बचाई। चितईपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार गौतम ने बताया कि वीडियो फुटेज समेत अन्य छानबीन की गई। आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है।
दुकान की दीवार तोड़कर चोरी का प्रयास, विरोध पर पीटा
रामनगर थाना क्षेत्र में एक दुकान की पीछे की दीवार तोड़कर चोरी और जबरन कब्जे के प्रयास में दो आरोपियों के खिलाफ बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। आरोप है कि दुकानदार के साथ मारपीट की गई। दुकानदार विजय केसरी ने पुलिस को बताया कि वह रामनगर में एक दुकान का लंबे समय से किराया देते आ रहे हैं। पिता दुकान की देखभाल करते हैं। आरोप है कि कुछ समय पहले लोगों ने दुकान के अंदर से दीवार तोड़ दी। दुकान पर अवैध रूप से कब्जा करने के लिए ताला लगा दिया। विरोध करने पर आनंद केसरी और हर्ष केसरी ने मारपीट की। रामनगर इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि दो आराेपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
जांच में सहयोग न करने पर एएनएम को हटाने की सिफारिश
चिरईगांव पीएचसी के कादीपुर खुर्द में मातृ-शिशु कल्याण उपकेंद्र पर टीका लगाने के बाद एक बच्चे की मौत और दो की तबीयत बिगड़ने के मामले में बुधवार को जांच टीम ने एएनएम से पूछताछ की तो उसने सही जवाब नहीं दिया। उसे हटाने के लिए सीएमओ से सिफारिश की गई है। सीएमओ के निर्देश पर पीएचसी प्रभारी के नेतृत्व में गठित जांच टीम ने बुधवार को आरोपित एएनएम को अपना पक्ष रखने के लिए कार्यालय में बुलाया था। स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डाॅ. मानसी गुप्ता ने बताया कि एएनएम रेखा पाण्डेय दोपहर में अपने एक सहयोगी के साथ आई। पीएचसी प्रभारी ने मोबाइल पर डाउनलोड विभागीय पोर्टल खोल कर स्वास्थ्य सेवाओं का विवरण दिखाने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया। कहा गया कि विभाग के सभी कार्यक्रम अलग-अलग पोर्टल पर दर्ज किए जाते हैं तो उसने इसकी जानकारी न होने की बात कही। स्वास्थ्य टीम ने नवजात शिशुओं, बच्चों और महिलाओं को किस अवस्था में और कब कौन सी वैक्सीन लगाने की जानकारी चाही तो वह भी नहीं बता सकी। पीएचसी प्रभारी डॉ. राजनाथ राम ने बताया कि एएनएम का अधिकारियों के साथ व्यवहार ठीक नहीं है। इस पर उसे हटाने के लिए पत्र लिखा गया है।
ऑनलाइन टास्क के नाम पर युवती से 1.85 लाख की साइबर ठगी
ऑनलाइन टास्क कर मोटे मुनाफे के लालच में तान्या सिंह ने 1.85 लाख रुपये गंवा दिए। युवती के पिता ने कैंट थाने में तहरीर देकर कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की मांग की है। साथ ही साइबर क्राइम पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई। नदेसर के अनंत कॉलोनी निवासी गजेंद्र सिंह चौहान के अनुसार, तान्या सिंह ने व्हाट्सएप और टेलीग्राम से संपर्क किया। आरोपियों ने खुद को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जुड़ा बताकर पहले रिव्यू टास्क पूरे कराए और शुरुआती भुगतान कर भरोसा जीत लिया। एक ग्रुप में जोड़कर अधिक कमाई का लालच देते हुए अलग-अलग टास्क के नाम पर किश्तों में रुपये जमा कराए गए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पहले 50 हजार रुपये जमा कराए गए, फिर निकालने के नाम पर अतिरिक्त रकम मांगी गई। झूठे आश्वासन में पीड़िता ने कुल 1.85 लाख रुपये जमा कर दिए, लेकिन न तो रकम वापस मिली और न ही कोई भुगतान हुआ। थाना प्रभारी राज किशोर पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। साइबर सेल से मदद ली जा रही है।