10:04 AM, 25-Oct-2026
300 महिला कर्मचारियों से संवाद करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री के वाराणसी दौरे की शुरुआत मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां स्थित अरविंद लिमिटेड की नई औद्योगिक इकाई के उद्घाटन से होगी। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद हेलीकॉप्टर से औद्योगिक इकाई जाएंगे। इस दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी करीब 300 महिला कर्मचारियों से संवाद करेंगे और उनके अनुभव जानेंगे। इस इकाई में लगभग 1,000 स्थानीय महिलाओं को रोजगार देने की योजना है। इससे क्षेत्र में महिला रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
09:47 AM, 25-Oct-2026
खोचवां में करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से बनी मिल का उद्घाटन
प्रधानमंत्री बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद हेलिकॉप्टर से मिर्जामुराद के खोचवां जाएंगे। यहां अरविंद लिमिटेड की नई इकाई का उद्घाटन करेंगे। करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से सात एकड़ क्षेत्र में स्थापित इकाई में कपड़े तैयार किए जाएंगे। अंडरगारमेंट्स, टी-शर्ट, शॉर्ट्स और लोअर जैसे उत्पादों के उत्पादन के साथ निर्यात की भी योजना है। प्रधानमंत्री प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी करीब 300 महिला कर्मचारियों से संवाद भी करेंगे और उनके अनुभव जानेंगे।
09:26 AM, 25-Oct-2026
PM Modi Varanasi Visit: रक्षामंत्री, मुख्यमंत्री समेत कई कैबिनेट मंत्री होंगे शामिल
एयर शो में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य कैबिनेट मंत्री शामिल होंगे। एसपीजी ने शनिवार को ग्रैंड रिहर्सल कर सुरक्षा तैयारियों को परखा। पुलिस लाइन से सड़क मार्ग से प्रधानमंत्री नमो घाट जाएंगे। इस लिहाज से पुलिस लाइन से लेकर नमो घाट तक जगह-जगह बैरिकेडिंग और खुले कट बंद कराए गए। हर तिराहे, चौराहे पर सशस्त्र पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
09:03 AM, 25-Oct-2026
PM Modi Varanasi Visit Live: पीएम मोदी आज काशी में देखेंगे विमानों की कलाबाजी, अरविंद मिल का करेंगे उद्घाटन
पीएम की सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काशी आगमन पर सुरक्षा तगड़ी है। पांच स्तरीय सुरक्षा में घेरे में प्रधानमंत्री होंगे। नमो घाट पर एयरशो के दौरान जल, थल और नभ से प्रधानमंत्री की निगहबानी होगी। नमो घाट समेत अन्य आसपास के घाटों पर गंगा में पीएसी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और जल पुलिस के गोताखोर तैनात होंगे। सेना के हेलिकॉप्टर से भी नजर रखी जाएगी।