फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi Top news including police encounter road accident news and pm modi visit in varanasi

वाराणसी की प्रमुख खबरें: अंतरराज्यीय गिरोह का बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, हादसे में आईआईटी छात्र समेत चार घायल

Fri, 12 Sep 2025 11:33 AM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: प्रगति चंद Updated Fri, 12 Sep 2025 11:33 AM IST
सार

Varanasi Latest News: वाराणसी जिले में अपराध, हादसे समेत पिछले 24 घंटे में कई खबरें चर्चा में रहीं। इनमें देर रात में पुलिस मुठभेड़ के दौरान अंतरराज्यीय गिरोह के बदमाश की गिरफ्तारी सुर्खियों में रही।

विज्ञापन
Varanasi Top news including police encounter road accident news and pm modi visit in varanasi
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र के डाफी टोल प्लाजा के पास रात 11.30 बजे पुलिस ने अंतरराज्यीय चेन स्नैचिंग गिरोह के 25 हजार के इनामी बदमाश जयकांत पटेल को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। पैर में लगी गोली से घायल को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। वह बिहार के भभुआ का रहने वाला है। उसके पास से एक तमंचा, 315 बोर और जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।  

विज्ञापन


डीसीपी क्राइम सरवणन टी. ने बताया कि सूचना मिली कि बिना नंबर की बाइक से एक संदिग्ध युवक डाफी टोल प्लाजा के पास गुजरने वाला है। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो वह फायरिंग करने लगा। जवाबी फायरिंग में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। पूछताछ में पता चला कि 15 दिन पहले लंका में हुई मुठभेड़ में चेन स्नैचिंग का आरोपी विकास पटेल भाग निकला था। जयकांत पटेल पर 12 मुकदमे दर्ज हैं। विकास और जयकांत साथ में ही वाराणसी में वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस को आरोपी की काफी दिनों से तलाश थी। दोनों वारदात के बाद पैसे बांट लेते थे।
विज्ञापन


अंदर चल रही थी क्लास, दो बच्चों को कुत्ते ने काटा
पहड़िया के प्राथमिक विद्यालय में बृहस्पतिवार को बड़ा हादसा हो गया। क्लास करते समय एक कुत्ते ने दो बच्चों को काट लिया। शिक्षकों ने आनन-फानन दाेनों को पीएचसी चिरईगांव पहुंचाया। चिकित्सक डॉ. संतोष कुमार ने उन्हें टेटनस और एआरवी का इंजेक्शन लगाया। वहां से दोनों को मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा रेफर कर दिया। घायल बच्चे रहीम (9) बाबू (9) क्षेत्र के रहने वाले हैं। दोनों बच्चों को पैर और गर्दन के पास कुत्ते ने काटा है। नाराज छात्र रहीम के दादा अलाउद्दीन ने शिक्षकों पर लापरवाही का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि पढ़ाई के समय गेट बंद रखना चाहिए ताकि जानवर अंदर न आ सके। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने बताया कि विद्यालय परिसर में आंगनबाड़ी केंद्र बन रहा है। उसकी बाउंड्री एक महीने से टूटी हुई है, जिससे कुत्ता अंदर घुस गया। प्रधानाचार्य सुषमा सिंह ने बताया कि पढ़ाई के दौरान गेट बंद ही रहता है। आंगनबाड़ी के निर्माण की वजह से गलियारे में जगह छोड़ी गई है, उसी में से कुत्ता आ गया था। बच्चों का इलाज चल रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन


बाइक और स्कूटी में हुई टक्कर, आईआईटी छात्र समेत चार घायल
वाराणसी में लंका थाना क्षेत्र के खरी डाफी रोड पर नुआव मंडी से पहले स्कूटी और बाइक सवार की टक्कर हो गई। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया। स्कूटी सवार घायल हरीश निवासी हैदराबाद, केशव कुमार निवासी तेलंगाना दोनों हैं। दोनों आईआईटी बीएचयू के छात्र हैं। बाइक सवार की पहचान हिमांशु राजभर निवासी नुआंव थाना लंका, मोहित निवासी सोनभद्र के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष लंका राजकुमार शर्मा ने बताया कि सभी की हालत सामान्य है। 

ट्रक की चपेट में आकर एक की मौत, भाई घायल 
मोहनसराय में ट्रक की चपेट में आए मडांव के अंकित राजभर (17) की मौत हो गई। बुधवार देर रात वह चचेरे भाई लकी राजभर के साथ घर लौट रहा था। ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। अंकित ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। लकी को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती करवाया। पिता राजकुमार और मां शांति देवी सहित परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। उसके पिता राजगीर मिस्त्री हैं। 

पान मसाला के गोदाम पर छापा, 25 लाख का माल जब्त
राजातालाब बाजार में एसजीएसटी की टीम ने पान मसाला के गोदाम पर छापा मारा। हिसाब नहीं मिलने पर 25 लाख का माल जब्त किया गया है। टीम को मसाला फैक्ट्री के मालिक के घर पर एक किराना दुकान की जानकारी मिली। टीम ने दस्तावेज, स्टॉक रजिस्टर और टैक्स से जुड़े कागजात की पड़ताल की। जीएसटी विभाग ने कई दिनों से गोदाम की गतिविधियों पर नजर बनाए रखी थी। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने इसको लेकर कोई बयान नहीं दिया। कार्रवाई के दौरान बाजार में जमा हो गई। देर रात तक कार्रवाई चलती रही। 

इसे भी पढ़ें; UP: सोनिया और राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ दाखिल परिवाद सुनवाई के लिए स्वीकार, 17 सितंबर को तारीख

प्रधानमंत्री के आगमन पर 165 लोग नजरबंद
प्रधानमंत्री आगमन के दौरान शांति व्यवस्था में खलल डालने की आशंका में कमिश्नरेट पुलिस ने बृहस्पतिवार को 165 लोगों को नजरबंद किया और निगरानी की। काशी, वरुणा और गोमती जोन में सपा, कांग्रेस नेताओं समेत अन्य लोग शामिल रहे। डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने बताया कि सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर कड़ी निगरानी रही।

नौ साइबर ठगों को मिली जमानत
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष कुमार की अदालत ने साइबर ठगी के आरोपी शनि मौर्या, विकास सिंह, शिवम सिंह कुशवाहा, रंजीत, विजय प्रताप चौहान, पंकज कुमार, प्रदीप कुमार, शुभम कुमार गौरव, सोनू एवं सत्यम विश्वकर्मा को 25-25 हजार की दो जमानतें और बंधपत्र पर रिहा करने का आदेश दिया। तेलियाबाग और शिवपुरवा में साइबर ठगों के पांच अड्डों पर एसीपी चेतगंज डॉ. ईशान सोनी, एसीपी साइबर क्राइम विदुष सक्सेना के साथ पुलिस टीम ने एक साथ छापा मारा था। तेलियाबाग में एक तीन मंजिला मकान के दूसरे तल पर संचालित सेंटर पर साइबर ठगों को भनक लग गई। सभी भाग निकले। शिवपुरवा में संतूर होटल के पास एक मकान में संचालित सेंटर पर भी पुलिस ने छापा मारा। कई लोगों को हिरासत में लिया गया। मौके से कई लैपटॉप और मोबाइल समेत अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया था। 

सोशल मीडिया पर रील से प्रचार करने पर ऑफिस सील
मंसापुर हरहुआ चौकी के पास बिना मानचित्र स्वीकृत कराए 700 वर्गमीटर में थ्री डुप्लेक्स व ऑफिस बनाकर अवैध रूप से संचालन किया जा रहा था। इस अवैध निर्माण का सोशल मीडिया पर रील के माध्यम से प्रचार किया जा रहा था। इससे आम जनमानस में भ्रम फैल रहा था। प्राधिकरण के संज्ञान में आते ही जोनल अधिकारी ने कार्रवाई कर भवन को सील कर पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया। वीडीए ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया से अवैध निर्माण का प्रचार-प्रसार पूरी तरह से प्रतिबंधित है। वीडीए के उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने आम जनता से अपील की कि वीडीए से मानचित्र स्वीकृत कराए बिना किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न करें। 

फोन पर जान से मारने की धमकी पर मुकदमा
सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो में धमकी देने के मामले में पुलिस ने बुलबुल यादव पर मुकदमा दर्ज किया है। ऑडियो में रुपये की लेनदेन में एक व्यक्ति दूसरे को जान से मारने की धमकी दे रहा है। थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।  

इसे भी पढ़ें; India-Mauritius Agreement: मॉरीशस में 17.5 मेगावॉट का फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट लगाएगा भारत, ये हुए अहम समझौते

छात्रा के साथ अश्लील हरकत और आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में छात्र पर केस दर्ज
कमच्छा के बीएचयू शिक्षा संकाय की बीएड की छात्रा के साथ अश्लील हरकत और अभद्र टिप्पणी के मामले में पीड़िता ने बृहस्पतिवार को आरोपी छात्र अर्पित सुंदरम के खिलाफ भेलूपुर थाने में केस दर्ज कराया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि कॉलेज के व्हाट्सएप ग्रुप में अर्पित आपत्तिजनक टिप्पणी और अश्लील हरकत करता है। एससी एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी देता है। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी छात्र के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। 

दशाश्वमेध घाट पर तर्पण करते समय श्रद्धालु अचेत
दशाश्वमेध घाट पर बृहस्पतिवार को तर्पण के दौरान श्रद्धालु देवदास राणा (53) निवासी सुंदरपुर अचेत हो गया। पुलिस ने देवदास को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल उसका इजाज चल रहा है।  

इसे भी पढ़ें; वाराणसी में दर्दनाक हादसा: दो मंजिला मकान की छत से गिरकर शख्स की मौत, नींद में संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा

भाजपा नेता के पिता की मौत पर जताया शोक
फूलपुर थाना क्षेत्र के लखमीपुर निवासी शिव शंकर पटेल उर्फ शंकर की सड़क हादसे में मौत के बाद भाजपा नेताओं ने शोक जताया। पूर्व जिला पंचायत सदस्य रमेश पटेल के पिता शिव शंकर पटेल को अज्ञात बाइक सवार ने पांच सितंबर को टक्कर मार दी। सोमवार को उन्होंने दम तोड़ दिया था। बृहस्पतिवार को पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह, जिला प्रोटोकॉल प्रभारी शैलेश पांडेय, छोटेलाल पटेल, सेवापुरी विधायक नीलू पटेल की पुत्री अदिति सिंह पटेल ने घर पहुंचकर शोक जताया। संवाद

छात्रा के साथ अश्लील हरकत में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
थाना क्षेत्र की गांव निवासी 10वीं की छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने के आरोपी के खिलाफ बृहस्पतिवार को केस दर्ज किया गया। पीड़िता के पिता ने पुलिस को बताया कि बेटी के स्कूल आने-जाने पर फब्तियां कसता है। साथ ही विरोध करने पर मारपीट की धमकी देता है। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है। 

अपहरणकर्ता गिरफ्तार, युवती बरामद
किशोरी को अगवा करने के आरोपी किशन को पुलिस ने बृहस्पतिवार को रखौना रिंग रोड के पास से गिरफ्तार किया। साथ ही उसके किशोरी को बरामद किया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी भदोही के हरियांव गांव निवासी किशन है। किशोरी की मां ने 27 अगस्त को केस दर्ज कराया था। पूछताछ में किशन ने पुलिस को बताया कि वह और युवती प्रेम करते हैं। दोनों ने विवाह भी कर लिया है। संवाद

सपा पार्षदों के कक्ष में ताला लगाने का आरोप
सपा नेता शंकर विशनानी ने भाजपा पर आरोप लगाया कि उनके इशारे पर नगर निगम में सपा पार्षद कक्ष में ताला लगा दिया गया है। ताला न खुलने पर पार्टी के कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ नेता ओपी सिंह के आवास पर बैठक की। शंकर विशनानी ने कहा कि होटल से लेकर अस्पताल, नाविकों, रिक्शा चालकों, ऑटो चालकों, धोबी, मोबाइल, दुकान, ट्राली चालकों, हॉस्टल सहित 24 चीजों का लाइसेंस शुल्क दस गुना तक बढ़ाया गया है। सिर्फ शराब की दुकानों के लाइसेंस शुल्क में रियायत दी गई है। इसी को लेकर नगर निगम में सपा की बैठक होनी थी। आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं के इशारे पर सपा और कांग्रेस पार्षद कक्ष पर ताला लगाया गया जबकि भाजपा पार्षदों का कक्ष खुला था।  

डीआरएम कार्यालय में सीबीआई ने आठ घंटे तक की छानबीन
पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय लहरतारा में बृहस्पतिवार की दोपहर लखनऊ सीबीआई की एंटी करप्शन टीम ने इंजीनियरिंग और लेखा विभाग में 8 घंटे तक छानबीन की। दो से तीन साल पुराने दस्तावेज खंगाले गए। फर्जी एफडीआर जमाकर निर्माण कार्य कराने संबंधित फर्मों की जांच की गई। कई चक्र में बाबुओं और अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की गई।

सीबीआई की धमक से देर शाम तक रेल अफसर सहमे रहे। दस्तावेज जांच के दौरान बाहरी व्यक्तियों का डीआरएम कार्यालय में प्रवेश प्रतिबंधित रहा। रात 8 बजे तक टीम ने जांच की।लखनऊ सीबीआई अफसरों की टीम दोपहर 12 बजे डीआरएम कार्यालय में पहुंची। मंडल रेल प्रबंधक से मुलाकात के बाद टीम इंजीनियरिंग और लेखा विभाग पहुंची। यहां मौजूद कुछ ठेकेदारों और बाहरी व्यक्तियों को तुरंत बाहर किया गया।

इंजीनियरिंग विभाग में टेंडर पाने के लिए फर्जी एफडीआर लगाने संबंधी जांच को पहुंची सीबीआई टीम ने काफी देर तक कार्यालय के फाइल रिकॉर्ड को खंगाला। काम कराने वाली फर्मों के दस्तावेज खंगाले गए। सीबीआई को भनक लगी कि फिक्स डिपाजिट रिपोर्ट (एफडीआर) के जरिये बड़े पैमाने पर मंडल रेल प्रबंधक के इंजीनियरिंग विभाग में काम हुए हैं।

सीनियर डीईएन और बाबूओं के भूमिका की जांच
15 जुलाई को सीबीआई की टीम ने डीआरएम कार्यालय में सीनियर डीईएन समन्वयक राकेश रंजन, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनीष, लेखा अनुभाग के एईएन योगेश गुप्ता, वरिष्ठ क्लर्क सुशील कुमार राय के खिलाफ मामला दर्ज किया था। निर्माण कार्यों से जुड़े एस्टीमेट को रिवाइज करने, वैरिएशन बढ़ाने समेत अन्य माध्यमों से रेलवे राजस्व को क्षति पहुंचाने का आरोप है। इन अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका भी जांच की गई।

गाड़ियों के टेंडर में भी फर्जी दस्तावेजों की जांच
जौनपुर निवासी ठेकेदार और सिगरा के एक ठेकेदार की भूमिका भी तलाशी गई। जेम पोर्टल से रेल अफसरों को उपलब्ध चार पहिया वाहन का टेंडर लेने वाली फर्मों की भी जांच की गई। जेम पोर्टल से काम कराने वाली भी कई फर्में इस तरह की धोखाधड़ी कर चुकी हैं। स्थानीय बाबूओं की मिलीभगत से टेंडर के पेपर में कई तरह की गड़बड़ियां की गई हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed