फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi Top News Court granted bail BHU student theft case VDA sealed illegal construction

Varanasi Top News : चोरी मामले में BHU की छात्रा को कोर्ट ने दी जमानत, वीडीए ने अवैध निर्माण कराया सील

Thu, 16 Jan 2025 11:44 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Thu, 16 Jan 2025 11:44 AM IST
सार

Varanasi News : बीएचयू के लाइब्रेरी से लैपटाॅप आदि सामान चोरी व बरामदगी मामले में छात्रा को दो जमानत एवं बंधपत्र पर रिहा कर दिया गया। वहीं, वीडीए ने बुधवार को अवैध निर्माण सील किया। सिकरौल वार्ड के आशियाना चौराहा वरुणा पुल पर राजाराम यादव अवैध निर्माण करा रहा था। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi Top News Court granted bail BHU student theft case VDA sealed illegal construction
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

बीएचयू सेंट्रल लाइब्रेरी से लैपटॉप, मोबाइल व पर्स आदि सामान चोरी व बरामदगी मामले में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (तृतीय) नीरज कुमार त्रिपाठी की अदालत ने बीएचयू छात्रा विभा यादव को 25- 25 हजार रुपए की दो जमानतें एवं बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया। 

विज्ञापन


चीफ प्रॉक्टर बीएचयू ने लंका थाने में 11 जनवरी 2025 को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि बीएचयू सेंट्रल लाइब्रेरी में विगत कई दिनों से एक लड़की ने कई  चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है, घटना सीसीटीवी में कैद है। विद्यार्थियों ने उसे रंगेहाथ पकड़ा तो कई सामान बरामद हुए हैं। लंका पुलिस ने छात्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। 12 को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया था। 
विज्ञापन


छेड़खानी और मारपीट मामले में अग्रिम जमानत
छेड़खानी और पीड़िता के घर में घुसकर मारपीट व तोड़फोड़ मामले में आरोपी आलोक सिंह को कोर्ट से राहत मिली है। अपर जिला जज (सप्तम)  विनोद कुमार की कोर्ट ने गंजारी, जंसा निवासी आलोक सिंह को गिरफ्तारी की  दशा में एक-एक लाख रुपए की दो जमानतें एवं बंधपत्र देने पर अग्रिम  जमानत पर रिहा का आदेश दिया है।  

विज्ञापन
विज्ञापन

मेयर ने गंगा घाटों और रैन बसेरों की व्यवस्था देखी
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने बुधवार को गंगा घाटों का निरीक्षण किया। अस्सी से दशाश्वमेध तक पैदल चलकर घाटों की व्यवस्थाएं देखीं। अपर नगर आयुक्त दुष्यंत कुमार मौर्य को निर्देश दिए कि घाटों की सफाई से कोई समझौता न किया जाए। घाटों पर तीनों शिफ्ट में सफाई कर्मचारी लगाकर सफाई कराई जाए। उन्होंने राजेंद्र प्रसाद घाट और चितरंजन पार्क के रैन बसेरों का निरीक्षण किया। 

उन्होंने कहा कि आधार कार्ड देखकर ही रैन बसेरों में श्रद्धालुओं को जगह दें। बाहरी लोगों को यहां आश्रय दें। स्थानीय लोगों को न रुकने दें। इसके अलावा वहां अलाव और ठंड से बचाव के इंतजाम देखे। निरीक्षण के दौरान उपसभापति नरसिंह दास, प्रवीण राय, अतुल पांडेय, मनीष तिवारी आदि मौजूद रहे। 

पीएम से संसदीय कार्यालय में सुनीं समस्याएं
कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने गुरुधाम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय जनसंपर्क कार्यालय में जनसुनवाई की। नागरिकों ने उन्हें अपनी समस्याएं बताईं। विधायक ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए। जनसुनवाई में सड़क, पेयजल, चिकित्सा सहायता और सीवर जैसी प्रमुख समस्याएं रहीं। कुशाग्र, ऋतिक और वैभव रहे। 

वीडीए ने अवैध निर्माण कराया सील
वीडीए ने बुधवार को अवैध निर्माण सील किया। सिकरौल वार्ड के आशियाना चौराहा वरुणा पुल पर राजाराम यादव अवैध निर्माण करा रहा था। वीडीए की ओर से पहले नोटिस दिया गया था। इसके बाद भी चोरी छिपे कार्य हो रहा था। जोनल अधिकारी शिवाजी मिश्रा की अगुवाई में अवैध निर्माण को सील किया गया। 

बाइक सवार दो युवक नहर में गिरे, घायल
मिर्जामुराद क्षेत्र के गौर गांव के नहर में बुधवार शाम बाइक सवार दो युवक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरे। प्रधुम कुमार (26) निवासी प्रतापपुर अपने साथी रामआसरे (30) के साथ बाइक से भुआलपुर माइनर पिच रोड से घर लौट रहे थे। इस बीच बाइक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। जिसकी वजह से दोनों घायल हो गए। ग्रामीणों ने दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। 

छुट्टा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए नंबर जारी
सीडीओ हिमांशु नागपाल के निर्देश पर बुधवार को विकास भवन सभागार में किसान दिवस पर योजनाओं की जानकारी दी। किसानों ने कहा कि छुट्टा पशुओं से परेशानी बढ़ रही है। इस पर अफसरों ने कहा कि छुट्टा पशु लगातार पकड़े जा रहे हैं। फिर भी कोई दिक्कत हो तो किसान 8887605941 पर संपर्क कर सकते हैं। 

सीवीओ ने कहा कि जो किसान गोशाला से गायों को पालन पोषण के लिए लेते हैं तो उन्हें 1500 रुपये हर महीने दिए जाएंगे। सहकारिता विभाग ने बताया जिले में पर्याप्त मात्रा में यूरिया है। सिंचाई विभाग ने बताया कि बाबतपुर रजवाहे में टेल तक पानी पहुंच गया है। लघु सिंचाई विभाग ने बताया कि मध्यम गहरी बोरिंग और गहरी बोरिंग के लिए इस साल का लक्ष्य पूरा हो चुका है। प्रधानमंत्री सिंचाई एवं जल संरक्षण, ड्रिप सिंचाई एवं मिनी स्प्रिंकलर सिंचाई योजना चल रही है, जिन किसानों को योजना का लाभ लेना हो वह विभाग से संपर्क कर लें। 

मॉकड्रिल के जरिये परखी आपातकालीन सुरक्षा 
बनारस रेल इंजन कारखाना के संरक्षा विभाग ने लाइव फायर मॉकड्रिल के जरिये आपातकालीन सुरक्षा की तैयारियों को परखा। स्टोर शॉप टीओटी वार्ड-37, 41 और वार्ड-ई-1-62 में आग लगने पर वार्ड के डीएमएस और न्यू एलएफएस शॉप के एसएसई ने तुरंत आरपीएफ कंट्रोल को सूचना दी। 

कर्मशाला के कर्मचारी फायर एक्सटिंग्विशर और फायर हाइड्रेंट की मदद से आग बुझाने में जुट गए। कुछ ही देर में दमकल और एंबुलेंस टीम पहुंच गई और आग पर काबू पाया। इस दौरान मुख्य संरक्षा अधिकारी एसबी पटेल, उप मुख्य संरक्षा अधिकारी केके पटेल के साथ सिविल डिफेंस और सेंट जॉन्स एम्बुलेंस ब्रिगेड की टीम मौजूद रही। 

यूपी काॅलेज : शाखा अध्यक्ष बने रवि प्रकाश
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के उदय प्रताप इंटर कॉलेज के इकाई का गठन बुधवार को किया गया। चुनाव अधिकारी पीयूष कुमार सिंह की उपस्थिति में रविशंकर सिंह को शाखा अध्यक्ष और राजकुमार सिंह को शाखा मंत्री चुना गया। वहीं, उपाध्यक्ष पद पर रामानुज सिंह, संयुक्त मंत्री कार्तिक राम, कोषाध्यक्ष के पद पर धर्मेंद्र सिंह चुने गए। इस मौके पर चुनाव अधिकारी ने जिला प्रतिनिधि का भी चुनाव कराया। इसमें नौ शिक्षक चेतनारायण सिंह, राजकुमार सिंह, डॉ. विनय सिंह, संतोष सिंह, डॉ. उमाकांत सिंह, अश्वनी कुमार, सत्या सिंह और नीरज सिंह शामिल हैं। 

कंदवा तालाब के पास बनेगा जोन कार्यालय
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने बुधवार को ऋषि मांडवी जोन के नव विस्तारित क्षेत्रों में चिह्नित नगर निगम की भूमि का निरीक्षण किया। इस दौरान ऋषि मांडवी जोन के जोनल कार्यालय के लिए जमीन देखी। इसके लिए कंदवा तालाब के पास उपलब्ध नगर निगम की सरकारी भूमि उपयुक्त पाई गई। उन्होंने जोन कार्यालय का प्रस्ताव तैयार करने के लिए मुख्य अभियंता को निर्देशित किया। सुसुवाहीं में नगर निगम की चिह्नित तालाब और पोखरे पर की जा रही बैरिकेडिंग का निरीक्षण किया। डाफी में तालाब और डूडा से बन रही सड़क का निरीक्षण किया। 

उप नियंत्रक जितेंद्र देव ने संभाला कार्यभार
नागरिक सुरक्षा के नए उप नियंत्रक जितेंद्र देव सिंह ने कार्यभार ग्रहण किया। उनका चेतगंज स्थित प्रधान कार्यालय में कर्मचारियों, वरिष्ठ वार्डेन, कलेक्ट्रेट प्रखंड के डिवीजनल वार्डेन संजय कुमार राय ने स्वागत किया। उप नियंत्रक ने कहा कि वार्डेन/ स्वयंसेवकों की भर्ती प्रक्रिया को तेज करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। इस मौके पर एडीसी इरफानुल होदा, विवेक कुमार, अरविंद विश्वकर्मा, अमूल्य श्रीवास्तव, विक्रम प्रताप, रमेश चंद्र आदि रहे। 

भाजपा को समर्थन देने का एलान
पूर्वांचल मूवमेंट, बहुजन समता पार्टी की कार्यकारिणी की बुधवार को परेड कोठी स्थित कपूर भवन में बैठक हुई। इसमें  सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर आगामी 5 फरवरी को होने वाले मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को समर्थन देने का निर्णय लिया गया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश आजाद ने कहा कि यह फैसला समग्र विकास के लिए लिया गया है। इस मौके पर चिन्मय चटर्जी चिन्मयानंद,  दिलीप विश्वकर्मा, नरेंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, रेखा श्रीवास्तव, रितु साहनी आदि मौजूद रहे। 

सीपीसी ने 150 डॉक्टरों को दिया धन्वंतरि चिकित्सा सम्मान
सीपीसी पावर इंडिया लिमिटेड ने बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट के क्षेत्र में अपनी 20 वर्षों की यात्रा के उपलक्ष्य में वाराणसी, भदोही, सोनभद्र और चंदौली के 150 चिकित्सकों को धन्वंतरि चिकित्सा सम्मान से नवाजा। इस अवसर पर कंपनी के निदेशक डॉ. सचिन मिश्रा ने कहा कि कंपनी के लिए धन्वंतरी और लाइफटाइम आउटस्टैंडिंग सपोर्ट अवॉर्ड से सम्मानित डॉ. आशुतोष अग्रवाल, डॉ. सिद्धार्थ राय, डॉ. अश्विनी टंडन, डॉ. पुष्पा सिंह, डॉ. वीएस पांडे, डॉ. अजीत सहगल, डॉ. केएन पांडे आदि चिकित्सकों का विशेष योगदान है। 

मुख्य अतिथि पद्मभूषण प्रो. देवी प्रसाद द्विवेदी, कंपनी निदेशक प्रिया मिश्रा, दिवाकर द्विवेदी महाराज, डॉ. सौरभ सिंह, डॉ. एसएन शंखवार, डॉ. रजनी कांत द्विवेदी, कुशाग्र मिश्र, सुजीत अधिकारी आदि मौजूद रहे।

डॉ. अमित ने 200 रोबोटिक सर्जरी का लक्ष्य हासिल किया 
ओरियाना हॉस्पिटल के डॉ. अमित जायसवाल ने नी रिप्लेसमेंट की 200 रोबोटिक सर्जरी का लक्ष्य हासिल किया है। डॉ. जायसवाल ने बताया कि सर्जरी में उनकी पहली मरीज धर्मा सिंह और 200वीं मरीज प्रभा देवी रहीं। डॉ. जायसवाल को ऑर्थोपेडिक्स के क्षेत्र में 16 साल और 1500 घुटना प्रत्यारोपण का अनुभव है। उन्होंने बताया कि रोबोटिक सर्जरी में कम समय में ऑपरेशन और रिकवरी भी तेजी से होती है। उन्होंने कहा कि ओरियाना हॉस्पिटल रोबोटिक सर्जरी में उत्तर भारत में अग्रणी रहा है।

बिना लाइफ जैकेट के नाव में न बैठाएं
डीएम एस राजलिंगम और अपर पुलिस कमिश्नर एस चिनप्पा ने बुधवार को घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने भीड़ नियंत्रण को लेकर की गई तैयारियों को परखा। डीएम ने निर्देश दिए कि कोई भी नाव संचालक बिना लाइफ जैकेट लोगों को नाव में न बैठाए। यह सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान गोदौलिया चौराहे से दशाश्वमेध घाट तक पैदल चलते हुए ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को निर्देश दिए। दर्शनार्थियों से भी सहयोग करने की अपील की। उन्होंने दशाश्वमेध घाट, मान मंदिर घाट, त्रिपुर घाट, ललिता घाट, मणिकर्णिका घाट और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के पुख्ता सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

शिवलिंग संग ‘मैं काशी हूं’ लिखने वाली मॉडल पर आपराधिक कार्यवाही पर रोक
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने शिवलिंग के साथ ‘मैं काशी हूं’ लिखने वाली वाराणसी की मॉडल ममता राय के खिलाफ आपराधिक कार्यवाही पर रोक लगा दी। अब मामले की सुनवाई 28 फरवरी को होगी। वहीं, विपक्षी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। यह आदेश न्यायमूर्ति दिनेश पाठक की पीठ ने ममता राय की अर्जी पर दिया है। 

2022 में सारनाथ थाने में ममता राय पर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के नेता विक्रांत सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि सावन में ‘मैं काशी हूं’ स्लोगन के साथ शिवलिंग पर फूल चढ़ाते हुए ममता राय ने शहर में पोस्टर लगवाए थे। इससे धार्मिक भावना आहत हुई। इस पर मॉडल ने आरोप पत्र और पूरी आपराधिक कार्यवाही को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में अर्जी दाखिल की। 

अधिवक्ता ने दलील दी कि मामले के तथ्यों और परिस्थितियों के विपरीत राजनीतिक प्रभाव का उपयोग करके उस पर झूठे मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। भारत का संविधान भाषण देने और अभिव्यक्ति की आजादी देता है। केवल पोस्टर देखने से धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं, यह तर्कसंगत नहीं है। 

विद्यापीठ में स्टार्ट-अप जागरूकता कार्यक्रम आज
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में राष्ट्रीय स्टार्ट-अप दिवस को लेकर 16 जनवरी को स्टार्ट-अप जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया है। हर प्रसाद गुप्त इन्क्यूबेशन फाउंडेशन के निदेशक प्रो. मोहम्मद आरिफ ने बताया कि सुबह 11 बजे से इन्क्यूबेशन सेंटर के कॉन्फ्रेंस हॉल में होने वाले कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्टार्ट-अप से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तृत रूप से जानकारी दी जाएगी। 

166 केंद्रों पर होगी इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षा
दूसरे चरण के तहत एक से आठ फरवरी के बीच होने वाली होने वाली माध्यमिक विद्यालयों के इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए 166 केंद्र बनाए गए हैं। बुधवार को जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से केंद्रों पर तैनात होने वाले परीक्षकों की सूची भी जारी कर दी गई है। 

जिला विद्यालय निरीक्षक अवध किशोर सिंह ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर अपलोड शिक्षकों की जिलावार सूची जारी कर दी गई है। सीसी कैमरे की निगरानी में 166 केंद्रों पर होने वाली प्रयोगात्मक परीक्षा में 47 हजार 70 विद्यार्थी शामिल होंगे। 

जर्मनी और जापान के लिए आवेदन शुरू
सेवायोजन कार्यालय की तरफ से युवाओं से जर्मनी, इस्राइल और जापान में नर्सिंग के लिए आवेदन मांगे जा रहे हैं। इसके लिए rojgaarsangam.up.gov.in पोर्टल पर आवेदन शुरू हो गया है। इस्राइल में रिक्त पदों हेतु न्यूनतम शैक्षिक योग्यता जीडीए, एएनएम, जीएनएम,बीएससी नर्सिंग है। 

जर्मनी में रिक्त पदों हेतु न्यूनतम शैक्षिक योग्यता जनरल नर्सिंग, नर्स में डिप्लोमा है। वहीं जापान में रिक्त पदों हेतु न्यूनतम शैक्षिक योग्यता जनरल नर्सिंग में डिप्लोमा जीजीए, एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग है। इच्छुक अभ्यर्थी विभाग के rojgaarsangam.up.gov.in पोर्टल पर  पंजीकरण कर सकते हैं। 

विज्ञान प्रदर्शनी में खुशी, रंजना, ऋचा प्रथम
राजकीय बालिका इंटर कालेज जक्खिनी में नेशनल एकेडमी ऑफ साइंस इंडिया कार्यक्रम में कक्षा 10, 12 की छात्राओं ने विज्ञान प्रदर्शनी लगाई। प्रदर्शनी का आयोजन जीव विज्ञान के प्रवक्ता सुनीता सिंह पटेल के नेतृत्व में हुआ। प्रदर्शनी में प्रथम विजेता पुरस्कार (2000) कक्षा 11 की खुशी  मिश्रा, रंजना यादव, ऋचा शर्मा और प्रिया मोदनवाल को द्वितीय पुरस्कार (1000) 9 बी की रोशनी सरोजा और तृतीय पुरस्कार (500), कक्षा 12 की श्रेया सिंह और कक्षा 9 बी की सानिया गुप्ता को पुरस्कृत किया गया। 

संस्कृत विश्वविद्यालय में जमा होने लगीं परीक्षा की कॉपियां
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में सेमेस्टर परीक्षा की कॉपियां बुधवार से विश्वविद्यालय में पहुंचने लगी हैं। पहले दिन वाराणसी में बने केंद्रों की कॉपियां आईं। 18 जनवरी तक 27 लाख कॉपियां मंगाई जानी हैं। हालांकि अभी मूल्यांकन कब से शुरू होगा, इसकी तिथि तय नहीं है, लेकिन माना जा रहा है कि गणतंत्र दिवस के बाद से कॉपियों की जांच शुरू हो जाएगी।

विश्वविद्यालय की ओर से 2 से 12 दिसंबर तक शास्त्री प्रथम सेमेस्टर(2023-26) के केवल अनुत्तीर्ण (भूतपूर्व अथवा बैक) छात्रों के साथ ही तृतीय सेमेस्टर सत्र(2023-26) की परीक्षा और शास्त्री चतुर्थ सेेमेस्टर (2023-25) की परीक्षा करवाई गई। अब मूल्यांकन की तैयारी चल रही है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुधाकर मिश्र ने बताया कि बुधवार से कॉपियां आने लगीं। ब्यूरो

बीएचयू के प्रो. सिद्धार्थ को राष्ट्रपति का स्नेह भोज का आमंत्रण
बीएचयू में पालि एवं बौद्ध अध्ययन के वरिष्ठ प्रोफेसर व नव नालंदा महाविहार के नवनियुक्त कुलपति प्रो. सिद्धार्थ सिंह गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रपति भवन के स्नेह भोज में शिरकत करेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से उन्हें आमंत्रित किया गया है। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस की परेड के बाद राष्ट्रपति भवन में इस स्नेह भोज का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत पूरा मंत्रिमंडल और हर दल के नेता होंगे। 

इस भव्य आयोजन में देश के कुछ चुनिंदा विश्वविद्यालयों के कुलपति, विद्वान और शिक्षाविद भी शामिल होंगे। प्रो. सिद्धार्थ सिंह को ये न्योता भारतीय डाक सेवा के विशेष प्रतिनिधि ने व्यक्तिगत रूप से लाकर दिया। उन्होंने राष्ट्रपति मुर्मू और भारतीय डाक सेवा के प्रति आभार व्यक्त किया। भारत सरकार की ओर से पिछले साल 22 अक्तूबर को प्रो. सिद्धार्थ सिंह को नव नालंदा महाविहार का कुलपति नियुक्त किया गया था। 

आधुनिकता के साथ सांस्कृतिक जड़ों को भी सम्मान देंगे
आईआईटी-बीएचयू के टेक्नोसेवी ने थीम पोस्ट करने के बाद अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक मेसेज भी दिया। लिखा-  ये थीम बताती है कि हमारी संस्कृति, प्राचीन काल से वर्तमान तक बहने वाली किसी पवित्र नदी की तरह है। हमें गढ़ने वाली परंपराओं और आगे बढ़ाने वाले नवाचारों को श्रेय देना ही होगा। 

थीम लॉन्चिंग के लिए मकर संक्रांति का ही दिन चुना गया। हमें अपने तकनीकी फील्ड में आगे बढ़ते हुए अपनी सांस्कृतिक जड़ों को भी सम्मान देना होगा। हम लोगों में से हर एक छात्र आने वाले कल की संस्कृति का पथ प्रदर्शक बनेगा। इसके लिए एक्टिव होकर लगातार कर्म में लगे रहे।

निजीकरण : काली पट्टी बांध किया काम

Varanasi Top News Court granted bail BHU student theft case VDA sealed illegal construction
निजीकरण के विरोध में बैठे कर्मचारी। - फोटो : अमर उजाला

पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम, दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण के प्रस्ताव को लेकर कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन जारी है। निजीकरण के लिए टेंडर प्रकाशित होने का हवाला देते हुए कर्मचारियों ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही दिन में काली पट्टी बांधकर कामकाज किया। कहना है कि 18 जनवरी तक इसी तरह विरोध जारी रहेगा। 

विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले बुधवार को भिखारीपुर के हनुमान मंदिर पर विरोध प्रदर्शन में कर्मचारियों, अभियंताओं और संविदा कर्मियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। संघर्ष समिति के पदाधिकारियों में मदन श्रीवास्तव, आरके वाही, अंकुर पांडेय ने कहा कि टेंडर नोटिस प्रकाशित होने के बाद से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। 

आरएफपी डॉक्यूमेंट में कर्मचारियों के लिए शर्तें लिखी गई हैं। अर्ली वीआरएस की बात भी लिखी है। इससे कर्मचारियों का नुकसान है। दूसरी ओर निजीकरण के विरोध को दबाने के लिए संविदा कर्मियों को हटाने, नियमित कर्मचारियों को निलंबित करने जैसे कार्य पावर कारपोरेशन प्रबंधन की ओर से किया जा रहा है। चेतावनी दी कि निजीकरण वापस होने तक आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान एसके सिंह, ओपी सिंह, रमाशंकर पाल, अनिल कुमार, जय प्रकाश लोग मौजूद रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed