फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi top crime News today including Class IV employee of airport harassed by moneylenders consumed poison

Varanasi News: सूदखोरों से परेशान एयरपोर्ट के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने खाया जहर, पढ़ें- क्राइम से जुड़ी खबरें

Wed, 03 Sep 2025 04:28 PM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: प्रगति चंद Updated Wed, 03 Sep 2025 04:28 PM IST
सार

वीडियो देखने के बाद मित्र ने परिजनों को सूचना दी। खोजबीन करने पर मनोज बेहोशी की हालत में एक मंदिर पर मिला। तुरंत उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। 

विज्ञापन
Varanasi top crime News today including  Class IV employee of airport harassed by moneylenders consumed poison
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

वाराणसी एयरपोर्ट अथॉरिटी में चतुर्थ श्रेणी पद पर कार्यरत मनोज कुमार ने सूदखोरों से तंग आकर मंगलवार दोपहर जहरीला पदार्थ खा लिया। इससे पहले एक वीडियो बनाकर अपने एक मित्र को भी भेजा। तबीयत बिगड़ने पर उसका मित्र एक मंदिर पर पहुंचा और अचेतावस्था में मनोज को लेकर अस्पताल में भर्ती कराया। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के कर्मचारी कॉलोनी में रहने वाला मनोज कुमार एयरपोर्ट पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। 

विज्ञापन


वीडियो में मनोज ने सूदखोरों के दबाव और प्रताड़ना को आत्मघाती कदम का कारण बताया है। वीडियो देखने के बाद मित्र ने परिजनों को सूचना दी। खोजबीन करने पर मनोज बेहोशी की हालत में एक मंदिर पर मिला। तुरंत उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। फूलपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि मनोज के होश में आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है।  
विज्ञापन


ई-रिक्शा से घर लौटते समय महिला की चेन गायब,केस दर्ज
लंका थाना क्षेत्र के भगवानपुर निवासी पंकज राय की पत्नी सुनीता राय का चेन ई-रिक्शा में कहीं गिर गया। 29 अगस्त की दोपहर लंका मालवीय चौराहे से ई-रिक्शा में सवार सुनीता बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के पास उतरीं तो चेन नहीं थी। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


महिला के खाते से चार लाख की ठगी, केस दर्ज
बीएचयू परिसर के पी 2 ओल्ड मेडिकल एन्क्लेव निवासी अर्चना कुमारी के बैंक खाते से चार लाख की साइबर ठगी हुई है। एसीपी भेलूपुर से शिकायत के बाद लंका थाने में केस दर्ज किया गया। पीड़िता अर्चना कुमारी ने पुलिस को बताया कि उनका एसबीआई, शाखा आईएमएस बीएचयू में बचत और ओडी खाता है। ऑनलाइन धोखाधड़ी कर कई बार में चार लाख रुपये निकाले गए। जबकि कोई ओटीपी या मैसेज नहीं आया। अर्चना के अनुसार 29 मार्च को मोबाइल के खो जाने के एक महीने ऐसा बाद हुआ जिसकी सूचना लंका थाने में दी गई थी। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि महिला की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है।

गेम डाउनलोड करने के चक्कर में खाते से 1.56 लाख उड़ाए
मोबाइल गेम डाउनलोड करने के चक्कर में मिर्जामुराद क्षेत्र के एक युवक के साथ 1.56 लाख की साइबर ठगी हो गई। मंगलवार को पीड़ित ने मिर्जामुराद थाने में केस दर्ज कराया। गौर गांव निवासी रक्षक विश्वकर्मा ने पुलिस को बताया कि 15 अगस्त को मोबाइल में गेम डाउनलोड करने के लिए यूपीआई से 300 रुपये का भुगतान किया। इसके बाद खाते से सात किस्त में 1.56 लाख कट गए। तुरंत बैंक और साइबर सेल को सूचना देकर खाता सीज कराया। रक्षक विश्वकर्मा ने मिर्जामुराद थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई थी। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।  

रेलवे ट्रैक पर मिला संविदाकर्मी का शव
कैंट रेलवे स्टेशन के आगे फुलवरिया फुटओवर ब्रिज के पास रेलवे ट्रैक पर एक संविदा कर्मी का शव मिली। आरपीएफ ने जेब से मिले दस्तावेज से परिजनों को सूचना दी। कैंट आरपीएफ प्रभारी संदीप यादव ने बताया कि मौके पर पहुंचे बेटे ने शव की शिनाख्त अपने पिता भिटारी निवासी रामजी शर्मा (65) के रूप में की। 

मृतक के परिजनों से मिला सपा का प्रतिनिधिमंडल
सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के जोगापुर गांव में समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने मृतक वशिष्ठ नारायण गौड़ के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। साथ ही घटना की पूरी जानकारी ली। मृतक के पुत्र, पत्नी और गांव के लोगों ने बताया कि ग्राम समाज की जमीन पर बहुत लोगों ने कब्जा किया है। वहीं तहसील के अधिकारियों और कर्मचारियों ने केवल मृतक वशिष्ठ नारायण पर चार लाख 32 हजार रुपये का जुर्माना लगाया और बेदखली की नोटिस दिया। इससे आहत होकर वशिष्ठ नारायण ने राजातालाब तहसील परिसर में अपने जीवन को समाप्त कर लिया। समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने पूरे मामले की जांच केंद्रीय अनुसूचित जाति जनजाति आयोग से कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में शामिल स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने मौके से जिलाधिकारी से फोन इस मामले की जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल में आशुतोष सिन्हा के अलावा प्रदेश महासचिव/पूर्व मंत्री शिवप्रकाश उर्फ लल्लन राय, पूर्व विधायक महेंद्र सिंह पटेल, महिला सभा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती रीबू श्रीवास्तव, जिला महासचिव आनंद मौर्या, जिला प्रवक्ता संतोष यादव आदि शामिल रहे।   

सफाई कर्मी ने ट्रेन के सामने कूदकर दी जान
कपसेठी थाना क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेवापुरी के सामने मंगलवार अपराह्न 3.30 बजे ट्रेन के सामने कूदकर सफाईकर्मी संजय कुमार (55) ने जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कपसेठी थानाध्यक्ष सधुवन राम गौतम ने बताया कि ऊपरवार गांव निवासी संजय परिवार में किसी बात से नाराज होकर रेलवे ट्रैक पहुंचा और स्पेशल ट्रेन के नजदीक आते ही कूद गया। उसे दो बेटियां, एक बेटा है। पत्नी अनीता का रो-रोकर बुरा हाल रहा। 

मारपीट के मामले में दोनों पक्षों पर मुकदमा
भोजूबीर सरसौली में पारिवारिक विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। मंगलवार को दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित राजेश सोनकर ने पुलिस को बताया कि 31 अगस्त को गोपाल सोनकर, निखिल सोनकर, अखिल सोनकर, उज्जवल सोनकर, पवित्र सोनकर और दो अज्ञात ने हमला किया। दूसरे पक्ष से पीड़ित गोपाल सोनकर ने पुलिस को बताया कि राजेश सोनकर, बेटे ऋतिक और रोशन के साथ ही उनकी बेटियां अनीषा और रिसा ने हमला किया। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों का केस दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है। 

करंट की चपेट में आने से ई-रिक्शा चालक की मौत
सिगरा थाना क्षेत्र के चंदुआ छित्तूपुर में मंगलवार सुबह करंट की चपेट में आने से ई-रिक्शा चालक राजकुमार राजभर (35) की मौत हो गई। काशी विद्यापीठ पुलिस चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे, लेकिन परिजनों ने किसी भी कार्रवाई से इन्कार कर दिया। छित्तूपुर निवासी राजकुमार ने सोमवार रात ई-रिक्शा को चार्जिंग में लगाया था। सुबह बोर्ड से प्लग निकालने के दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। परिजन उसे लेकर मंडलीय अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। राजकुमार के तीन बच्चे हैं।  

नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले गया स्कूल बस चालक
जैतपुरा थाना क्षेत्र में एक बस चालक पर किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगा है। किशोरी के भाई ने जैतपुरा थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। उसने बताया कि आलोक बिहार कॉलोनी फेज-1 में रहने वाला संदीप प्रजापति एक स्कूल में बस चलाता है। शनिवार सुबह छह बजे बहन को लेकर चला गया। एसओ जैतपुरा बृजेश मिश्रा ने बताया कि आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।  

नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले भागा स्कूल बस चालक
जैतपुरा थाना क्षेत्र में किशोरी को बहला-फुसलाकर स्कूल बस का चालक लेकर भाग निकला। किशोरी के भाई ने जैतपुरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया। अशोक विहार कॉलोनी फेज-1 में स्कूल के पास रहने वाले युवक ने बताया कि स्कूल के वाहन चालक संदीप प्रजापति शनिवार सुबह छह बजे बहन को अगवा कर भाग निकला। जैतपुरा थानाध्यक्ष बृजेश मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। किशोरी की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं।  

कतुआपुरा से किशोरी अगवा, केस दर्ज
कोतवाली थाना क्षेत्र के कतुआपुरा निवासी किशोरी को क्षेत्र के युवक ने अगवा कर लिया। किशोरी के पिता ने मंगवार को कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पिता ने पुलिस को बताया कि 30 अगस्त की शाम बेटी अचानक घर से लापता हो गई। देर रात तक खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। मोहल्ले और परिचितों से पूछताछ के दौरान जानकारी मिली कि क्षेत्र का रहने वाला एक युवक ही बेटी को अगवा कर ले गया है। इंस्पेक्टर दया शंकर सिंह ने बताया कि किशोरी की खोजबीन की जा रही है।  

कोचिंग जाते समय छात्रा के साथ छेड़खानी में केस दर्ज
दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के कोदई चौकी के पास छात्रा के साथ छेड़खानी में मंगलवार रात दशाश्वमेध थाने में केस दर्ज किया गया। छात्रा का आरोप है कि कोचिंग से आते जाते समय शिवपुर का रहने वाला गोविंद मणि त्रिपाठी परेशान और छेड़खानी करता है। दशाश्वमेध इंस्पेक्टर विजयनाथ शुक्ला ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।  

12 जेनरेटर के हेड और कॉपर के तार चोरी
शिवपुर। थाना क्षेत्र के अशोक पुरम कॉलोनी में डीह बाबा मंदिर के पास टिनशेड में रखे लॉन संचालक के 12 जेनरेटर के हेड और कॉपर के तार चोरी हो गए। मीरापुर बसही निवासी लॉन संचालक महेश्वर सिंह ने मंगलवार को तहरीर दी। सीसी कैमरे की फुटेज में 29 अगस्त की दोपहर 11 बजे के करीब एक युवक चोरी करते दिखा है। शिवपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। संवाद

अमूल में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का आरोपी गिरफ्तार
करखियांव में अमूल डेयरी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर रुपये ऐंठने के आरोपी जितेंद्र मिश्रा को सुरही मोड़ सरपतहा पोखरा के पास से गिरफ्तार किया। इंस्पेक्टर फूलपुर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि रघुनाथपुर निवासी मिठ्ठू राम ने केस दर्ज कराया था। आरोप था कि बेटी को अमूल डेयरी में नौकरी दिलाने के नाम पर जितेंद्र ने 3. 33 लाख रुपये लिए। फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी दिया था। डेयरी पहुंचने पर धोखाधड़ी की पोल खुली।  

पति समेत 7 पर केस दर्ज
विवाहिता ने पति समेत सात लोगों पर दहेज उत्पीड़न और अन्य आरोपों में बड़ागांव थाने में सोमवार को केस दर्ज कराया। इंदरपुर गांव की पूजा देवी ने पुलिस को बताया कि पति सोनू गोड़, सास मनोरमा देवी, देवर अनिल, चचिया ससुर दिनेश, दिलीप गोड़, जेठ राजेंद्र गोड़, जेठानी पूजा दहेज में एक लाख नकद और एक बाइक की मांग को लेकर प्रताड़ित करते हैं। थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। उधर, बड़ागांव थाना क्षेत्र की विवाहिता ने पति पर पिटाई और घर से निकालने के मामले में मंगलवार को केस दर्ज किया गया। थाना क्षेत्र के पलिया शंभुपुर निवासी पीड़िता ने पुलिस को बताया कि मिर्जापुर के तुकीहा गांव निवासी पति अरविंद उसका उत्पीड़न करता है।  

तीन अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर का केस दर्ज
चितईपुर पुलिस ने तीन अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर के तहत मुकदमा दर्ज किया है। चितईपुर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि रवि गांगुली उर्फ मंटू उर्फ अनुराग गांगुली निवासी अंबेडकर नगर करौंदी, पिंटू केसरी के मकान में चितईपुर में किराये पर रहता है। इंद्रजीत निवासी करौंदी और रितिक गुप्ता निवासी बबुरी चंदौली के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जनवरी में तीनों ने इंदिरा नगर कॉलोनी में चोरी की थी।  

किशोरी को अगवा करने के मामले में केस दर्ज
शिवपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली किशोरी के अगवा करने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को केस दर्ज किया। पीड़ित पिता ने पुलिस को बताया कि 29 अगस्त की शाम बेटी घर से लापता थी। आसपास के लोगों ने बताया कि दोपहर में बेटी घर से निकली और वापस नहीं लौटी।  

अपहरणकर्ता गिरफ्तार, दूसरी बार जेल गया
किशोरी को अगवा करने के आरोपी रौनक अहमद को मिर्जामुराद पुलिस ने मंगलवार को मेंहदीगंज अंडरपास से गिरफ्तार किया। साथ ही किशोरी को बरामद किया। आरोपी को कोर्ट ने जेल भेज दिया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि 17 अगस्त को किशोरी को बड़ागांव थाना क्षेत्र के रसुलपुर गांव निवासी रौनक ने अगवा किया था। पिता की तहरीर पर अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी रौनक अहमद पूर्व में भी किशोरी के अपहरण मामले में जेल जा चुका है, जेल से छूटने के बाद उसने दूसरी बार अपहरण किया। संवाद

महिला से छेड़खानी का आरोपी गिरफ्तार
महिला से छेड़खानी के आरोपी आकाश कुमार उर्फ भोलू निवासी मलहिया टोला को रामनगर पुलिस ने मंगलवार को बंधा रोड से गिरफ्तार किया। पीड़ित ने बताया कि पहले से परिचित भोलू उसके घर सोमवार रात में रुका और पत्नी से छेड़खानी की। डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बताया कि छेड़खानी के आरोपी आकाश कुमार उर्फ भोलू को गिरफ्तार किया गया है।  

एसबीआई योनो अपडेट के नाम पर छह लाख की साइबर ठगी
साइबर जालसाजों ने एसबीआई योनो को अपडेट करने के बहाने सुशील राय के बैंक खाते से छह लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी की। व्हाट्सएप पर आए एपीके फाइल पर जैसे ही पीड़ित ने क्लिक किया मोबाइल हैंग हो गया। इसके बाद खाते से 6,04,703 रुपये निकल गए। 30 अगस्त को साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज किया। रोहनिया थाना क्षेत्र के हरिहरपुर एनआईपी राज रेजिडेंसी निवासी सुशील कुमार राय ने साइबर क्राइम थाने की पुलिस को बताया कि 29 जुलाई को व्हाट्सएप पर मैसेज आया था। छह लाख की धोखाधड़ी के कारण प्रार्थना पत्र को साइबर क्राइम थाने में ट्रांसफर किया गया। साइबर क्राइम पुलिस ने बताया कि सुशील राय के मुकदमे की विवेचना की जा रही है।  

जमीन विवाद में धोखाधड़ी का केस दर्ज
कूटरचित दस्तावेज से जमीन हड़पने के मामले में पीड़ित राजेश पांडेय ने कैंट थाने में मंगलवार को पांच के खिलाफ केस दर्ज कराया।जौनपुर के नेवढि़या थाना क्षेत्र के करमउवा निवासी राजेश पांडेय ने पुलिस को बताया कि सिगरा के शिवपुरवा में एक मकान 1971 में 75,000 रुपये में खरीदा था। हीरामनी देवी, सुशीला देवी और अमरावती देवी का बराबर-बराबर का हिस्सा था। सुशीला और अमरावती की मृत्यु के बाद उनका हिस्सा वारिसों के नाम दर्ज हुआ। बुजुर्ग रामनारायण पांडेय को प्रभाव में लेकर उनके पुत्र कृष्ण ने पत्नी इंदुबाला पांडेय के पक्ष में भूमि का दानपत्र करवा दिया, जबकि हकीकत में रामनारायण का हिस्सा कम था। दान पत्र फर्जी तरीके से 21 जुलाई 2025 को उप निबंधक तृतीय कार्यालय में तैयार कराया गया। कर्मचारियों की मिलीभगत भी सामने आई है। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत ने बताया कि इस मामले में कृष्ण कुमार पांडेय, इंदुबाला पांडेय, रामनारायण पांडेय, यामिनाथ चौहान, सौरभ उपाध्याय समेत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।  

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed