वाराणसीः दुष्कर्म के बाद छात्रा की गला कसकर प्रेमी ने की थी हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार
घर से लापता बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा का शव शुक्रवार को रोहनिया क्षेत्र के एक गांव में खेत किनारे झाड़ियों में मिला था। उसकी हत्या बेहद निर्मम तरीके से की गई थी। पुलिस ने रविवार को हत्यारोपी गोपी को गिरफ्तार कर लिया।
विस्तार
वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र के हाईवे स्थित एक गांव की रहने वाली छात्रा की हत्या के मामले में हत्यारोपी इनामी को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। माधोपुर में छात्रा की हत्या से पहले प्रेमी ने उसके साथ दुष्कर्म किया था और फिर दुपट्टे से गला कसकर मौत के घाट उतारा।
हत्यारोपी 25 हजार के इनामी प्रेमी गोपी को पुलिस ने रविवार सुबह लठिया तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से छात्रा की साइकिल और मोबाइल बरामद भी किया गया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने स्वीकारा कि छात्रा से वह प्यार करता था। दूसरे लड़के से बातचीत के शक में दुपट्टे से गला कसकर छात्रा की हत्या कर दी। वहीं रोहनिया पुलिस आरोपी पर रासुका के तहत कार्रवाई करने की तैयारी में है।
सीओ सदर डॉ. चारू द्विवेदी ने बताया कि लंका थाना क्षेत्र की छात्रा का शव शुक्रवार को रोहनिया थाना अंतर्गत माधोपुर स्थित खेत की झाड़ियों में मिला था। तफ्तीश में जानकारी हुई कि शिवपुर पंचक्रोशी रोड स्थित अष्टभुजा कॉलोनी निवासी गोपी का छात्रा से प्रेम प्रसंग चल रहा था। गोपी की बुआ का घर छात्रा के पड़ोस में था। इसकी भनक छात्रा के परिजनों को हुई तो कड़ाई कर दी गई।
छह माह पूर्व लंका थाने के रमना चौकी पर छात्रा के भाई ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत की थी। इस बीच दोनों पक्ष में समझौता कराया गया था। दो सितंबर को गोपी ने छात्रा को फोन करके मिलने के लिए महाविद्यालय बुलाया और यही से दोनों साइकिल से माधोपुर पहुंचे। पुलिस की पूछताछ में गोपी ने बताया कि कि छात्रा ने बताया था कि परिजनों को शक हो गया।
तुम पुराने वाले नंबर पर फोन मत किया करो। मुझे दूसरा सिमकार्ड लाकर दे दो। पुलिस को गोपी ने बताया कि इस बात पर मेरा शक और गहरा गया। छात्रा के साथ दुष्कर्म किया और फिर दुपट्टा से गला कस दिया था।
रोहनिया थाने में प्रकरण के बाबत सीओ सदर डॉ. चारू द्विवेदी ने बताया कि आरोपी गोपी 2016 में नाबालिग के साथ दुष्कर्म मामले में जेल जा चुका था। छात्रा की हत्या में गोपी का नाम आने पर पुलिस ने उस पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था। अब उस पर रासुका लगाने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस के खुलासे पर परिजनों ने जताई नाराजगी
रोहनिया पुलिस के खुलासे पर परिजनों ने सवाल खड़ा किया। कहा कि हमारी बेटी कराटे अच्छी तरह से जानती थी। अकेला युवक उसके साथ कुछ नहीं कर सकता था। इस घटना में अन्य लोग भी शामिल होंगे। इसकी जांच की जाए। इस पर सीओ सदर ने परिजनों को आश्वस्त किया कि आरोपी ने खुद स्वीकारा कि अकेले ही घटना को अंजाम दिया और युवती उसके विश्वास में थी।