फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi streets and roads will be named of Bharat Ratna Ustad Bismillah Khan and Padma Vibhushan Girija Devi

Varanasi News: बिस्मिल्लाह खां और गिरिजा देवी के नाम से होंगी काशी की सड़कें-गलियां, नगर निगम सदन ने लगाई मुहर

Wed, 19 Mar 2025 10:01 AM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: प्रगति चंद Updated Wed, 19 Mar 2025 10:01 AM IST
सार

भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां और पद्म विभूषण गिरिजा देवी के नाम से काशी की सड़कों-गलियों का नामकरण होगा। इस पर नगर निगम सदन ने मुहर लगा दी है। कंठे महाराज, पंडित किशन महाराज, सिद्धेश्वरी देवी, जद्दन बाई, सामता प्रसाद उर्फ गुदई महाराज, डॉ जयशंकर दुबे के नाम का प्रस्ताव भी आया है।

विज्ञापन
Varanasi streets and roads will be named of Bharat Ratna Ustad Bismillah Khan and Padma Vibhushan Girija Devi
नगर निगम सदन में बैठक करते मेयर अशोक कुमार तिवारी - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

वाराणसी शहर की सड़कों और गलियों के नामकरण भारत रत्न, पद्मश्री और पद्म विभूषण के नाम से होंगे। इस पर नगर निगम सदन ने मंगलवार को मुहर लगा दी। मेयर अशोक कुमार तिवारी ने मामले से जुड़े कार्यकारिणी के सदस्य व भाजपा पार्षद मदन मोहन दुबे के प्रस्ताव काे अनुमोदित किया। मेयर ने कहा कि शहर की सड़कों, गलियों के शिलापट्टों पर संगीतकार, कलाकार, महान विभूतियों के नाम लिखे जाएं।

विज्ञापन


नगर निगम सदन की बैठक मंगलवार को मेयर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में टाउनहॉल में हुई। पौने एक बजे से बैठक शुरू हुई, जो शाम साढ़े छह बजे तक चली। मेयर ने गिरिजा देवी, उस्ताद बिस्मिल्लाह खां, कंठे महाराज, पंडित किशन महाराज, सिद्धेश्वरी देवी, जद्दन बाई, सामता प्रसाद उर्फ गुदई महाराज, डॉ जयशंकर दुबे नाम से सड़कों, गलियों के नामकरण की मंजूरी दी है। 
विज्ञापन


बैठक के दौरान खुले में मांस की बिक्री का मामला उठा। इस पर पशु चिकित्सा अधिकारी को सदन की डांट सुननी पड़ी। पेड़-पौधों का रखरखाव में लापरवाही पर उद्यान अधीक्षक को भी फटकार लगी। मेयर ने कहा कि मच्छरों का प्रकोप कम करने के लिए शहर में फागिंग कराई जाए। इसके लिए बेहतर केमिकल इस्तेमाल किया जाए। पौधरोपण पर विशेष ध्यान दिया जाए। जनभागीदारी पर जोर जरूरी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

भाजपा पार्षद बोले- तालाब पाटकर बनाया सनबीम स्कूल, मेयर ने 15 दिन में जांच रिपोर्ट मांगी

नगर निगम सदन की बैठक में मंगलवार को कार्यकारिणी के सदस्य और भाजपा पार्षद मदन मोहन दुबे ने प्रस्ताव दिया। पार्षद ने बताया कि लहरतारा स्थित सनबीम स्कूल सरकारी तालाब को पाटकर बनाया गया है। इस बारे में स्थानीय लोगों ने भी बताया है। यह तालाब वर्तमान में नगर निगम की संपत्ति है। कार्यकारिणी के सदस्य ने सदन को बताया कि सनबीम स्कूल भगवानपुर, अन्नपूर्णा नगर, सनबीम सनसिटी करसड़ा, सनबीम वरुणा सहित और भी जो स्कूल हैं, उसकी जांच राजस्व टीम से कराई जाए।

नगर निगम की जमीन कब्जे में ली जानी चाहिए। इस पर मेयर अशोक कुमार तिवारी ने नगर आयुक्त अक्षत वर्मा को 15 दिन के भीतर जांच कराकर रिपोर्ट देने के लिए कहा है। पार्षद मदन मोहन दुबे के अनुसार मेरे प्रस्ताव पर मेयर ने जांच करने को कहा है। सभी स्कूल नाले या नगर निगम की नजूल की संपत्ति पर हैं या नहीं, इसकी पूरी रिपोर्ट सदन में पेश की जाएगी।

घर पर प्रैक्टिस करने पर डॉक्टरों को नहीं देना होगा लाइसेंस शुल्क
शहर के कई डाक्टर घर पर प्रैक्टिस करते हैं। जिन पर नगर निगम की ओर से लाइसेंस शुल्क लगाया जाता है। इस पर चर्चा के बाद मेयर ने कहा कि घर पर प्रैक्टिस करने वाले डाक्टरों से लाइसेंस शुल्क नहीं लिया जाएगा। इस मामले में आईएमए से जुड़े डाक्टरों ने मेयर से मुलाकात की थी और राहत दिलाने की मांग रखी थी।

होटल और लॉज का संचालन उपविधि के जरिये होगा

शहर के होटल और लॉज का संचालन नगर निगम उपविधि से होगा। अधिक कूड़ा निकालने वालों से अधिक यूजर चार्ज लिया जाएगा। कम कूड़ा निकालने वालों से कम यूजर चार्ज लिया जाएगा।

पानी का मुद्दा उठाया, हैंडपंप-स्टैंड पोस्ट खराब
उपसभापति नरसिंह दास ने गर्मी को देखते हुए पानी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कई हैंडपंप खराब हैं। कई रिबोर होने हैं। स्टैंड पोस्ट खराब हैं। कुओं की सफाई भी नहीं हुई। कुछ इलाकों में दूषित जलापूर्ति हो रही है। कई अन्य पार्षदों ने भी पानी का मुद्दा उठाया। इस पर मेयर ने हैंडपंपों के रिबोर, कुओं की सफाई, दूषित जलापूर्ति सहित अन्य दिक्कतों को दूर करने को कहा। साथ ही 15 दिनों में हैंडपंपों को रिबोर करने और दो दिन के भीतर पानी के दिक्कतों वाले वार्ड के इलाकों की सूची मांगी।

सीवर, स्ट्रीट लाइट और पार्षद कोटा के कार्य मुद्दा छाया
बैठक में सीवर, स्ट्रीट लाइट और पार्षद कोटा का मुद्दा छाया रहा। पार्षदों ने स्ट्रीट लाइट की क्वालिटी और खराब होने की सूचना देने के बाद भी मरम्मत न किए जाने की जानकारी दी। कई इलाकों में सीवर की समस्या के बारे में बताया। पार्षद कोटे का काम न होने पर मेयर ने नाराजगी जताई। इस दौरान पार्षद संदीप यादव और मेयर के बीच तीखी बहस हुई। मेयर ने सभी समस्याओं को दूर करने के निर्देश दिए।

सफाई सुपरवाइजर आशुतोष पाठक पर कार्रवाई के दिए निर्देश

पार्षद नरसिंह दास ने बताया कि होली वाले दिन सफाई सुपरवाइजर आशुतोष पाठक क्षेत्र से नदारद रहे। यहां चौसट्टी देवी के दर्शन पूजन के दौरान गलियों में गंदगी रही। बार बार फोन कर बुलाने पर नहीं आए और गलत लोकेशन देते रहे। इस पर मेयर ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

एक समान हो लाइसेंस व दुकान का किराया
सपा पार्षद हारून अंसारी ने किराये पर सवाल उठाया और कहा कि लाइसेंस, दुकानों का किराया एक समान किया जाए। सर्किल रेट की वजह से दुकानों का किराया एक समान नहीं है। उन्होंने सर्किल रेट पर किराया दर बढ़ाने पर आपत्ति दर्ज कराई। पार्षद सुरेश कुमार चौरसिया ने बार कोड के बारे में सवाल उठाए। बार कोड से हो रही वसूली की जानकारी मांगी गई। पार्षद अमरदेव यादव और प्रमोद राय ने कहा कि कई बार निर्णय लेने के बाद भी वार्डों में एक मिस्त्री, दो लेबर और निर्माण सामग्री नहीं रखी जा रही है।

सपा पार्षद ने ऑडियो क्लिप सुनाई, मेयर ने बैठाई जांच

लोहता की सपा पार्षद रिजवाना शाहिना फिरदौस नोमानी ने सदन में एक ऑडियो क्लिप पेश की। इसमें वार्ड की सफाई के लिए सफाई इंस्पेक्टर से बातचीत का अंश था। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला अधिकारी पार्षदों से ठीक ढंग से बात नहीं करती हैं। इस पर मेयर ने जांच कर बैठा दी। ऑडियो में पार्षद पति और एक महिला इंस्पेक्टर की बातचीत है।

पट्टे पर दिए जाएंगे तालाब
सदन को बताया गया कि नगर निगम सीमा के 134 तालाब हैं। नवविस्तारित इलाकों के 250 तालाब और धार्मिक प्रवृत्ति के 44 तालाबों की सूची बनी है। इनमें धार्मिक प्रवृत्ति के तालाब को छोड़कर बाकी तालाबों को मत्स्य विभाग के कानून के अनुसार पट्टे पर दिया जाएगा। इससे तालाबों की बेहतर तरीके से देखभाल होगी। साथ ही नगर निगम की आय बढ़ेगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed