Varanasi News: काशी में बारिश से 100 वार्डों की 800 स्ट्रीट लाइटें खराब, सड़कों पर अंधेरा; मिले 7-7 लाख रुपये
Varanasi News: वाराणसी में बारिश के कारण 100 वार्डों की करीब 800 स्ट्रीट लाइटें खराब हो गई हैं। इन्हें बदलने और मरम्मत के लिए नगर निगम ने प्रत्येक वार्ड को सात-सात लाख रुपये आवंटित किए हैं। जल्द ही खराब लाइटों को बदलने का काम शुरू होगा, ताकि लोगों को रात में बेहतर रोशनी और सुरक्षित आवागमन मिल सके।
विस्तार
बारिश के चलते शहर के 100 वार्डों की करीब 800 स्ट्रीट लाइटें खराब हो गई हैं। कहीं एलईडी खराब हो गई हैं तो कहीं कंट्रोल बॉक्स में पानी भर जाने से दिक्कत आ रही है। इस मौसम में नमी और बारिश के कारण विद्युत उपकरणों में खराबी बढ़ जाती है, जिसका असर स्ट्रीट लाइटों पर भी पड़ रहा है।
मुढ़ैला और बौलिया मार्ग की स्ट्रीट लाइटें नहीं जल रही हैं। इसी प्रकार लहरतारा क्षेत्र में भी कई स्ट्रीट लाइटें बंद हैं। रात में अंधेरा रहने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। सुंदरपुर चौराहे से भिखारीपुर मार्ग तक भी स्ट्रीट लाइटें नहीं जल रही हैं। महमूरगंज, फुलवरिया फोरलेन, चौकाघाट फ्लाईओवर, ककरमत्ता आरओबी, मंडुवाडीह आरओबी सहित कई इलाकों में भी स्ट्रीट लाइटें बंद हैं।
अमूमन हर वार्ड में सात से आठ स्ट्रीट लाइटें खराब हैं। शिकायतों के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। ऐसे में कई लाइटें या तो बंद हैं या पूरी तरह खराब हो चुकी हैं। प्रत्येक वार्ड को सात-सात लाख रुपये मिलने के बावजूद पुरानी और खराब लाइटों को बदला नहीं जा रहा है। हर बार उनकी मरम्मत कर काम चलाया जा रहा है। इस समय शिकायतों की संख्या बढ़ गई है। पुराने पोलों पर लगी स्ट्रीट लाइटों में नमी के कारण अधिक दिक्कत आ रही है।
नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि स्ट्रीट लाइट खराब होने की सूचना मिलते ही उसकी मरम्मत कराई जाती है। हमारी टीम निरीक्षण कर लाइटों को दुरुस्त कराती है। यह सतत प्रक्रिया है। मौसम में बदलाव और नमी के कारण स्ट्रीट लाइटों में कार्बन जमने की समस्या आ रही है। लल्लापुरा के पार्षद हारून अंसारी ने बताया कि उनके वार्ड में आठ से 10 स्ट्रीट लाइटें खराब हैं।
सभी वार्डों में नई स्ट्रीट लाइटें लगवाने के लिए धनराशि जारी की गई है। खराब स्ट्रीट लाइटों को जल्द दुरुस्त कराने के लिए आलोक विभाग को निर्देश दिए गए हैं। - अशोक कुमार तिवारी, मेयर