वाराणसी: कराटे चैंपियनशिप के 30 मिनट बाद ही घटा खिलाड़ियों का तनाव, बीएचयू की रिसर्च में खुलासा
बीएचयू के शोध में 97 राष्ट्रीय स्तर के कराटे खिलाड़ियों की मानसिक स्थिति का अध्ययन किया गया। प्रतियोगिता के 30 से 40 मिनट बाद अवसाद, चिंता और तनाव के औसत स्कोर में कमी दर्ज की गई। अति गंभीर अवसाद श्रेणी के खिलाड़ियों की संख्या सात से घटकर दो रह गई।
विस्तार
राष्ट्रीय स्तर की कराटे प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के बाद खिलाड़ियों की मानसिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला। प्रतियोगिता समाप्त होने के महज 30 से 40 मिनट बाद ही खिलाड़ियों में चिंता, तनाव और अवसाद का स्तर कम हो गया। यह खुलासा काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के शारीरिक शिक्षा विभाग के शोध में हुआ है। शोधकर्ताओं ने 97 कराटे खिलाड़ियों पर अध्ययन कर प्रतियोगिता से पहले और बाद की मानसिक स्थिति का आकलन किया।
97 खिलाड़ियों पर किया गया अध्ययन
बीएचयू के कला संकाय स्थित शारीरिक शिक्षा विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. लिनेत खक्का, रोशन मौर्या और स्टैंजिन कुंफेल ने यह शोध किया। इसके लिए खिलाड़ियों की प्रतियोगिता शुरू होने से एक घंटे पहले और समाप्त होने के 30 से 40 मिनट बाद मानसिक स्थिति की जांच की गई।
अध्ययन में डिप्रेशन, एंग्जायटी एंड स्ट्रेस स्केल (डीएएसएस-21) प्रश्नावली का इस्तेमाल किया गया। इसमें अवसाद, चिंता और तनाव से जुड़े सवाल शामिल थे।
तीनों स्तरों में आई कमी
शोध के अनुसार, प्रतियोगिता से पहले खिलाड़ियों में अवसाद का औसत स्कोर 9.03 था, जो प्रतियोगिता के बाद घटकर 7.64 रह गया। इसी तरह चिंता का स्कोर 9.31 से घटकर 8.11 और तनाव का स्कोर 9.23 से घटकर 8.03 हो गया।
अति गंभीर श्रेणी में सात से दो खिलाड़ी
अध्ययन में मानसिक स्थिति की अलग-अलग श्रेणियों में भी बदलाव सामने आया। प्रतियोगिता से पहले अवसाद की श्रेणी में शामिल खिलाड़ियों की संख्या 11 थी, जो बाद में घटकर सामान्य श्रेणी में आ गई। वहीं, सामान्य श्रेणी के खिलाड़ियों की संख्या 11 से बढ़कर 24 हो गई। अति गंभीर श्रेणी में शामिल खिलाड़ियों की संख्या सात से घटकर दो रह गई।
तनाव के मामले में भी प्रतियोगिता से पहले ज्यादा गंभीर श्रेणी में शामिल छह खिलाड़ी प्रतियोगिता के बाद इस श्रेणी में नहीं मिले।
प्रदर्शन और परिणाम की अनिश्चितता बढ़ाती है दबाव
शोधकर्ताओं के अनुसार, प्रतियोगिता से पहले प्रदर्शन और परिणाम को लेकर अनिश्चितता खिलाड़ियों पर मनोवैज्ञानिक दबाव बढ़ा सकती है। खेल शुरू होने से पहले जीत-हार और अपने प्रदर्शन को लेकर चिंता बनी रहती है। प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद इस दबाव में कमी देखने को मिली।
यह शोध स्कोपस में सूचीबद्ध जीएमआर जर्नल में प्रकाशित हुआ है।
