फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi news Two solvers and one candidate jailed threatened obscene photos and videos viral

एक क्लिक में वाराणसी की 20 खबरें : दो सॉल्वर और एक अभ्यर्थी को जेल, अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की दी धमकी

Tue, 07 Jan 2025 03:57 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Tue, 07 Jan 2025 03:57 AM IST
सार

यूपी सीसीएससीआर परीक्षा में पुलिस ने दो साॅल्वर और एक अभ्यर्थी को पकड़ा था। सोमवार को उनका चालान कर दिया गया। वहीं, गिलट बाजार क्षेत्र की एक छात्रा के पिता ने शिवपुर थाने में दो युवकों के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत और धमकाने सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi news Two solvers and one candidate jailed threatened obscene photos and videos viral
वाराणसी में आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

यूपी सीसीएससीआर परीक्षा में रविवार को लालपुर पांडेयपुर और रोहनिया थाने की पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए दो सॉल्वर और एक अभ्यर्थी का चालान किया गया। लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस द्वारा गिरफ्तार सॉल्वर बिहार के नेवादा जिले के ढाई बीघा गांव निवासी शुभम कुमार के पास से फर्जी पैन कार्ड और अभ्यर्थी ओम पांडेय के नाम का प्रवेश पत्र बरामद हुआ है। 

विज्ञापन


रोहनिया थाने की पुलिस द्वारा गिरफ्तार बिहार के मुंगेर जिले तिलकारी गांव के विनीत कश्यप और प्रयागराज के सराय गोपाल भदरी गांव के मंजीत पटेल के पास से दो प्रवेश पत्र और एक फर्जी पैन कार्ड बरामद हुआ है। विनीत प्रयागराज के अभ्यर्थी अंजनी प्रताप की जगह परीक्षा दे रहा था। मंजीत की जगह सॉल्वर परीक्षा देकर जा चुका था।
विज्ञापन


बैंक से 25 लाख लोन लेकर बंधक रखी जमीन को बेचा
बैंक से 25 लाख रुपये लोन लेकर बंधक रखी जमीन को बेचने के आरोप में चंदौली के नई बस्ती, अलीनगर निवासी उदय प्रताप सिंह के खिलाफ लक्सा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई नदेसर स्थित इंडियन बैंक के अंचल प्रबंधक की तहरीर के आधार पर की गई है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


अंचल प्रबंधक ने बताया कि मेसर्स रिया इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर उदय प्रताप सिंह ने वर्ष 2015 में उनके बैंक से 25 लाख रुपये लोन लिया था। लोन के बदले में उदय ने अलीनगर स्थित अपनी जमीन को बंधक रखा। पता लगा है कि बंधक रखी गई जमीन को उदय प्रताप सिंह ने वर्ष 2021 में बेच दिया है। इस तरह से उन्होंने बैंक के साथ धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और नुकसान पहुंचाने का काम किया है। 

43.75 लाख रुपये हड़पने के आरोप में मुकदमा दर्ज
गाजीपुर के सिधौना निवासी गुलशन गुप्ता के प्रार्थना पत्र पर कोर्ट के आदेश से कैंट थाने में तीन लोगों के खिलाफ 43.75 लाख रुपये हड़पने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों में चंदापुर का आदित्य गुप्ता उर्फ नंदलाल, साइन सिटी का डायरेक्टर और एक अज्ञात का नाम शामिल है। 

गुलशन ने बताया कि आदित्य से उनकी मुलाकात वर्ष 2018 में हुई थी। आदित्य उन्हें कचहरी स्थित साइन सिटी कंपनी के कार्यालय लाया और जमीन में निवेश कर पैसा कमाने का ऑफर दिया। उन्होंने आदित्य की बात पर विश्वास कर 43 लाख 75 हजार रुपये का निवेश किया। मगर, उन्हें न आज तक पैसा मिला और न जमीन मिली। इस संबंध में कैंट थाने की पुलिस से शिकायत की गई तो सुनवाई नहीं हुई। नतीजतन उन्हें कोर्ट की शरण में जाना पड़ा। 

अश्लील फोटो-वीडियो भेज कर दी वायरल करने की धमकी, मुकदमा
गिलट बाजार क्षेत्र की एक छात्रा के पिता ने शिवपुर थाने में दो युवकों के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत और धमकाने सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

छात्रा के पिता ने बताया कि उनकी पुत्री को दो साल पहले आकाश नाम का युवक परेशान करता था। पुलिस से शिकायत की बात कहने पर उसने उनकी बेटी को परेशान करना बंद कर दिया। इसी तरह दिव्यांश भी उनकी बेटी को कॉल कर परेशान करता था। गत दो जनवरी को आकाश ने व्हाट्स एप पर उनकी पुत्री का अश्लील फोटो और वीडियो भेज कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इस संबंध में शिवपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि साइबर सेल की मदद से दोनों युवकों की तलाश की जा रही है। 

कमरे में घुसकर देवर ने की छेड़खानी, मुकदमा दर्ज
कच्चियवां मोहल्ला, चौकाघाट क्षेत्र में रहने वाले एक महिला के कमरे में घुस कर उसके देवर ने छेड़खानी की। महिला ने बताया कि उसका पति घर पर नहीं था। किसी तरह से वह देवर को धक्का देकर अपने कमरे से बाहर भाग गई। इस पर उसके देवर ने धमकाया कि वह उसे नहीं छोड़ेगा। महिला की तहरीर पर उसके देवर के खिलाफ जैतपुरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

कोर्ट के आदेश पर डेढ़ साल बाद हत्या का मुकदमा दर्ज
अदालत के आदेश पर फूलपुर थाने की पुलिस ने एक युवक की हत्या के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। फूलपुर थाना क्षेत्र के कठिराव निवासी राकेश दूबे ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया था। राकेश के अनुसार उनका पुत्र कल्पेश दूबे की मौत 15 जून 2023 को बाबतपुर एयरपोर्ट में काम करने के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी। 

कल्पेश ने सगुनहा के अशोक सिंह के अलावा रवि तिवारी और असलम को कुछ युवकों को नौकरी दिलाने के लिए पैसा दिलाया था। युवकों की नौकरी नहीं लगी तो वह अपने पैसे मांगने लगे। इसके चलते 15 जून 2023 को जहर देकर कल्पेश की हत्या कर दी गई। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने अशोक सिंह, रवि तिवारी और असलम के खिलाफ हत्या और आपराधिक षड्यंत्र के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

महिला से चेन चोरी मामले में दो माह बाद केस दर्ज
राजघाट पर छठ पूजा के दौरान हेमलता सिंह की चोरी हुई सोने की चेन के मामले में दो माह बाद आदमपुर थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। अर्दली बाजार टकटकपुर के शिवप्रताप कालोनी निवासी हेमलता सिंह ने बताया कि वह 8 नवंबर की सुबह छठ पूजा के दौरान राजघाट पर गई थी। बीच सोने की चेन चोरी हो गई थी।

चीनी मांझा बेचते हुए महिला दुकानदार गिरफ्तार
खनांव गांव से रोहनिया थाने की पुलिस ने एक महिला दुकानदार को चीन का प्रतिबंधित मांझा बेचते हुए सोमवार को गिरफ्तार किया। महिला की दुकान से 28 किलो चीनी मांझा बरामद हुआ है। महिला की पहचान खनांव गांव की रहने वाली 45 वर्षीय सुनीता के रूप में हुई है। 

पिकअप से 10 संरक्षित पशु बरामद, चालक भागा
रामनगर थाने की पुलिस ने घुरहा नाले के पास हाईवे पर रविवार की रात एक पिकअप से 10 गोवंश बरामद किया। इस बीच पिकअप छोड़ कर चालक अंधेरे में भागने में सफल रहा। गाजीपुर के रजिस्ट्रेशन नंबर वाली पिकअप के मालिक और चालक का रामनगर थाने की पुलिस पता लगा रही है।

पूछताछ के लिए लाई गई महिला भाग गई
पहड़िया स्थित निर्माणाधीन सड़क के किनारे लगाई जा रही लोहे की रेलिंग एक महिला लेकर सोमवार की सुबह ऑटो से भाग गई। क्षेत्रीय लोगों की सूचना पर सारनाथ थाने की पुलिस ने ऑटो चालक और महिला को हिरासत में लिया। सारनाथ थाने की महिला हेल्पडेस्क में तैनात महिला पुलिसकर्मियों को चकमा देकर महिला भाग गई। महिला नई बस्ती पांडेयपुर की और ऑटो चालक काली मंदिर पांडेयपुर का निवासी बताया गया है। इस संबंध में सारनाथ थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। 

घर से निकली किशोरी वापस नहीं आई
बड़ागांव थाना क्षेत्र के एक गांव की 16 वर्षीय किशोरी गत एक जनवरी अपने घर से निकली तो वापस नहीं आई। काफी खोजबीन के बाद उसके पिता ने अज्ञात के विरुद्ध पुत्री के अपहरण के आरोप में बड़ागांव थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस किशोरी की तलाश कर रही है।

चोरी के ऑटो और पार्ट्स के साथ चार गिरफ्तार
चोरी के ऑटो और एक ऑटो के पार्ट्स के साथ राजातालाब थाने की पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मिर्जापुर जिले के सबेरार गांव के करन यादव, जोगी भोगी के इमरान अली व बशारतपुर के अविनाश और बुलंदशहर जिले के मुंडी बकापुर गांव के पृथ्वीराज के रूप में हुई है।

इस संबंध में राजातालाब थानाध्यक्ष अजीत वर्मा ने बताया कि गत 23 दिसंबर की रात राजातालाब क्षेत्र से एक ऑटो चोरी हुआ था। उसी ऑटो के पार्ट्स चारों आरोपी उसे बेचने की तैयारी में थे। आरोपियों ने एक जनवरी को राजातालाब बैंक के सामने से बाइक भी चुराई थी। पुलिस की चेकिंग होने के कारण राजातालाब सब्जी मंडी में बाइक को खड़ा कर आरोपी भाग गए थे। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। 

हृदय गति रुकने से कनिष्ठ लिपिक की मौत
माध्यमिक शिक्षा परिषद क्षेत्रीय कार्यालय में तैनात कनिष्ठ लिपिक मनोज श्रीवास्तव की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। अंतिम संस्कार सोमवार को मणिकर्णिका घाट पर किया गया। मुखाग्नि उनके बड़े बेटे अभिषेक कुमार श्रीवास्तव ने दी। उनकी मौत पर क्षेत्रीय कार्यालय में शोक सभा हुई। शोकं सभा में सेवा निवृत्त अधिकारी कर्मचारी कल्याण संघ के अध्यक्ष डॉ. राम अवतार यादव, महामंत्री मदन मोहन श्रीवास्तव, मंत्री रवि शंकर दूबे आदि मौजूद रहे। 

पतंग कटने पर मारपीट, दी जान से मारने की धमकी
तुलसीपुर महमूरगंज के रहने वाले अधिवक्ता कुमार गौरव सिंह की तहरीर पर उनके छोटे भाई के साथ मारपीट करने के आरोप में चार नामजद और 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। अधिवक्ता के अनुसार गत एक जनवरी को वह और उनका छोटा भाई वैभव सिंह पतंग उड़ा रहे थे। उसी दौरान मकान के सामने रहने वाले प्रिंस सोनकर, विक्की सोनकर, राहुल सोनकर और रोहित सोनकर की पतंग कट गई। इससे नाराज होकर सभी उनके घर में घुसकर मारपीट के साथ धमकी दी।

भाजपा नेता के खिलाफ संपूर्णानंद में बुद्धि-शुद्धि यज्ञ
दिल्ली में विधानसभा प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी द्वारा कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी और महिलाओं पर की गई विवादित टिप्पणी के खिलाफ संपूर्णानंद संस्कृत विवि में एनएसयूआई छात्रों ने बुद्धि-शुद्धि यज्ञ किया। छात्रों ने कहा कि भगवान उनको बुद्धि दे ताकि वह महिलाओं का सम्मान कर सकें। इसमें एनएसयूआई जिला अध्यक्ष शशांक शेखर सिंह, इकाई अध्यक्ष विवेक पांडेय आदि मौजूद रहे। 

ककरमत्ता गांव का रास्ता बंद करने से नाराजगी
बरेका अंडरपास के किनारे से ककरमत्ता गांव जाने वाले रास्ते को बरेका प्रशासन बंद करने की तैयारी में है। सोमवार सुबह ग्रामीणों को भनक लगने पर समूह में महिलाएं मौके पर पहुंच गईं। रास्ता बंद किए जाने का विरोध शुरू कर दिया। हंगामे को देखते हुए आरपीएफ भी पहुंची। महिलाओं और आरपीएफ के बीच नोकझोंक हुई। विरोध को देखते हुए बरेका प्रशासन ने फिलहाल मामला स्थगित कर दिया। वहीं, अधिकारियों के अनुसार रास्ता बंद किया जाएगा।

डॉक्टरेट नंदरतन को मिलेगा म्यांमार का प्रतिष्ठित पुरस्कार
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से डॉक्टरेट भिक्खू नंदरतन महाथेरो को म्यांमार सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार 'सद्धम्मजयोतिकाधज' से सम्मानित करेगा। इसकी घोषणा सोमवार को की गई है। बुद्ध धर्म के प्रचार प्रसार के चलते यह पुरस्कार म्यांमार सरकार के धार्मिक मामलों और संस्कृति मंत्रालय की ओर से दिया जाएगा। डॉ. महाथेरो कुशीनगर में श्रीलंका बुद्ध विहार के अधिपति हैं।

'अशोक वेलफेयर सोसाइटी' के माध्यम से समाज में शिक्षा के प्रचार-प्रसार का कार्य करते हैं। 'पाली सोसाइटी ऑफ इंडिया' के सचिव के रूप में पाली भाषा को भी बढ़ावा दिया है। एक मात्र पत्रिका 'पालि पटिपदा' के संपादक भी हैं। पूर्व में 'अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान' गोमतीनगर, लखनऊ के चेयरमैन रह चुके हैं।

सपा ने दुकानदारों को गुलाब का फूल देकर चीनी मांझे के प्रति किया जागरूक
सपा की ओर से चीनी मांझे की बिक्री पर रोक के लिए सोमवार को अभियान चलाया गया। दालमंडी, औरंगाबाद, पियरी, पीलीकोठी, हनुमान फाटक, विशेश्वरगंज के पतंग दुकानदारों को गुलाब का फूल देकर उन्हें चीनी मांझे के बारे में जागरूक किया। सयुस प्रदेश महासचिव किशन दीक्षित ने कहा कि उनकी पार्टी चीनी मांझे के खिलाफ तब तक आंदोलन चलाएगी जब तक कि यह पूरी तरह से प्रतिबंधित नहीं हो जाता। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे चीनी मांझे का बहिष्कार करें।

पूर्व पार्षद ने सुरक्षा कवच पहन कर चीनी मांझे का किया विरोध
वाराणसी। चीनी मांझे से लगातार हादसे हो रहे हैं। दशाश्वमेध घाट पर सोमवार को सपा के पूर्व पार्षद रविकांत विश्वकर्मा ने जालीदार सुरक्षा कवच पहनकर विरोध जताया। कहा कि सुरक्षा के लिए एक स्टील की जालीदार सुरक्षा कवच खुद पहनकर चल रहें है। पूर्व पार्षद ने दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा से सबकी सलामती के लिए पूजा की। इसके बाद हाथ में सुरक्षा संदेश और सुरक्षा कवच पहन कर गोदौलिया चौराहा होते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर तक गए। रविकांत ने पकड़े गए चीनी मांझे को सार्वजनिक तौर पर नष्ट करने की मांग की।

बलिदानी का पार्थिव शरीर वायु सेवा के विमान से पहुंचा एयरपोर्ट, आज जाएगा बलिया
बलिया के बलिदानी का पार्थिव शरीर सोमवार को लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचा। पुराने टर्मिनल भवन के पास सेना के जवानों ने सशस्त्र सलामी दी। इसके बाद बलिदानी के पार्थिव शरीर को सेना के वाहन से 39जीटीसी के मोर्च्यरी में रखा गया। मंगलवार की सुबह पार्थिव शरीर सेना के वाहन से बलिया जाएगा।

बलिया के सिंकदरपुर जगदरा निवासी लेंस नायक जितेंद्र कुमार यादव (29) की तैनाती 13वीं राष्ट्रीय राइफल के तहत वर्तमान में जम्मू कश्मीर के बांदीपोरा में थी। शनिवार को सर्च ऑपरेशन के दौरान सेना का वाहन खाई में गिर गया। इसमें बलिया का जवान बलिदान हो गया। जम्मू कश्मीर से बलिदानी का पार्थिव शरीर दिल्ली लाया गया था। यहां से वायुसेना के विमान से शाम 4.45 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर लाया गया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed