Varanasi News: नीम के पेड़ से टूटे दो खंभे, 24 घंटे से बिजली गुल, 1200 आबादी परेशान; ग्रामीण को लगी चोट
वाराणसी के ग्रामीण इलाकों में बिजली की समस्या उत्पन्न होने से ग्रामीण परेशान हो रहे हैं। चिरईगांव में हाईटेंशन लाइन के पास नीम के पेड़ की डाल गिर जाने से लोगों को काफी समस्याएं हुईं। 24 घंटे तक आपूर्ति नहीं आई।
विस्तार
Electricity Crisis: बिजली विभाग की ओर से रोज शटडाउन लेकर ट्रांसफॉर्मर और तारों की मरम्मत, उसे बदलने की कार्रवाई लगातार जारी है। इसके बाद भी ट्रिपिंग की समस्या है। चिरईगांव ग्राम पंचायत गौराकला के आराजी नेवादा गांव में 24 घंटे तक बिजली बाधित रही। 1200 ग्रामीणों को परेशानी हो रही है।
नेवादा गांव से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के पास पुराने नीम के पेड़ की वजनी डाल रविवार रात आठ बजे अचानक तार पर गिर गई। इससे दो खंभे टूट कर गिर गए। तारों में बिजली प्रवाहित होने से चिंगारियां निकलने लगीं। प्रधान राजेश कुमार ने पुलिस व विद्युत विभाग के एप सहित एसडीओ को सूचना दी।
खंभा करकट के नीचे सो रहे हीरा नामक ग्रामीण को भी चोटें आईं। एसडीओ विक्रांत का कहना है कि रात में ही टूटे हुए खंभे को अलग कर दिया गया है। कुछ ट्रांसफार्मरों पर आपूर्ति चालू कर दी गई है। चार की आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। नया पोल लगाकर लाइन जोड़ने के लिए विभागीय ठेकेदार को निर्देश दिया गया है।
गर्मी से परेशान हुए लोग
कछवा रोड स्थानीय बाजार के अंडरपास के दक्षिण में लगे 400 केवीए के ट्रांसफार्मर में सोमवार सुबह 8 बजे तेल रिसाव होने के चलते बिजली सप्लाई काट दी गई। जिसके चलते अंडर पास के दक्षिण पटरी पर सैकड़ों घरों की बिजली गुल हो गई।
सुबह 8 से 11 बजे तक बिजली कटौती के चलते लोगों को परेशानी का समाना करना पड़ा। रोहनिया करसड़ा विद्युत उपकेंद्रों के खुशीपुर, ओढ़े में चार घंटे विद्युत आपूर्ति बाधित रही। जेई उमेश चौरसिया ने बताया कि खुशीपुर, औढ़े में 15 टांसफार्मर पर गर्मी से सुरक्षा के लिए एलटी फ्यूज बाक्स लगाया गया है। जिसके लिए चार घंटे विद्युत आपूर्ति बंद था लगाकर आपूर्ति बहाल कर दिया गया।